शुक्रवार, 4 मार्च 2011

जीवन के तीन आधार

जितनी आवश्यकता आत्म-कल्याण की है उतनी ही जीवन के तीन आधारों को स्वस्थ रखने की है । शरीर, मन और समाज यही तीन आधार हैं, जिन पर हमारी जीवन-यात्रा गतिमान् रहती है । शरीर अपंग हो जाए, मन उन्मादग्रस्त हो जाए और संसार में युद्ध, दुर्भिक्ष, महामारी, भूकम्प जैसी आपत्तियाँ उत्पन्न हो जाएँ तो कहाँ तो शान्ति रहेगी और कहाँ प्रगति टिकेगी? आत्म-कल्याण का लक्ष्य भी इन परिस्थितियों में किस प्रकार उपलब्ध हो सकेगा? 

राज-शासन और सामाजिक संस्थाओं द्वारा यह प्रयत्न किसी न किसी रूप में रहता ही है कि जनता का शरीर मन और सामाजिक स्तर सुस्थिर रहे, इसके बिना भौतिक प्रगति के सारे प्रयत्न निष्फल रहेंगे । जिस देश के निवासी बीमारी और कमजोरी से घिरे हों, मनों में अविवेक, अन्धविश्वास, असन्तोष घर किए हुए हो, समाज में द्वेष असहयोग, अनीति, पाप स्वार्थ जैसी प्रवृत्तियाँ पनप रही हों तो उस देश का भविष्य उज्ज्वल कैसे हो सकता है? चाहे कोई देश हो या समाज, गाँव हो या घर, परिवार हो या व्यक्ति जहाँ भी यह असन्तुलन रहेगा, वहाँ न सुख दृष्टिगोचर होगा न शान्ति । पतन और पीड़ा, विक्षोभ और असफलता ही वहाँ फैली-फूटी दिखाई पड़ेगी । 
-वाङ्मय ६६-२-५४ 
-युगऋषि वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पं. श्रीराम शर्मा आचार्य

हमारे दो कार्यक्रम

हम आत्म-कल्याण और युग-निर्माण इन दो कार्यक्रमों को लेकर आगे बढ़ रहे हैं । गाड़ी के दो पहियों की तरह हमारे जीवन के दो पहलू हैं-एक भीतरी दूसरा बाहरी । दोनों के सन्तुलन से ही हमारी सुख-शान्ति स्थिर रह सकती है और इसी स्थिति में प्रगति सम्भव है । मनुष्य आत्मिक दृष्टि से पतित हो, दुर्मति-दुर्गुणी और दुष्कर्मी हो तो बाहरी जीवन में कितनी ही सुविधाएँ क्यों न उपलब्ध हों वह दुःखी ही रहेगा । इस प्रगति की यदि बाह्य परिस्थितियाँ दूषित हैं तो आन्तरिक श्रेष्ठता भी देर तक टिक न सकेगी । असुरों के प्रभुता काल में बेचारे सन्त महात्मा जो किसी का कुछ नहीं बिगाड़ते थे अनीति के शिकार होते रहते थे । भगवान राम जब वनवास में थे तब उन्होंने असुरों द्वारा मारे गये सन्त महात्माओं की अस्थिओं के ढेर लगे देखकर बहुत द़ुःख मनाया । जिस समाज में दुष्टता और र्दुबुद्धि बढ़ जाती है उसमें सत्पुरुष भी न तो अपनी सज्जनता की और न अपनी ही रक्षा कर पाते हैं । इसलिए जीवन के दोनों पहलू ही रथ से जुते हुए दो घोड़ों की तरह संभालने पड़ते हैं । दोनों में ताल-मेल बिठाना पड़ता है । रथ का एक घोड़ा आगे की ओर चले और दूसरा पीछे की तरफ लौटे तो प्रगति अवरूद्ध हो जाती है । इसी प्रकार हमारा बाह्य जीवन और आन्तरिक स्थिति दोनों का समान रूप से प्रगतिशील होना आवश्यक माना गया है ।
-वाङ्मय ६६-२-५३, ५४ 
आत्मा सूक्ष्म है, निराकार है । स्थूल वस्तुओं की सहायता से ही उसका अस्तित्व और आकार सामने आता है । शरीर के आधार पर वह कार्य करता है, मन के आधार पर वह सोचता है और संसार क्षेत्र में गतिशील रहता है । शरीर, मन और संसार यह तीनों ही आत्मा के बाह्य शरीर हैं । इन तीनों की सुव्यवस्था पर आत्मिक स्थिरता निर्भर रहती है । आत्म-कल्याण के लिए ईश्वर उपासना एवं योग साधना की आवश्यकता होती है; यह हमारी अत्यन्त महत्त्वपूर्ण आवश्यकता है । इसकी पूर्ति के लिए ऋषियों एवं शास्त्रों ने हमें कुछ न कुछ समय नित्य लगाते रहने का आदेश दिया है । उपासना और साधना रहित व्यक्ति की आत्मा मलीन और पतनोन्मुख हो जाती है, स्वार्थ और भोग का नशा उसे पाप की नारकीय ज्वाला में घसीट ले जाता है । इसीलिए अपने अस्तित्व का सही रूप जानने और अपने लक्ष्य के प्रति गतिशील रहने के लिए उसे अध्यात्म का सहारा लेना पड़ता है । आत्म-कल्याण का यही मार्ग है । 
-युगऋषि वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पं. श्रीराम शर्मा आचार्य

बुराइयों के विरुद्ध संघर्ष

बुराइयों की होली जलाई जा सकती है । जिस प्रकार रामलीला का कागजी रावण मरता है, सूर्पणखा की हर साल नाक कटती है, होली के अवसर पर होलिका राक्षसी की चिता जलाई जाती है, उसी प्रकार अश्लीलता, नशेबाजी, बेईमानी एवं कुरीतियों की होली जलाई जा सकती है और उनके विरूद्ध जन-मानस में घृणा उत्पन्न की जा सकती है । हमें यह पूरा-पूरा ध्यान रखना होगा कि कोई अशान्ति, उत्तेजना या उपद्रव जैसी बात न होने पावे । किसी को चिढ़ाया न जाए, यदि विरोध में कोई कुछ अनुचित व्यवहार भी करे तो पूर्ण शान्त रहा जाए और मुस्कान एवं विनम्रता से उसका उत्तर दिया जाए । 
इस प्रकार के अगणित प्रचारात्मक, सुधारात्मक, आन्दोलनात्मक, विरोधारात्मक, प्रदर्शनात्मक, रचनात्मक एवं सेवात्मक कार्यक्रम हो सकते हैं । स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार विभिन्न योजनाएँ बन सकती है । बड़ों के पैर छूने की, कष्ट पीड़ितों की सेवा करने की और पाठशालाएँ चलाकर विचारात्मक शिक्षा देने की योजना बन सकती है । 

युग-निर्माण की दिशा में उक्त कार्यक्रम पिछले कई वर्षों से भली-भाँति चल रहा है, उसे अब और भी सुव्यवस्थित रूप दिया जाना चाहिए । किन्तु आत्मिक उत्कृष्टता और भौतिक श्रेष्ठता के दोनों लक्ष्य प्राप्त करने के लिए अब तक के चलते आ रहे अभियान को जितना अधिक हो सके सुव्यवस्थित रूप दिया जाए और इसे सुसंयत रूप से अग्रगामी बनाया जाए । अखण्ड ज्योति जिस मिशन को लेकर अवतीर्ण हुई थी उसे उसने अब तक बहुत शानदार ढंग से निकाला है । अब आगे भी उसे जी जान से जुटे रहना है, लक्ष्य की पूर्ति के लिए हम-सब को अब उसी ओर द्रुतगति से अग्रसर होना है ।
-वाङ्मय ६६-२-५३ 
-युगऋषि वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पं. श्रीराम शर्मा आचार्य

हमारा आन्तरिक महाभारत

मनुष्य के अन्तःकरण में दो प्रवृत्तियाँ रहती हैं, जिन्हें आसुरी एवं दैवी प्रकृति कहते हैं । इन दोनों में सदा परस्पर संघर्ष चलता रहता है । गीता में जिस महाभारत का वर्णन है और अर्जुन को जिसमें लड़ाया गया है वह वस्तुतः आध्यात्मिक युद्ध ही है । आसुरी प्रवृत्तियाँ बड़ी प्रबल हैं । कौरवों के रूप में उनकी बहुत बड़ी संख्या है, सेना भी उसकी बड़ी है । पाण्डव पाँच ही थे उनके सहायक एवं सैनिक भी थोड़े ही थे फिर भी भगवान ने युद्ध की आवश्यकता समझी और अर्जुन से कहा-लड़ने के अतिरिक्त और कोई मार्ग नहीं । तामसिक-आसुरी प्रकृति का दमन किये बिना सतोगुणी दैवी प्रकृति का अस्तित्व ही खतरे में पड़ जाएगा । इसलिए लड़ना जरूरी है । अर्जुन पहले तो झंझट में पड़ने से कतराये पर भगवान ने जब युद्ध को अनिवार्य बताया तो उसे लड़ने के लिए कटिबद्ध होना पड़ा । इस लड़ाई को इतिहास 'महाभारत' के नाम से पुकारते हैं । अध्यात्म की भाषा में इसे 'साधना समर' कहते हैं । 

देवासुर-संग्राम की अनेक कथाओं में उसी 'साधना समर' का अलंकारिक निरूपण है । असुर प्रबल होते हैं, देवता उनसे दुःख पाते हैं, अन्त में दोनों पक्ष लड़ते हैं, देवता अपने को हारता-सा अनुभव करते हैं, वे भगवान के पास जाते हैं, प्रार्थना करते हैं, भगवान उनकी सहायता करते हैं । अन्त में असुर सारे मारे जाते हैं, देवता विजयी होते हैं । देवासुर संग्राम के अगणित पौराणिक उपाख्यानों की पृष्ठभूमि यही है । हमारा अन्तःप्रदेश ही वह धर्म क्षेत्र है, जिसमें महाभारत होता रहता है । असुर मायावी है । तमोगुण का असुर हमें माया में फँसाये रहता है । इन्द्रिय-सुखों का लालच देकर वह अपना जाल फैलाता है और अपने मायापाश में जीव को बाँध लेता है । उस असुर के और भी कितने ही अस्त्र-शस्त्र हैं जिनसे जीव को अपने वशवर्ती करके पद-दलित करने में वह सफल होता है । काम, क्रोध, लोभ, मोह, मद, मत्सर यह छह ऐसे ही सम्मोहन अस्त्र हैं, जिसमें मूर्छित होकर जीव बँध जाता है और वह मूर्छा ऐसी होती है कि उससे निकलने की इच्छा भी नहीं होती है वरन् उसी स्थिति में पड़े रहने को जी चाहता है । 

आत्मा का कल्याण उस तम प्रवृत्ति में पड़े रहने से नहीं हो सकता जिसमें माया-मोहित अगणित जीव पाशबद्ध स्थिति में पड़े रहते हैं । इन बन्धनों को काटे बिना कल्याण का और कोई मार्ग नहीं । आत्मा की पुकार 'तमसो मा ज्योतिर्गमय' की है । वह अन्धकार से प्रकाश की ओर जाना चाहती है । तम अन्धकार और सत ही प्रकाश है, उसको धारण करने का 'प्रयत्न ही साधना' है । साधना को जीवन की अनिवार्य आवश्यकता माना गया है । तम की दुष्प्रवृत्तियों से छुटकारा केवल इस एक ही उपाय से हो सकता है । सच्ची शान्ति और प्रगति का मार्ग भी यही है । 

अन्तरात्मा में निरन्तर चलने वाले देवासुर-संग्राम में तामसिकता का पक्ष भौतिक सुख-साधन इकट्ठे करते रहना और सात्विकता का पक्ष आत्म-कल्याण की दिशा में अग्रसर होने का है । जब दोनों में से एक पक्ष प्रबल हो उठता है तो संग्राम में तेजी दिखाई देने लगती है । यदि असुरता प्रबल हुई तो दुष्प्रवृत्तियों की अभिवृद्धि होकर पतन का नारकीय परिपाक सामने आ जाता है और यदि सुर पक्ष प्रबल हुआ तो सत्प्रवृत्तियों का उभार आता है और मनुष्य सत्पुरुष, महा-मानव ऋषि एवं देवदूत बनकर पूर्णता के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए दु्रतगति से आगे बढ़ता है । 

एक बीच की स्थिति ही, रजोगुण ही अवसाद भूमिका कहलाती है । इसमें तम और सत् दोनों मिले रहते हैं । लड़ाई बन्द हो जाती है और काम-चलाऊ समझौता सा करके दैवी और आसुरी तत्व एक ही घर में रहने लगते हैं, भले और बुरे दोनों की तरह काम मनुष्य करता रहता है । पाप के प्रति घृणा न रहने से, आत्मिक प्रगति की ओर कोई विशेष उत्साह न रहने से दिन काटने की जैसी स्थिति बन जाती है । जैसे मन्द विष पीकर मूर्छित हुए अर्द्धमृत प्राणी की होती है । मानव जीवन जैसा अलभ्य अवसर प्राप्त होने पर इस प्रकार का अवसाद चिन्ताजनक ही है । 
-वाङ्मय ६६-२-१४

आज फिर नये सिरे से हमें उसकी चर्चा जारी करनी होगी, सोई हुई शक्ति को फिर से जगाना होगा, अहंकार को दबा कर रखना होगा । हम दिव्य लोक के जीव हैं, यह ज्ञान हमें फिर से पाना होगा, यही सतयुग की स्थापना करेगा, इसीलिए हमें साधना और तपस्या करनी है । यदि इस प्रयत्न से एक बार भी हम लोग उस स्थान तक पहुँच गये तो पीड़ाओं तथा वेदनाओं से छुटकारा पाकर सिद्ध बनकर सत्य और आनन्द की लीला में प्रविष्ट होकर इस मृत्युलोक को ही स्वर्ग में बदल देंगे । सतयुग के लोग स्वर्गलोक का पता लगाकर इस भूलोक को छोड़ कर वहाँ उस महत् लोक में पहुँचते थे । लेकिन हम लोग स्वर्गलोक के अधिकारी बनकर इस पृथ्वी को नहीं त्यागेंगे हम इस मृत्युलोक में ही स्वर्ग की लीला का आनन्द लेंगे । 
-वाङ्मय ६६-२-४५ 

जब तक माया के फंदे से जीव नहीं छूटता है और भेद-भाव के विचार मन में भरे रहते हैं तब तक उसे वास्तविक ज्ञान नहीं होता है । माया के फंदे से छूटकर और भेदभाव के विचारों को भावनाओं को निकालने पर ही उसे ज्ञान होता है, तब दिव्य दृष्टि से देखने लगता है । उसमें तथा ब्रह्म में किसी प्रकार का अन्तर नहीं रह जाता, वास्तव में समस्त ब्रह्माण्ड, यह संसार, हमारा शरीर सभी कुछ ब्रह्ममय है इसलिए इस तरह का ब्रह्मज्ञान प्राप्त कर मृत्युलोक में विचरण करते हुए एक बार फिर से सतयुग की स्थापना करने का भार हम लोगों के ऊपर है जिसे पूरा करना है । नूतन समाज के निर्माण की-नये युग के निर्माण की-जिम्मेदारी हमें उठानी ही होगी । 
-वाङ्मय ६६-२-४५
-युगऋषि वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पं. श्रीराम शर्मा आचार्य

मानसिक स्वच्छता का महत्त्व

मन की चाल दुमुँही है । जिस प्रकार दुमुँहा साँप कभी आगे चलता है, कभी पीछे । उसी प्रकार मन में दो परस्पर विरोधी वृत्तियाँ काम करती रहती हैं । उनमें से किसे प्रोत्साहन दिया जाए और किसे रोका जाए यह कार्य विवेक-बुद्धि का है । हमें बारीकी के साथ यह देखना होगा कि इस समय हमारे मन की गति किस दिशा में है । यदि सही दिशा में प्रगति हो रही है तो उसे प्रोत्साहन दिया जाये और यदि दिशा गलत है तो उसे पूरी शक्ति के साथ रोका जाए और, इसी में बुद्धिमत्ता है क्योंकि सही दिशा में चलते हुए मन जहाँ हमारे लिए श्रेयस्कर परिस्थितियाँ उत्पन्न कर सकता है वहाँ कुमार्ग पर चलते रहने में एक दिन दुःखदायी दुर्दिन का सामना भी करना पड़ता है । इसलिए समय रहते चेत जाना ही उचित है ।
-वाङ्मय ६६-२-१० 
-युगऋषि वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पं. श्रीराम शर्मा आचार्य

युग निर्माण का आधार व्यक्ति-निर्माण

बच्चा आरम्भ में एक पैसा चुराने की आदत सीखता है, बड़ा होने पर वह कुछ बढ़ी-चढ़ी गड़बड़ी करने लगता है, समयानुसार बड़े हाथ मारने की क्षमता प्राप्त करता है और परिस्थितियाँ अनुकूल रहें तो एक दिन नामी चोर होकर जेलखाने पहुंचता है । सभी उसे घृणा की दृष्टि से देखते हैं, कोई अपना नहीं रह जाता । सर्वत्र निन्दा, असहयोग, घृणा ही उसे प्राप्त होती है और कठिनाइयों से पार निकलने का कोई रास्ता दिखाई नहीं देता । एक दूसरा बच्चा उसी का साथी ईमानदारी पर दृढ़ आस्था जमाता है । माँ-बाप उस पर भरोसा करते हैं, अध्यापक उस पर प्रेम और गर्व करते हैं, बड़ा होने पर जहाँ वह कारोबार करता है, वहाँ उसका सम्मान देवता की तरह होता है और अपने कृपालुओं की सहायता से वह बहुत ऊँची स्थिति तक जा पहुँचता है । आरम्भ में इन बालकों के स्वभाव में थोड़ा-सा अन्तर था । एक-दो पैसा चुराने न चुराने या उससे खरीदी जा सकने वाली वस्तु के मिलने न मिलने का कोई बड़ा महत्त्व न था पर इसी भिन्नता ने जब अपनी परिपक्वता प्राप्त की तो दोनों में इतना अन्तर आ गया कि उसका कोई अन्दाजा नहीं । 
-वाङ्मय ६६-२-८ 
बुराई और भलाई की परस्पर विरोधी वृत्तियाँ आरम्भ में बहुत छोटे रूप में होती हैं पर उनका परिपोषण होते रहने से धीरे-धीरे बड़ा विशाल रूप बन जाता है । व्यभिचार का आरम्भ हँसी-दिल्लगी या छोटी उच्छ्रंखलता से होता है, इस मार्ग पर बढ़ते हुए कदम किसी नारी को वेश्या बना सकते हैं । इसके विपरीत यदि सदाचार के प्रति थोड़ी दृढ़ता रहे तो वही वृत्ति उसे आदर्श पतिव्रता के रूप में अजर-अमर बना सकती है । कामचोरी और आलस्य की वृत्ति आरम्भ में छोटी-छोटी उपेक्षा या टालमटोल के रूप में दिखाई पड़ती है पर अन्त में वही व्यक्ति आलस्य, प्रमाद और लापरवाही में अपना सब कुछ गँवा कर दर-दर की ठोकरें खाते-फिरने की स्थिति में पहुंच जाता है । एक-दूसरा व्यक्ति जिसे परिश्रम में अपना गौरव और चमकता भविष्य दीखता है, निरन्तर हँसी-खुशी के साथ परिश्रम करता रहता है और इसी पुरुषार्थ के बल पर वह उन्नति के उच्च शिखर पर पहुंचता है । 
-वाङ्मय ६६-२-८, ९ 
-युगऋषि वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पं. श्रीराम शर्मा आचार्य

अनैतिक कार्यों में ज्ञान का उपयोग 'ब्रह्मराक्षस'

सामन्तवादी युग में यह विद्या पैसे से खरीदी जाती रही । उनकी विलासी दुष्प्रवृत्तियों के पोषण में कविता साहित्य, गीत, नाटक आदि बड़ी मात्रा में सृजे जाते रहे । मन्दिरों में पाई जाने वाली मूर्तिकला तक में पशु-प्रवृत्तियों की भरमार मौजूद है । वैसे ही चित्र चित्रित किये जाते रहे । यह सब विद्या बुद्धि का दुरुपयोग है । हमारे क्रमिक अधःपतन में यही दुष्प्रवृत्तियाँ प्रधान रूप से कारण बनती चली आई हैं । आततायियों और आक्रमणकारियों ने भी क्षति पहुँचाई पर इस बौद्धिक क्षति ने तो समाज का मेरुदण्ड ही तोड़कर रख दिया । 

आज जबकि घायल समाज को राहत देने वाले साहित्य की जरूरत थी, उद्बोधन आवश्यक थे, तब भी वह ढर्रा बदला नहीं है, वरन् स्वतन्त्रता मिलने के बाद विनाश की स्वतन्त्रता का भरपूर उपयोग किया जा रहा है । धर्म मंच से जो प्रवचन किए जाते रहते हैं उनमें गढे र्मुदे उखाड़ने के अतिरिक्त जीवन संचार और प्रगति के लिये उद्बोधन की दिशा दे सकने वाले तथ्य कहीं ढूँढे नहीं मिलते । व्यक्ति और समाज के युग निर्माण के आधारभूत सिद्धान्तों की कहीं चर्चा तक सुनाई नहीं देती । विद्या से सजी वाणी द्वारा लोकमानस को उद्बोधन मिलना चाहिए था, वह एक प्रकार से मौन ही हो गया है । साहित्य की दशा और भी दयनीय है । पशु प्रवृत्तियों को भड़काने वाला साहित्य लिखा जा रहा है छप रहा है, बिक रहा है । उसी की बाढ़ आई हुई है । लगता है इस बाढ़ में जो कुछ श्रेयस्कर कहीं जीवित रहा होगा वह भी मर-खप जायेगा । 

बहेलियों के पास शिकारी कुत्ते होते हैं । खरगोश, लोमड़ी, हिरण आदि जानवरों के पीछे वे उन्हें दौड़ाते हैं । कुत्ते कई मील दौड़कर भारी परिश्रम के उपरान्त शिकार दबोचे हुए मुँह में दबाये घसीट लाते हैं । बहेलिये उससे अपनी झोली भरते हैं और कुत्तों को एक टुकड़ा देकर सन्तुष्ट कर देते हैं । यही क्रम आज विद्या बुद्धि के क्षेत्र में चल रहा है । पुस्तक-प्रकाशक बहेलिए-तथाकथित साहित्यकारों से चटपटा लिखाते रहते हैं । गन्दे, अश्लील, कामुक, पशु प्रवृत्तियाँ भड़काने वाले चोरी, डकैती, ठगी की कला सिखाने वाले उपन्यास यदि इकट्ठ किए जाएँ तो वे एवरेस्ट की चोटी जितने ऊँचे हो जाएँगे । दिशाविहीन पाठक उन्हीं विष मिश्रित गोलियों को गले निगलता रहता है । चूहों को मारने की दवा आटे में मिलाकर गोलियाँ बनाकर बिखेर दी जाती है, उन्हें खाते ही चूहा तड़प -तड़प कर मर जाता है । यह साहित्य ठीक इसी प्रकार का है । इसे पढ़ने के बाद कोई अपरिपक्व बुद्धि पाठक वैसा ही अनुकरण करने के लिए विवश होता है । अनेक साहित्यकार बहेलियों के कुत्तों की भूमिका प्रस्तुत कर रहे हैं । अनेक प्रकाशक और विक्रेता मालामाल हो रहे हैं । कुछ टुकड़े खाकर यह साहित्यकार पाठकों का माँस इन आततायियों के पेट में पहुँचाने में अपनी विद्या बुद्धि, कला-कौशल का परिचय दे रहे हैं । विद्या माता को व्यभिचारिणी वेश्या के रूप में जिस तरह प्रस्तुत किया जा रहा है, उसे देखकर यही कहना पड़ता है- ''हे भगवान इस संसार से विद्या का अस्तित्व मिटा दो, इससे तो हमारी निरक्षरता ही अच्छी है ।''
-वाङ्मय ६६-१-३५ 
-युगऋषि वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पं. श्रीराम शर्मा आचार्य

हमारा आत्मवादी जीवन दर्शन

आत्मसम्मान के नाम पर कई बार ओछे स्तर का अहंकार विदूषक जैसा वेष बनाकर सामने आ खड़ा होता है । हमें अहंकार और आत्मसम्मान का अन्तर समझना चाहिए । अहंकार वस्तुओं और परिस्थितियों को खोजता है और उनके आधार पर रुष्ट, तुष्ट होता है, जबकि आत्म-गौरव आन्तरिक स्तर पर-गुण, कर्म, स्वभाव के स्वरूप पर आकांक्षाओं और विचारणाओं की दिशा पर आधारित रहता है । जिसकी अन्तःभूमि उज्ज्वल है उसे बाह्य परिस्थितियों से कुछ लेना-देना नहीं रह जाता । उसे भौतिक जीवन की सफलता, असफलताएँ प्रभावित नहीं करती । सम्पदाएँ नहीं आन्तरिक विभूतियाँ उसकी सन्तुष्टि का केन्द्र रहती है । अहंकारी व्यक्ति जहाँ बाह्य प्रतिकूलताएँ देखकर ही असन्तुलित और रुष्ट-असन्तुष्ट होने लगता है वहाँ आत्मवादी को आन्तरिक स्तर की उत्कृष्टता ही परिपूर्ण सन्तोष दे सकने के लिए पर्याप्त प्रतीत होती है । 
-वाङ्मय ६६-१-२२

'युग निर्माण योजना-दर्शन स्वरूप व कार्यक्रम'

परम पूज्य गुरुदेव युगऋषि वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पं. श्रीराम शर्मा आचार्य की घोषणानुसार युग परिवर्तन एक सुनिश्चित संभावना है । युग निर्माण योजना इसी संभावना को साकार करने के लिए बनाई गयी है । युग निर्माण कैसे होगा? इसके सरंजाम कैसे जुटेंगे? तथा इसके भागीदारों का चरित्र-चिंतन कैसा होना चाहिए? इसका विस्तार पूर्वक वर्णन वाङ्मय के खण्ड ६६ 'युग निर्माण योजना-दर्शन स्वरूप व कार्यक्रम' में किया गया है ।
 
इसमें नैष्ठिक परिजनों को झकझोर देने वाली पूज्यवर की अमर-वाणी है । इसे प्रत्येक परिजन को ध्यान पूर्वक पढ़ना चाहिए तथा पढ़कर चिंतन-मनन करते हुए आचरण में उतारने का प्रयास करना चाहिए । 

आशा है यह पुस्तक हम सबके भीतर प्रकाश की एक नई किरण बनकर हमारा पथ प्रदर्शन करेगी । 

पहले दो, पीछे पाओ

यह प्रश्न विचारणीय है कि महापुरूष अपने पास आने वालों से सदैव याचना ही क्यों करता है ? मनन के बाद मेरी निश्चित धारणा हो गई कि त्याग से बढ़कर प्रत्यक्ष और तुरन्त फलदायी और धर्म नही है। त्याग की कसौटी आदमी के खोटे-खरे रूप को दुनिया के सामने उपस्थित करती है। मन मे जमे हुये कुसंस्कारों और विकारों के बोझ को हलका करने के लिये त्याग से बढकर अन्य साधन हो नही सकता।

आप दुनिया से कुछ प्राप्त करना चाहते हैं, विद्या, बुद्धि संपादित करना चाहते है, तो त्याग कीजिये। गांठ में से कुछ खोलिये। ये चीजें बड़ी मंहगी हैं। कोई नियामत लूट के माल की तरह मुफ्त नही मिलती। दीजिये, आपके पास पैसा, रोटी, विद्या, श्रद्धा, सदाचार, भक्ति, प्रेम, समय, शरीर जो कुछ हो मुक्तहस्त होकर दुनिया को दीजिये, बदले में आप को बहुत मिलेगा। गौतम बुद्व ने राजसिंहासन का त्याग किया, गांधी ने अपनी बैरिस्टरी छोड़ी, उन्होने जो छोड़ा था, उससे अधिक पाया। विश्व कवि रवीन्द्रनाथ टेगोर अपनी एक कविता मे कहते है, ‘‘उसने हाथ पसार कर मुझ से कुछ मांगा। मैंने अपनी झोली में से अन्न का एक छोटा दाना उसे दिया। शाम को मैने देखा की झोली मे उतना ही छोटा सोने का दाना मोजूद था। मैं फूट-फूट कर रोया कि क्यों न मैंने अपना सर्वस्व दे डाला, जिससे मैं भिखारी से राजा बन जाता।’’

आनन्द की खोज

आनंद की खोज में भटकता हुआ इंसान, दरवाजे-दरवाजे पर टकराता फिरता हैं बहुत सा रूपया जमा करें, उत्तम स्वास्थ्य रहे, सुस्वाद भोजन करें, सुन्दर वस्त्र पहनें, बढ़िया मकान और सवारिया हों, नौकर-चाकर हों, पुत्र, पुत्रियों, बंधुओं से घर भरा हों, उच्च अधिकार प्राप्त हों, समाज मे प्रतिष्ठा हों, कीर्ति हो। ये चीजे आदमी प्राप्त करता है। जिन्हें ये चीजे प्राप्त नही होती है वे प्राप्त करने की कोशिश करते हैं। जिनके पास है, वे उससे अधिक लेने का प्रयत्न करते है

इन सब तस्वीरों में आनंद की खोज करते-करते चिरकाल बीत गया, पर राजहंस को ओस ही मिली। मोती ! उसकी तो खोज ही नही की गई, मानसरोवर की और तो मुँह ही नही किया गया, लम्बी उड़ान भरने की हिम्मत तो बांधी ही नही। मन ने कहा-जरा इसे और देख लूँ। आँखों से न दीख पड़ने वाले मानसरोवर से मोती मिल ही जायेगे, इसकी क्या गारंटी है। फिर ओस चाटी और फड़फड़ाया, फिर यही पहिया चलता रहता है। आपने उनमे खोजा, कुछ क्षण पाया भी, परन्तु ओस की बूंदे ठहरी, वे दूसरे ही क्षण जमीन पर गिर पड़ी और धूल मे समा गई।

यही नष्ट होने की आशंका अधिक संचय के लिये प्रेरित करती रहती है, फिर भी नाशवान चीजो का नाश होता ही है।

युग निर्माण परिवार के सदस्य इस भाँति सोचें

सार्वजनिक जीवन में कई लोग कई उद्देश्यों से प्रवेश करते हैं । कुछ सचमुच ही आत्मकल्याण और परमार्थ प्रयोजन का लक्ष्य सामने रखकर लोक-मंगल के पुण्य क्षेत्र में प्रवेश करते हैं । कुछ को धन अथवा यश कमाने की इच्छा रहती है, इसलिए सेवा एवं परमार्थ परायणता की खाल ओढ़कर लोकसेवी बनने का आडम्बर बनाते हैं । युग निर्माण परिवार के परिजनों को उथले स्तर पर खड़े होकर इस क्षेत्र में प्रवेश करना शक्य न होगा ।
 
हमें समझना चाहिए कि भौतिक उद्देश्य के लिए यह युग निर्माण अभियान नहीं चल रहा है । जन मानस का भावनात्मक नवनिर्माण अपना उद्देश्य है । यह कार्य आत्मनिर्माण से ही आरम्भ हो सकता है । अपना स्तर ऊँचा होगा, तो ही हम दूसरों को ऊँचा उठा सकने में समर्थ हो सकते हैं । जलता हुआ दीपक ही दूसरे दीपक को जला सकता है । जो दीपक स्वयं बुझा पड़ा है, वह दूसरों को जला सकने में समर्थ नहीं हो सकता ।
 
हम आत्मनिर्माण में प्रवृत्त होकर ही समाज निर्माण का लक्ष्य पूरा कर सकेंगे । युग निर्माण परिवार के प्रत्येक सदस्य को अपनी स्थिति अनुभव करना चाहिए । उसे विश्वास करना चाहिए कि उसने दैवी प्रयोजन के लिए यह जन्म लिया है । इस युग संधिवेला में उसे विशेष उद्देश्य के लिए भेजा गया है । उसे शिश्नोदर परायण नर-कीटकों की पंक्ति में अपने को नहीं बिठाना है, उसे लोभ-मोह के लिये नहीं सड़ना-मरना है ।
 
युग पुरुष के चरणों पर इस परिवार को जो भावभरी माला सवप्रथम समर्पित की जा रही है, उसका अति महत्त्वपूर्ण मणि मुक्तक है । उसे ऐतिहासिक भूमिका सम्पादन करने का अवसर मिला है । इस अभियान के संचालकों ने उसे प्रयत्न पूर्वक ढूँढ़ा, सँभाला और भावभरी अभिव्यञ्जनाओं से सींचा-सँजोया है । उसे तुच्छता से ऊँचा उठना और महानता का वरण करना है । इसके लिए अवसर उसके सामने गोदी पसारे, चुनौती लिए हुए सामने खड़ा है । आत्मबोध की दिव्य ज्योति से अपने आपको ज्योतिर्मय बनाया जाना चाहिए । इतिहास जिन युग निर्माताओं की खोज में है, उसे उनकी पंक्ति में बिना आग-पीछा सोचे साहसपूर्वक जा बैठना चाहिए । 

युग निर्माण परिवार का प्रत्येक सदस्य आत्मचिन्तन करे, आत्मबोध के प्रकाश से अपना अन्तःकरण आलोकित करे । परिवार की सदस्यता के साथ जुड़े हुए उत्तरदायित्व की गरिमा समझे, तभी वह अपनी समुचित भूमिका सम्पादित कर सकेगा । हमें अपने बारे में इस प्रकार सोचना चाहिए कि जन्म-जन्मान्तर से संग्रहीत अपनी उच्च आत्मिक स्थिति आज अग्नि-परीक्षा की कसौटी पर कसी जा रही है । महाकाल अपने संकेतों पर चलने के लिए बार-बार पुकार रहा है, रीछ-वानरों के पथ पर हमें चलना ही चाहिए । अभियान की संचालक सत्ताएँ बड़ी-बड़ी आशाएँ लगाए बैठी हैं, उन्हें निराश नहीं करना चाहिए । युग की गुहार जीवित और जाग्रत् सुसंस्कारी आत्माओं का आह्वान कर रही है । उसे तिरस्कृत नहीं किया जाना चाहिए । यह समय ऐसा है जैसा किसी-किसी सौभाग्यशाली के ही जीवन में आता है । कितने व्यक्ति किन्हीं महत्त्वपूर्ण अवसरों की तलाश में रहते हैं, उन्हें उच्चस्तरीय प्रयोजनों में असाधारण भूमिका सम्पादित करने का सौभाग्य मिले और वे अपना जीवन धन्य बनाएँ । यह अवसर युग निर्माण परिवार के सदस्यों के सामने मौजूद है, उन्हें इसका समुचित सदुपयोग करना चाहिए । इस समय की उपेक्षा उन्हें चिरकाल तक पश्चात्ताप की आग में जलाती रहेगी । 

युग निर्माण परिवार के प्रत्येक सदस्य को अपने उच्च-स्तर को, महान् कत्तर्व्य और दायित्व को समझना चाहिए । जो कुछ उसे करना है, उसके शुभारम्भ के रूप में आत्मपरिष्कार के लिए आगे बढ़ना चाहिए । अपने आप को हममें से जो जितना उत्कृष्ट, परिष्कृत बना सकेगा, वह उतनी सफलतापूर्वक अपना उत्तरदायित्व पूरा कर सकेगा । समाज का निर्माण, युग का परिवर्तन हमारे अपने निर्माण एवं परिवर्तन के साथ अविच्छिन्न रूप से जुड़ा हुआ है । यदि हम दूसरे तथाकथित समाजसेवियों की तरह बाहरी दौड़-धूप तो बहुत करें, पर आत्म-चिन्तन, आत्मसुधार, आत्मनिर्माण और आत्मविकास की आवश्यकता पूरी न करें, तो हमारी सामथ्र्य स्वल्प रहेगी और कुछ कहने लायक परिणाम न निकलेगा । लोकनिर्माण व्यक्ति पर अवलम्बित है और व्यक्तिनिर्माण का पहला कदम हमें अपने निर्माण के रूप में ही उठाना चाहिए । 

जिन्होंने युग निर्माण अभियान का घटक परिजन अपने को माना है, उन्हें अपनी वास्तविकता इसी रूप में देखनी, समझनी और स्वीकार करनी चाहिए । भगवान् कुछ करने जा रहे हैं और विश्व की दिशा उलटने वाली है, उसे सर्वनाशी गर्त में गिरने से बचाकर उज्ज्वल भविष्य की दिशा में लौटने के लिए तोड़ा-मरोड़ा जा रहा है । 

इन दिनों सूक्ष्म जगत् में दिव्य हलचलें इसी स्तर की हो रही हैं और उनका क्रम तीव्र से तीव्रतर होता जा रहा है, निकट भविष्य में वह तीव्रतम होने जा रहा है । यह मनुष्यकृत आन्दोलन नहीं है, जो आज चले कल ठप्प हो जाए । जिन लोगों ने इस महाप्रयास में भाग लेने की तड़पन अनुभव की है, उन्हें समझ लेना चाहिए कि यह कोई बहकावा या भाववेश नहीं है । सामयिक उत्तेजना भी इसका कारण नहीं है । यह आत्मा का निर्देश और ईश्वर का संकेत है, उसे उन्होंने एक असाधारण सौभाग्य के रूप में उपलब्ध किया है । ऐसे महान् अवसरों पर अग्रदूत बनने का अवसर हर किसी को नहीं मिलता । रामावतार में जो श्रेय अंगद, हनुमान् और नल-नील को मिला, उससे दूसरों को वंचित ही रहना पड़ा । युग परिवर्तन की अग्रिम पंक्ति में जिन्हें घसीटा या धकेला गया है, उन्हें अपने को आत्मा का, परमात्मा का प्रिय भक्त ही अनुभव करना चाहिए और शान्तचित्त से धैयपूवर्क उस पथ पर चलने की सुनिश्चित तैयारी करनी चाहिए । खींचतान में अनावश्यक समय नष्ट नहीं करना चाहिए । 

आत्मा की पुकार अनसुनी करके वे लोभ-मोह के पुराने ढररे पर चलते रहे, तो आत्मधिक्कार की इतनी विकट मार पड़ेगी कि झंझट से बच निकलने और लोभ, मोह को न छोड़ने की चतुरता बहुत महँगी पड़ेगी । अन्तद्वर्न्द्व उन्हें किसी काम का न छोड़ेगा । मौज-मजा का आनन्द आत्मप्रताड़ना न उठाने देगी और साहस की कमी से ईश्वरीय निर्देश पालन करते हुए जीवन को धन्य बनाने का अवसर भी हाथ से निकल जाएगा । इस दुहरी दुर्गति से बचना चाहिए । उनके लिए इस विषम वेला में अतिरिक्त कार्य और अतिरिक्त उत्तरदायित्व नियति ने निर्धारित किया है, इसे बिना मन डुलाए सच्चे मन से स्वीकार कर लेना चाहिए और उसी के अनुरूप अपनी-अपनी गतिविधियों का निर्माण करना चाहिए । 

युग निर्माण परिवार के हर परिजन को अपने भावी जीवन के लिए एक नियत, निर्धारित दृष्टिकोण अपनाना चाहिए और सुनिश्चित कार्यक्रम अपनाना चाहिए । तभी उन्हें शान्ति मिलेगी और वे सन्तोष अनुभव कर सकेंगे । 

श्रेयपथ पर चलने वालों की कुछ आस्थाएँ अत्यन्त सुदृढ़ होनी चाहिए । इस परिवार के प्रत्येक सदस्य की मान्यता यह होनी चाहिए कि वह निःसन्देह एक सुसंस्कारी उच्च आत्मा है । जन्म-जन्मान्तरों से चली आ रही आत्मिक प्रगति के कारण ही उसे जीवित, जाग्रत्, भावनाशील, दूरदर्शी और उदात्त अन्तःकरण मिला है । इस दिव्य परिवार में जुड़ जाना भी इसी शृंखला की एक महत्त्वपूर्ण कड़ी है । 

ऐसी ही समर्थ आत्माओं को युग परिवर्तन जैसे चिरकाल में सभी आने वाले महान् दैवी प्रयासों में अग्रदूत की तरह नियता नियुक्त किया जाता है । 
अपनी यह आस्था चट्टान की तरह अडिग होनी चाहिए कि युग बदल रहा है, पुराने सड़े-गले मूल्यांकन नष्ट होने जा रहे हैं । दुनिया आज जिस लोभ-मोह और स्वार्थ-अनाचार से सवर्नाशी पथ पर दौड़ रही है, उसे वापस लौटना पड़ेगा । अन्धपरम्पराओं और मूढ़-मान्यताओं का अन्त होकर रहेगा । अगले दिनों न्याय, सत्य और विवेक की ही विजय वैजयन्ती फहरायेगी । हमें मूढ़ता और दुष्टतावादियों से तनिक भी प्रभावित नहीं होना चाहिए और विश्वास रखना चाहिए कि बदलना उन्हें भी पड़ेगा । महाकाल के हाथ उन्हें करारी चपत लगाने के लिए उठ ही पड़े हैं । हमें अपने को एकाकी, दुर्बल या साधन-हीन नहीं मानना चाहिए, वरन् यह समझकर चलना चाहिए कि पीछे अजेय शक्तियाँ विद्यमान हैं, जो इस महान् अभियान के अपने प्रयासों को पूर्ण सफलता प्रदान करके रहेंगी । 

हमारा सुदृढ़ निश्चय होना चाहिए कि यह संसार ही भगवान् का सच्चा स्वरूप है । लोकमंगल के लिए किये गये प्रयास भगवान् की सर्वोत्तम पूजा है । ईश्वरीय प्यार को प्राप्त करने के लिए अपना आन्तरिक स्तर को परिष्कृत करना ही सवर्श्रेष्ठ तप-साधना है । इन दिनों यही युग साधना है । योग साधनात्मक विशेष तप संचय के लिये अपना एक शक्तिशाली संयन्त्र काम कर रहा है । उसका उपार्जन हम सभी के लिये है । उसमें से जिस-जिस प्रयोजन के लिए जितनी शक्ति की आवश्यकता पड़ेगी, सहज ही मिलती रहेगी । अलग-अलग, छुट-पुट तप-साधना और योगाभ्यास के झंझट में पड़ने का यह समय बिल्कुल नहीं है । एक बड़ी भट्ठी पर सबका भोजन पक रहा है, तो अलग-अलग चूल्हे जलाने की क्या आवश्यकता ? इन दिनों आत्मकल्याण का सब से उत्तम माध्यम आत्मनिर्माण और युग निर्माण के महान् अभियान का अंग बनकर काम करना चाहिए । 

हमें लोभ और मोह के अवांछनीय अन्धकार से ऊपर उठना ही चाहिए । परिवार के लालन-पालन के लिये शरीर निर्वाह के लिये हमें उचित की सीमा तक ही रहना चाहिए । लोभवश धन कुबेर बनने की आकांक्षा से और अपने स्त्री-बच्चों को राजा-रानी बना जाने की संकीर्ण स्वार्थपरता से ऊपर उठना चाहिए । अपना उत्तरदायित्व आत्मकल्याण का भी है और समाज का ऋण चुकाने का भी । समाज की ओर से विमुख रहकर आत्मिक स्तर की उपेक्षा बरतकर लोभ और मोह में अन्तःचेतना बुरी तरह डूबी हुई है । परमार्थ प्रयोजन में समय, श्रम, मनोयोग एवं सादगी का उपयोग करने में जी धड़कता है, साहस नहीं उठता और कंजूसी आड़े आती है, तो समझना चाहिए कि अपनी वाचालता और विडम्बना में ही प्रगति हुई है । आत्मिक स्तर तो गढ्ढे में ही पड़ा है । ऐसी हेय स्थिति में हम में से किसी को भी नहीं पड़ा रहना चाहिए । अपनी आधी सम्पदाएँ और विभूतियाँ शरीर निर्वाह और परिवार पालन के भौतिक पथ को और आधी आत्मपरिष्कार, संस्कार, लोक-मंगल के लिये बाँट देना चाहिए । यह बँटवारा न्यायानुकूल है । भौतिकपक्ष के ऊपर सारा जीवन रस टपका दिया जाए और आत्मिक पक्ष एक -एक बूँद के लिये प्यासा मरे, वह जीवन का अत्यन्त दुर्भाग्य और अतीव दुःखात्मक दुर्घटना होगी । हमें नित्य ही लेखा-जोखा लेते रहना चाहिए कि भौतिक पक्ष को हम आधे से अधिक तो नहीं दे रहे हैं । कहीं आत्मिक पक्ष के साथ अन्याय तो नहीं हो रहा है । 

हम अकेले चलें । सूर्य-चन्द्र की तरह अकेले चलने में तनिक भी संकोच न हो । अपनी आस्थाओं को दूसरों के कहे-सुने अनुसार नहीं वरन् अपने स्वतन्त्र चिन्तन के आधार पर विकसित करें । अन्धी भेड़ो की तरह झुण्ड का अनुगमन करने की मनोवृत्ति छोड़ें । सिंह की तरह अपना मार्ग अपनी विवेक चेतना के आधार पर स्वयं निर्धारित करें । सही को अपनाने और गलत को छोड़ देने का साहस ही युग निर्माण परिवार के परिजनों की वह पूँजी है जिसके आधार पर वे युग साधना की वेला में ईश्वर प्रदत्त उत्तरदायित्व का सही रीति से निवार्ह कर सकेंगे । ऐसी क्षमता पैदा करना हमारे लिए उचित भी है, आवश्यक भी । 

हमें भली प्रकार समझ लेना चाहिए कि ईटों का समूह इमारत के रूप में, बूँदों का समूह समुद्र के रूप में, रेशों का समूह रस्सों के रूप में दिखाई पड़ता है । मनुष्यों के संगठित समूह का नाम ही समाज है । जिस समय के मनुष्य जिस समाज के होते हैं, वैसा ही समूह, समाज, राष्ट्र या विश्व बन जाता है । युग परिवर्तन का अर्थ है मनुष्यों का वर्तमान स्तर बदल देना । 
यदि लोग उत्कृष्ट स्तर पर सोचने लगें, तो कल ही उसकी प्रतिक्रिया स्वर्गीय परिस्थितियों के रूप में सामने आ सकती है । युग परिवर्तन का आधार है, जनमानस का स्तर ऊँचा उठा देना । युग निर्माण का अर्थ है भावनात्मक नवनिर्माण । अपने महान् अभियान का केन्द्र-बिन्दु यही है । युग परिवर्तन का लक्ष्य प्राप्त करने के लिये कार्य व्यक्ति निर्माण से आरम्भ करना होगा और इसका सबसे प्रथम कार्य है आत्मनिर्माण । दूसरों का निर्माण करना कठिन ही है । दूसरे अपना कहना न मानें यह सम्भव है, पर अपने को तो अपना कहना मानने मे कुछ कठिनाई नहीं होनी चाहिए । आपका सबसे समीपवर्ती अपने प्रभाव क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाला सबसे पहला और सबसे उपयुक्त व्यक्ति अपना आपा है । हमें नवनिर्माण का कार्य यहीं से आरम्भ करना चाहिए । अपने आपको बदलकर युग परिवर्तन का श्रीगणेश करना चाहिए । 

किसी को बाहरी जानकारी देना हो, समाचार सुनाना हो, गणित, भूगोल पढ़ाना हो, तो यह कार्य वाणी मात्र से भी हो सकता है । लिखकर भी किया जा सकता है और वह प्रयोजन आसानी से पूरा हो सकता है । पर यदि चरित्रनिर्माण या व्यक्तित्व का परिवर्तन करना है, तो फिर उसके सामने आदर्श उपस्थित करना ही प्रभावशाली उपाय रह जाता है । प्रभावशाली व्यक्तित्व अपनी प्रखर कार्यपद्धति से अनुप्राणित करके दूसरों को अपना अनुयायी बनाते है । संसार के समस्त महामानवों का यही इतिहास है । उन्हें दूसरों से जो कहना था, कराना था, वह उन्होंने पहले स्वयं किया, उसी कृतत्व का प्रभाव पड़ा । 

बुद्ध ने स्वयं घर त्यागा, तो उनके अनुयायी ढाई लाख युवक, युवतियाँ उसी मार्ग पर चलने के लिए तैयार हो गये । गाँधीजी को जो दूसरों से कराना था, पहले उन्होंने उसे स्वयं किया । यदि वे केवल उपदेश करते और अपना आचरण विपरीत प्रकार का रखते, तो उनके प्रतिपादन को बुद्धिसंगत भर बताया जाता, कोई अनुगमन करने को तैयार न होता । जहाँ तक व्यक्ति के परिवर्तन का प्रश्न है, वह परिवर्तित व्यक्ति का आदर्श सामने आने पर ही सम्भव होता है । बुद्ध, गाँधी, हरिश्चन्द्र आदि ने अपने को एक साँचा बनाया, तब कहीं दूसरे खिलौने, दूसरे व्यक्तित्व उसमें ढलने शुरू हुए । 

युग निर्माण परिवार के हर सदस्य को यह देखना है कि वह लोगों को क्या बनाना चाहता है, उनसे क्या कराना चाहता है ? उस भारी कार्यपद्धति को, विचारशैली को पहले अपने ऊपर उतारना चाहिए, फिर अपने विचार और आचरण का सम्मिश्रण एक अत्यन्त प्रभावशाली शक्ति उत्पन्न करेगा । उससे अगणित व्यक्ति प्रभावित होते तथा बनते-ढलते चले जायेंगे । अपनी निष्ठा कितनी प्रबल है, इसकी परीक्षा पहले अपने ऊपर ही करनी चाहिए । यदि आदर्शों को मनवाने के लिए अपना आपा हमने सहमत कर लिया, तो निःसन्देह अगणित व्यक्ति हमारे समर्थक, सहयोगी, अनुयायी बनते चले जाएँ । फिर युग परिवर्तन अभियान की सफलता में कोई व्यतिरेक, व्यवधान शेष न रह जाएगा । बाधा एक ही है कि हम जिस विचारणा को दूसरों से मनवाना चाहते हैं, उसे अपने गले उतारने को तैयार नहीं होते । यदि इस समस्या को हल कर लिया गया, तो समझना चाहिए सफलता की तीन चौथाई मंजिल पार कर ली । 

व्यक्तिगत जीवन मे हर मनुष्य को व्यवस्थित, चरित्रवान, सद्गुणी और सत्प्रवृत्ति सम्पन्न बनाने की अपनी शिक्षा पद्धति है । उसे हमें अपने व्यावहारिक जीवन में उतारना चाहिए । समय की पाबन्दी, नियमितता निरालस्यता, श्रमशीलता, स्वच्छता वस्तुओं की व्यवस्था जैसी छोटी-छोटी आदत ही किसी व्यक्तित्व को निखारती, उभारती हैं । बया पक्षी का सुन्दर घोंसला मामूली तिनकों का होता है, पर उसे बनाया कुशलता, तत्परता और मनोयोग के साथ जाता है । अपनी छोटी-छोटी आदतें यदि परिष्कृत स्तर की हैं, तो उसका प्रभाव परिवार, पड़ोस से आरम्भ होकर हर दूर क्षेत्रों तक फैलता चला जाएगा । 

अपनी वाणी में नम्रता, शिष्टता, मधुरता और शीलता का समावेश होना ही चाहिए । उसमें दूसरों के सम्मान का समुचित पुट रहना चाहिए । ईमानदारी और प्रामाणिकता ही किसी व्यक्ति का वजन बढ़ाती है । बेईमान, लफंगे, झूठे, ठग और चालाक व्यक्ति अपनी इज्जत खो बैठते हैं और फिर उनकी साधारण बातों पर भी कोई भरोसा नहीं करता । लोग यह भी भारी भूल करते हैं कि अपने दोष-दुर्गुणों के छिपे रहने की बात सोचते रहते हैं । यह सर्वथा असम्भव है, पारा पचता नहीं, कोई उसे खा ले तो शरीर में से फूट निकलता है । दुष्प्रवृत्तियाँ और दुर्भावनाएँ, पाप और कुकर्म, निकृष्टता और दुष्टता के जो भी तत्त्व अपने भीतर होंगे, उनके छिपे रहने की कोई सम्भावना नहीं है । पाप छत पर चढ़कर चिल्लाते हैं । यह उक्ति सोलहों आने सच है । शराब पीकर भी दुर्गन्ध न आये, नशा न आये, यह सम्भव नहीं । मक्खी खाने पर कै हो ही जायेगी, पेट का सब बाहर निकल ही जाएगा । मनुष्य की दुष्प्रवृत्तियाँ कोई प्रतिक्रिया उत्पन्न न करें, यह सम्भव नहीं । शाश्वत सत्य को झुठलाने का प्रयास न करना ही श्रेयस्कर है । आत्म परिष्कार ही उसका एकमात्र हल है । 

युग परिवर्तन का अर्थ है, व्यक्ति परिवर्तन और यह महान् प्रक्रिया अपने से आरम्भ होकर दूसरों पर प्रतिध्वनित होती है । यह तथ्य हमें हजार बार मान लेना चाहिए और उसे कूट-कूट कर नस-नस में भर लेना चाहिए कि दुनिया को पलटना जिस उपकरण के माध्यम से संभव है, वह अपना परिष्कृत व्यक्तित्व ही है । भले ही अपनी वाणी काम न करे, भले ही प्रचार और भाषण करना न आये पर यदि हम अपने को ढालने में सफल हो गये, तो उतने भर में भी अगणित लोगो को प्रभावित कर सकेंगे । अपना व्यक्तित्व हर दृष्टि में आदर्श, उत्कृष्ट बनाने और सुधारने, बदलने के लिए हम चल पड़े, तो निश्चित रूप से हमें निर्धारित लक्ष्य तक पहुचने में तनिक भी कठिनाई न होगी । 
-वाङ्मय ६६.१.२५-२८ 
-युगऋषि वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पं. श्रीराम शर्मा आचार्य

साधुता ?

एक मित्र साधु हो गए। साधु होने के बाद पहली बार मिलने आए। उन्हें गैरिक वस्त्रों में देखा तो मैने कहा, मैं तो सोचता था कि सच ही तुम साधु हो गए हो, लेकिन यह क्या ? ये वस्त्र क्यों रंग डाले हैं ? मेरे अज्ञान पर मुस्कराते हुए वे बोले, ‘‘साधु का अपना वेश होता हैं।’’ यह सुन मैं सोच में पड़ गया, तो उन्होंने कहा, ‘‘इसमें सोच की क्या बात हैं ? मैंने कहा, ‘‘पहनने की मनाही नहीं हैं, न पहनने की शर्त नहीं हैं। प्रश्न कुछ विशेष पहनने या कुछ भी न पहनने के आग्रह का हैं। मित्र, वेश वस्त्रों में नहीं, आग्रह में हैं।’’ वे बोले, ‘‘वेश से स्मृति रहती हैं कि मैं साधु हूँ।’’ अब हँसने की मेरी बारी थी। 

मैने कहा, ‘‘मैं जो हूँ, उसकी स्मृति रखनी ही नही होती है। मैं जो नहीं हूँ उसकी ही स्मृति को संभालना पड़ता हैं। और फिर जो साधुता वस्त्रों से याद रहे, क्या वह भी साधुता हैं ? वस्त्र तो बहुत ऊपर हैं और उथले हैं। चमड़ी भी गहरी नहीं हैं। मांस-मज्जा भी बहुत गहरी नहीं हैं। मन भी गहरा नहीं हैं। आत्मा के अतिरिक्त और कोई ऐसी गहराई नहीं हैं जो साधुता का आवास बन सके। और स्मरण रहे कि ऊपर जिनकी दृष्टि हैं, वे भीतर से वंचित रह जाते हैं। वस्त्रों पर जिनका ध्यान हैं, वे उस ध्यान के कारण ही आत्मा के ध्यान में नहीं जा पाते हैं। संसार और क्या है ? वस्त्रों पर केन्द्रित चित्त ही तो संसार हैं जो वस्त्रों से मुक्त हो जाता हैं, वही साधु हैं। 
-ओशो 

युगतीर्थ में साधना का विशेष महत्व

शांतिकुंज एक संस्कारित तपस्थली है, जहाँ करोड़ों गायत्री मंत्र के जप-अनुष्ठान अब तक संपन्न हो चुके हैं व नित्य लाक्षाधिक जप संपन्न होकर नौकुंडी यज्ञशाला में साधकों द्वारा आहुतियाँ दी जाती हैं । यह ब्रह्मऋषि विश्वामित्र की तपस्थली भी है तथा परमपावनी पुण्यतोया भागीरथी के तट पर हिमालय के हृदय उत्तरांखड के द्वारा पर यह अवस्थित है । इसी कारण इसे एक सिद्घाश्रम की, युगतीर्थ की उपमा दी जाती है, जिसके कल्पवृक्ष के तले साधना करने वाला साधक अपनी मनोवांछित कामनाएँ ही नहीं पूरी करता, यथाशक्ति मनोबल-आत्मबल भी संपादित करके लौटता है । 

शांतिकुंज की तीर्थगरिमा एवं स्थान की विशेषता का अनुभव करते हुए जब कभी उपासकों की संख्या बहुत अधिक बढ़ जाती है और सीमित आकार के आश्रम में किसी प्रकार ठूँस-ठाँस करके इच्छुकों का तारतम्य बिठाना पड़ता है तो अनुष्ठान को अति संक्षिप्त पाँच दिन का भी कर दिया जाता है और उतने ही दिन में मात्र १०८ माला का अति संक्षिप्त अनुष्ठान करने से भी काम चला लिया जाता है । कुछ साधक ऐसे भी होते हैं, जिन्हें अत्यधिक व्यस्तता रहती है । उनके लिए भी पाँच दिन शांतिकुंज रहकर अनुष्ठान कर लेने की व्यवस्था बना दी जाती है, पर यह है-आपत्तिकालीन न्यूनतम व्यवस्था ही । 

जिन्हें अत्यधिक व्यस्तता नहीं है और जिन पर काम का अत्यधिक दबाव नहीं है, उनके लिए ९ दिन का २४ हजार जप वाला परंपरागत अनुष्ठान ही उपयुक्त पड़ता है । इतनी अवधि शांतिकुंज के वातावरण में रहकर व्यतीत की जाए तो वह अपेक्षाकृत अधिक फलप्रद और अधिक प्रभावोत्पादक रहती है । इतनी अवधि में सत्संग के लिए प्रवचनपरक वह लाभ भी मिल जाता है, जिसे जीवन-कला का शिक्षण एवं उच्चस्तरीय जीवनयापन का लक्ष्यपूर्ण मार्गदशर्न कहा जा सकता है । कितने ही लोगों की अभिलाषा हरिद्वार, ऋषिकेश, लक्ष्मणझूला, कनखल आदि देखने की भी होती है । वह अवकाश भी तभी मिलता है, जब नौ दिन का संकल्प लेकर अनुष्ठान-प्रक्रिया में प्रवेश किया जाए । जिन्हें सवालक्ष का चालीस दिन में संपन्न होने वाला अनुष्ठान करना हो, उन्हें अपने घर पर ही रहकर उसे करना, चाहिए, क्योंकि शांतिकुंज में इतनी लंबी अवधि तक रहने की सुविधा मिल सकना हर दृष्टि से कठिन पड़ता है । 

इक्कीसवीं सदी में एक लाख प्रज्ञा-संगठन बनाने और एक करोड़ व्यक्तियों की भागीदारी का निश्चित निधार्रण किया गया है । उस निमित्त भी वरिष्ठ भावनाशीलों को बहुत कुछ सीखना, जानना और शक्ति-संचय की आवश्यकता पड़ेगी । यह प्रसंग अधिक विस्तार से समझने और समझाने का है, इसलिए भी नौ दिन का समय निकालकर शांतिकुंज में प्रेरणा, दक्षता एवं क्षमता उपलब्ध करने की आवश्यकता पड़ेगी । अच्छा हो कि जिनके पास थोड़ा अवकाश हो, वे नौ दिन का सत्र हर महीने तारीख १ से ९, ११ से १९ तथा २१ से २९ तक का पूरा करें जो निरंतर जारी रहते हैं किन्तु पाँच दिन के सत्रों में ही जिन्हें आना है, उनके लिए तारीख १ से ५, ७ से ११, १३ से १७ और १९ से २३ तथा २५ से २९ तक का निधार्रण है । ये दोनों साथ-साथ ही चलते रहते हैं । जिन्हें जैसी सुविधा हो, अपने पूरे परिचय समेत आवेदन-पत्र भेजकर समय से पूर्व स्वीकृति प्राप्त कर लेनी चाहिए । बिना स्वीकृति लिए आने वालों को स्थान मिल सके, इसकी गारंटी नहीं दी जा सकती । अशिक्षितों, जराजीर्ण तथा संक्रामक रोगग्रस्तों को प्रवेश नहीं मिलता । 

पुरूषों की तरह महिलाएँ भी सत्र-साधना के लिए शांतिकुंज आ सकती हैं पर उन्हें छोटे बच्चों को लेकर आने की धमर्शाला-स्तर की व्यवस्था यहाँ नहीं है । साधना, प्रशिक्षण और परामर्श में प्रायः इतना समय लग जाता है कि उस व्यस्तता के बीच छोटे बालकों की साज-सँभाल बन नहीं पड़ती है । अतःमात्र उन्हीं को सत्रों में आना चाहिए, जो निविर्घ्न कुछ समय रहकर साधना कर यहाँ के वातावरण का लाभ ले सकें व अनुशासित व्यवस्था में भी गड़बड़ी न आने दें । 

संस्कारों की सुलभ व्यवस्था 
शांतिकुंज में यज्ञोपवीत-संस्कार और विवाह-संस्कार कराने की भी सुव्यवस्था है । इस प्रयोजन में प्रायः आडम्बर बहुत होता देखा जाता है । खरचीले रस्मो-रिवाज भी पूरे करने पड़ते हैं, इसलिए उनकी ओर हर किसी की अपेक्षा बढ़ती जाती है । शांतिकुंज में यह  कृत्य भी बिना खरच के होते हैं । परिजनों के परिवारों में यह प्रचलन विशेष रूप से चल पड़ा है कि यज्ञोपवीत धारण के साथ जुड़ी हुई गायत्री मंत्र की अवधारणा इसी पुण्यभूमि में संपन्न कराई जाए । 

स्पष्ट है कि खरचीली शादियाँ हमें दरिद्र और बेईमान बनाती हैं । बिना दहेज और जेवर वाली शादियाँ प्रायः स्थानीय प्रतिगामिता के बीच ठीक तरह बिना विरोध के बन नहीं पड़तीं, इसलिए विगत लंबे समय से चलने वाली ९ कुंडों की यज्ञशाला का दैवी प्रभाव अनुभव करते हुए संस्कार संपन्न कराने के लिए गायत्री माता के संस्कारों से अनुप्राणित यह स्थान ही अधिक उपयुक्त माना जाता है । हर वर्ष बड़ी संख्या में ऐसे विवाह यहाँ संपन्न होते रहते हैं । 

साधना के लिए, विशेषतः गायत्री-उपासना के लिए शांतिकुंज में यह उपक्रम संपन्न करना सोने और सुगंध के समिम्मश्रण जैसा काम देता है । 
इस भूमि में रहकर साधना करने की इसलिए भी अधिक महत्ता है कि उसके साथ युगसंधि महापुरश्चरण की प्रचंड प्रक्रिया भी अनायास ही जुड़ जाती है और प्रतिभा-परिष्कार का वह प्रयोजन भी पूरा होता है, जिसके माध्यम से भावी शातब्दी में महामानवों के स्तर की भूमिका निबाहने का सुयोग बन पड़ता है । युगशक्ति गायत्री का, मिशन के संचालन को दिया गया आश्वासन जो है !

उपासना, विधान और तत्त्वदर्शन

सामान्य विधि-विधान में गायत्री मंत्र का ॐकार, व्याहृति समेत त्रिपदा गायत्री का जप ही शांत एकाग्रमन से करने पर अभीष्ट प्रयोजन की पूर्ति हो जाती है । जप के साथ ध्यान भी अनिवार्य रूप से जुड़ा हुआ है । गायत्री का देवता सविता है । सविता प्रातःकाल के उदीयमान स्वर्णिम सूर्य को कहते हैं । यही ध्यान गायत्री-जप के साथ किया जाता है, साथ ही यह अभिव्यक्ति भी उजागर करनी होती है कि सविता की स्वर्णिम किरणें अपने शरीर में प्रवेश करके ओजस्, मनःक्षेत्र में प्रवेश करके तेजस् और अन्तःकरण तक पहुँकर वर्चस् की गहन स्थापना कर रही हैं-स्थलू, सूक्ष्म और कारण-शरीरों को समर्थता, पवित्रता और प्रखरता से सरावोर कर रही हैं । यह मान्यता मात्र भावना बनकर ही नहीं रह जाती वरन् अपनी फलित होने वाली प्रक्रिया का भी परिचय देती है । गायत्री की सही साधना करने वालों में ये तीनों विशेषताएँ प्रस्फुटित होती देखी जाती हैं । 

शुद्घ स्थान पर, शुद्घ उपकरणों का प्रयोग करते हुए शुद्घ शरीर से गायत्री-उपासना के लिए बैठा जाता है । यह इसलिए कि अध्यात्म-प्रयोजनों में सर्वतोमुखी शुद्घता का संचय आवश्यक है । उपासना के समय एक छोटा जलपात्र कलश के रूप में और यज्ञ की धूपबत्ती या दीपक अग्नि के रूप में पूजाचौकी पर स्थापित करने की परांपरा है । पूजा के समय अग्नि स्थापित करने का अर्थ-अग्नि को अपना इष्ट मानना एवं तेजस्विता, साहसिकता और आत्मीयता जैसे गुणों से अपने मानस को ओतप्रोत करना । जल का अर्थ है-शीतलता, शांति नीचे की ओर ढलना अर्थात् नम्रता का वरण करना । 

पूजाचौकी पर साकार उपासना वाले गायत्री माता की प्रतिमा रखते हैं । निराकार में वही काम सूर्य का चित्र अथवा दीपक या अग्नि रखने से काम चल जाता है । पूजा के समय धूप, दीप, नैवेद्य पुष्प आदि का प्रयोग करना होता है । ये सब भी किन्हीं आदर्शें के प्रतीक हैं । अक्षत अर्थात् अपनी कमाई का एक अंश भगवान् के लिए अर्पित करते रहना । दीपक अर्थात् स्वयं जलकर दूसरों के लिए प्रकाश उत्पन्न करना । पुष्प शोभायमान भी होते हैं और सुगंधित भी । मनुष्य को भी अपना जीवनयापन इसी प्रकार करना चाहिए । पंचोपचार की पूजा-सामग्री इसलिए समर्पित नहीं की जाती कि भगवान को उनकी आवश्यकता है वरन् उसका प्रयोजन यह है कि दिव्यसत्ता यह अनुभव करे कि साधक यदि सच्चा हो तो भक्तिभावना में इन सद्गुणों का जुड़ा रहना अनिवार्य स्तर का होना चाहिए । 

उपचार-सामग्री यदि न हो तो सब कुछ ध्यानरूप में मानसिक स्तर पर किया जा सकता है । जिस प्रकार बड़े आकार वाली यज्ञ-प्रक्रिया को छोटे दीपयज्ञों के रूप में सिकोड़ लिया गया है, उसी प्रकार कर्मकाण्ड सहित पूजा-उपचार का मात्र भावना-स्तर पर मानसिक कल्पनाओं के आधार पर किया जा सकता है । रास्ता चलते, काम-धाम करते, लेटे-लेटे भी गायत्री-उपासना कर लेने की परंपरा है, पर वह सब होना चाहिए भाव-संवेदना पूर्वक, मात्र कल्पना कर लेना ही पर्याप्त नहीं है । 

गायत्री-अनुष्ठानों की भी एक परंपरा है । नौ दिन में चौबीस हजार जप का विधान है, जिसे प्रायः आश्विन या चैत्र की नवरात्रियों में किया जाता है, पर उसे अपनी सुविधानुसार कभी भी किया जा सकता है । इसमें प्रतिदिन २७ मालाएँ पूरी करनी पड़ती हैं और अंत में यज्ञ-अग्निहोत्र संपन्न करने का विधान है । 

सवालक्ष-अनुष्ठान चालीस दिन में पूरा होता है । उसमें ३१ मालाएँ प्रतिदिन करनी पड़ती हैं । उसके लिए महीने की पूर्णिमा के आरंभ या अंत को चुना जा सकता है । 

सबसे बड़ा अनुष्ठान २४ लाख जप का होता हैं, प्रायः एक वर्ष में पूरा किया जाता है । 
-युगऋषि वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पं. श्रीराम शर्मा आचार्य

आत्मशोधन, साधना का एक अनिवार्य चरण

ऑपरेशन करने से पूर्व औजारों को उबालना पड़ता है । सिनेमा घर में प्रवेश करने वालों के पास गेटपास होना चाहिए । पूजा-उपासना के कर्मकाण्डों की विधि अपनाने से पूर्व साधक की निजी जीवनचर्या उच्चकोटि की होनी चाहिए । प्राचीनकाल में यह तथ्य आध्यात्मविज्ञान में पहला चरण बढ़ाने वालों को भी समय ये पूर्व जानने होते थे । अब तो लोग मात्र कर्मकाण्डों को ही सब कुछ मानने लगे हैं और सोचते है कि अमुक विधि से अमुक वस्तुओं की, अमुक शब्दों के उच्चारण द्वारा मनोंवांछित अभिलाषाएँ पूरी कर ली जाएँगी । इस सिद्धांतविहीन प्रक्रिया का जब कोई परिणाम नहीं निकलता, समय की बरबादी भर होती है तो दोष जिस-तिस पर लगाते हैं । लोग वर्णमाला सीखना अनावश्यक मानते हैं और एम. ए. का प्रमाण-पत्र झटकने की फिराक में फिरते हैं । समझा जाना चाहिए कि राजयोग के निर्माता महर्षि पतंजलि ने पहले यम और नियमों के परिपालन को प्रमुखता दी है, इसके बाद भी आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, ध्यान, समाधि आदि साधनात्मक प्रयोजनों की शिक्षा दी है । गायत्री मंत्र के साधकों को सर्वप्रथम सद्बद्धि धारण करने एवं सत्कर्म अपनाने की प्रक्रिया अपनानी चाहिए । जब प्रथम कक्षा में उतीर्ण होने से सफलता मिल जाए, तब रेखागणित, बीजगणित ,व्याकरण आदि का अभ्यास करना चाहिए । आज की महती विडंवना यह है कि लोग विधि-विधान, कर्मकांडों व उच्चारणो को ही समग्र समझ बैठते हैं और उतने भर से ही यह अपेक्षा कर लेते हैं कि उन पर देवी वरदान बरसने लगेंगे और सिद्धियाँ, विभूतियाँ बटोरने में सफलता मिल जाएगी । समझना चाहिए कि अध्यात्म-विद्या जादूगरी-बाजीगरी नहीं है । उनके पीछे व्यक्तित्व को उभारने, निखारने और उत्कृष्ट बनाने की अनिवार्य शर्त जुड़ी हुई है, जिसे प्रथम चरण में ही पूरा करना पड़ता है । 

बाजार में ऐसी ही मंत्र-तंत्र की पुस्तकें बिकती हैं, जिनमें अमुक कर्मकांड अपनाने पर अमुक सिद्घि मिल जाने की चर्चा होती है । तथाकथित गुरू लोग भी ऐसी ही कुछ क्रिया-प्रक्रिया भर को पूर्ण समझते और शिष्यों को वैसा ही कुछ बताते हैं । इस प्रकार भ्रमग्रस्तों में से एक को धूर्त और दूसरे को मूर्ख कहा जाए तो अत्युक्ति न होगी । धातुओं को, रसायनों को तथा विष को सर्वप्रथम शोधन, जागरण, मारण आदि के द्वारा प्रयोग में आने योग्य बनाना पड़ता है, तभी उन्हें औषध की तरह प्रयुक्त किया जाता है । मकरध्वज जैसा रसायन बनाने के प्रारंभिक झंझट से बचकर कोई कच्चा पारा खाले तो बलिष्ठता प्राप्त करने की आशा नहीं की जा सकतीं, उलटे हानि ही अधिक होगी । 

परिष्कृत जीवन को परिपुष्ट जीवन कह सकते हैं और पूजा-पाठ को श्रंगार । स्वस्थता के रहते यदि श्रंगार भी सजा लिया जाए तो हर्ज नहीं, पर अकेले श्रंगार सज्जा बनाकर कोई कृषकाय, जराजीर्ण और रोगग्रस्त मात्र उपहासास्पद ही बन सकता है । इन दिनों तो लोग श्रंगार को ही सब कुछ मान बैठे हैं, स्वस्थता की आवश्यकता नहीं समझते और मंत्र-तंत्र का कर्मकांड पूरा करके ही बड़ी-बड़ी आशा-अपेक्षा करने लगते हैं । मान्यता में बेतुकापन रहने से जब कुछ प्रयोजन सिद्घ नहीं होता तो नास्तिकों जैसी मान्यता बनाने या चर्चा करने लगते हैं । 

इन पंक्तियों में विभिन्न प्रकार कर्मकाड़ों की चर्चा इसलिए नहीं की जा रही है कि यदि जीवन-साधना कर ली गई हो तो उलटा नाम जपने वालों को भी ब्रह्म समान बन जाने के तथ्य सामने आते देखे गए हैं । मात्र राम-नाम के प्रभाव से ही पत्थर की शिलाएँ पानी पर तैरने जैसी कथा-गाथाएँ सही रूप में सामने आती देखी जाती हैं । अन्यथा रावण, मारिच, भस्मासुर आदि के द्वारा की गई कठोर शिव-साधना भी परिणाम में मात्र अनर्थ ही प्रस्तुत करती देखी गई है । मातृशक्ति की पवित्रता और उत्कृष्टता अंतःकरण के मर्मस्थल तक जमा ली जाए तो उससे भी इन्हीं नेत्रों द्वारा हर कहीं और कभी भी देवी का साक्षात्कार होने लगता है । 
-युगऋषि वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पं. श्रीराम शर्मा आचार्य

एक आध्यात्मिक प्रयोग

यह युगसंधि की वेला है । बीसवीं सदी की यज्ञाग्नि ही अवांछनीयताओं का समापन एवं इक्कीसवीं सदी के साथ उज्ज्वल भविष्य के आगमन एवं सतयुग की वापसी का वातावरण विनिर्मित करने जा रही है । दोनो शताब्दियों की मध्यवती अवधि वाली युगसंधि इन्हीं दिनों चल रही है । इस प्रयोजन के लिए जहाँ व्यावहारिक प्रत्यक्ष प्रयासों को क्रियान्वित किया जा रहा है, वहाँ एक करोड़ याजाकों द्वारा एक लाख गायत्री यज्ञ इन्हीं दिनों संपन्न किए जा रहे हैं और आशा की जा रही है कि भागीरथी गंगावतरण जैसा अभिनव सुयोग एक बार फिर उतरेगा । गायत्री मंत्र के साथ यज्ञ-ऊर्जा जुड़ जाने से अभीष्ट उद्देश्य का विस्तार उसी प्रकार होता है, जैसे पतली-सी आवाज लाउडस्पीकर के साथ जुड़ जाने पर दूर-दूर तक सुनी जा सकने योग्य बनती है । रेडियो-प्रसारण और दूरसंचार-उपक्रम में भी यही विधा काम करती है । यज्ञाग्नि की बिजली गायत्री मंत्र की शब्द श्रंखला के साथ समन्वित होकर अभीष्ट धर्मकृत्य को स्थानीय नहीं रहने देती वरन् व्यापक क्षेत्र को प्रभावित करती है । उससे असंख्य लोग अनेकानेक प्रकार से लाभान्वित होते हैं । 

बेटियां बहुत बड़ी-बड़ी भी होती हैं और इतनी छोटी भी कि सामान्य-सी घड़ी के बीच बैठकर उस यंत्र को साल भर तक चलाती रह सकें । गायत्री यज्ञ बड़े आकार के भी हो सकते हैं और दीपयज्ञ स्तर के छोटे आकार वाले भी । चिनगारी छोटी होती है, फिर भी उसमें ज्वालमाल दावानल बनने की संभावना विद्यमान रहती है । 

गायत्री मंत्र के साथ जुड़ी हूई ऊर्जा ऐसे ही चमत्कार उत्पन्न करती हैं, भले ही वह आकार में छोटी ही क्यों न हो । साधन सामग्री की महँगाई, लंबा समय और पुरोहितों की दान-दक्षिणाओं का भार सहन न कर पाने की वर्तमान उपेक्षा को देखते हुए दीपयज्ञों के रूप में गायत्री मंत्र के अभिनव प्रयोग चल पड़े हैं और उनका प्रतिफल भी उच्चस्तरीय एवं व्यापक क्षेत्र को प्रभावित करते हुए देखा गया है । 

युगसंधि की वर्तमान दसवर्षीय अवधि में शांन्तिकुंज से दो अत्यंत प्रचंड संकल्प उभरे हैं । एक-दीपयज्ञीय माध्यम से एक लाख सृजन-साधक खड़े करना । दूसरा-उभरे प्रयास में सहभागी बनने के लिए एक करोड़ व्यक्तियों को जुटाना । दोनों प्रयोजन जिस गति से संपन्न होते चलेंगे, उसी अनुपात से नवयुग की, सतुयग की वापसी के अनुरूप वातावरण बनता चला जाएगा । इसमें प्रयोग और प्रयास के सफल होने की संभावनाएँ अभियान का आरंभ करते-करते ही दीख पड़ रही है । भविष्य के संबंध में आशापूर्वक विश्वास किया गया है कि नवयुग के अवतरण की महत्ती संभावना नियत समय पर होकर रहेगी । पुरुषार्थ अपनी जगह और परमार्थ अपनी जगह । दोनों के समन्वय से, एक और एक के अंक बराबर रखने पर, दो नहीं वरन् ग्यारह बन जाते हैं, इस कथनी की यथार्थता वर्तमान दीपयज्ञ समारोहों से फलित होती देखती जा सकती है । एक लाख संगठित अध्यात्मिक प्रयोग और प्रयोग और एक करोड़ व्यक्तियों द्वारा अपनाए गए सृजन-पुरुषार्थ, दोनों मिलकर नवयुग का अवतरण संभव बनाएँ और उसे मत्स्यावतार की तरह विश्वव्यापी बनाएँ तो इसमें किसी को भी आश्चर्य नहीं करना चाहिए । 

यह मान्यता सभी विचारशीलों एवं सभी युगमनीषियों द्वारा स्वीकारी गई है कि इन दिनों व्यक्ति और समाज के सामने जो संकट और विग्रहों के घटाटोप छाए हुए हैं, उनका मुख्य कारण बुद्धि का भटकाव है । भ्रष्ट चिंतन से दुष्ट आचरण और उसके फलस्वरूप अनर्थों की बाढ़ आई हुई है । उसकी निराकरण करने के लिए विचारक्रांति ही एकमात्र उपचार है । जनमानस को परिष्कृत किए बिना विग्रहों के अनेकानेक स्वरूपों का निराकरण संभव नहीं हो सकेगा । विचारक्रांति अपने युग की सबसे बड़ी आवश्यकता है । इसे संपन्न करने के लिए गायत्री यज्ञ में सन्निहित तत्वज्ञान जनमानस में प्रतिष्ठित किया जाना चाहिए, साथ ही यह भी आवश्यक है कि आद्यशक्ति व समग्रशक्ति के रूप में जानी जाने वाली गायत्री-उपासना को भी प्रश्रय दिया जाए । यह पर्याप्त न होगा कि कुछ ही लोग उसकी कठोर तपश्चर्या संपन्न करने कर्तव्य की अतिश्री कर लें वरन् आवश्यक यह भी है कि इसके साथ-साथ जन-जन की प्राण-चेतना का समन्वय हो । अधिकाधिक लोग एक स्तर की साधना-पद्धति अपनाएँ और उसके सहारे बन पड़ने वाली सामूहिक प्राण-ऊर्जा का विस्तार करते हुए प्रक्रिया संपन्न करें, जिसे सीमित रखने से काम नहीं चलेगा वरन् उसकी, व्यापकता, बहुलता ही अभीष्ट प्रयोजनों की पूर्ति वाला लक्ष्य पूरा कर सकेगी । 

अनेक प्रयोजनों के लिए गायत्री-उपासना के अनेक विधि-विधान हैं । उनका विस्तृत वर्णन साधनाविज्ञान से संबंधित शास्त्रों, अनुभवों और निष्णांतजनों से प्राप्त किया जा सकता है । उपयुक्त गुरु चुनते हुए उनके मार्गदर्शन में की गई साधना अगणित फलदायी होती है । मानसिक जप कहीं भी करते रहने में कोई आपत्ति नहीं, किन्तु यदि किसी प्रयोजन-विशेष से एक संकल्पित अनुष्ठान यदि किया जाना है तो विधि-विधान विस्तार से जानकर ही उसे आरंभ किया जाना चाहिए। यहाँ यह भ्रांति भलीभांति मिटा लेनी चाहिए कि गायत्री की उपासना किसी साधक को किसी प्रकार की हानि पहुँचाती है, वस्तुतः गायत्री-साधना कभी किसी प्रकार की कोई क्षति साधक को नहीं पहुँचाती, क्योंकि यह तो सद्बुद्धि आवधारण की साधना है । 
-युगऋषि वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पं. श्रीराम शर्मा आचार्य

बुधवार, 2 मार्च 2011

यज्ञ और गायत्री एक-दूसरे के पूरक

गायत्री का पूरक एक और भी तथ्य है- यज्ञ । दोनों के सम्मिश्रण से ही पूर्ण आधार विनिर्मित होता है । भारतीय संस्कृति के जनक-जननी के रूप में यज्ञ और गायत्री को ही माना जाता है । यह प्रकृति और पुरुष हैं । इन्हें महामाया एवं परब्रह्रा की संयुक्त संयोजन स्तर की मान्यता मिली है । इसलिए गायत्री दैनिक साधना में अग्नि की साक्षी रखने की, दीपक, अगरबत्ती आदि को संयुक्त रखने की प्रक्रिया चलती है । गायत्री पुरश्चरण के उपरांत जप के अनुपात से हवन करने, आहुति देने कर्मकाएडों में वही सर्वोपरि है । धर्मकृत्यों के, हर्षोत्सवों के सफल शुभारंभ के अवसर प्रायः गायत्री-यज्ञ की ही प्रक्रिया संपन्न होती है । षोडश संस्कारों में, पर्व त्यौहारों में उसी की प्रमुखता एवं अनिवार्यता रहती है । 

यज्ञाग्नि की गोदी में भारतीय धर्मानुयायी को चिता पर सुलाया जाता है । जन्मकाल में नामकरण, पुंसवन, आदि संस्कारों के समय यज्ञ होता है । यज्ञोपवीत-संस्कार की चर्चा में यज्ञ शब्द का प्रथम प्रयोग होता है । विवाह में अग्नि की सात परिक्रमाओं का प्रमुख विधि-विधान है । वानप्रस्थ भी यज्ञ की साक्षी में किया जाता है । सभी पर्व-त्यौहार यज्ञाग्नि के सम्मिश्रण से ही संपन्न होते हैं, भले ही इस विस्मृति के जमाने में उसे अशिक्षित होने पर भी महिलाएँ अग्यारी के रूप में चिन्ह-पूजा की तरह संपन्न कर लिया करें । होली तो वार्षिक यज्ञ है । नवान्न का अपने लिए प्रयोग करने से पूर्व उसे सभी लोग पहले यज्ञ-पिता को अर्पण करते हैं, बाद में स्वयं खाने का प्रचलन है । गायत्री का एक अविच्छन्न पक्ष 'यज्ञ' प्राचीनकाल की मान्यताओं के अनुसार तो परब्रह्म का प्रत्यक्ष मुख ही माना गया है । प्रथम वेद-ऋग्वेद के प्रथम मंत्र में यज्ञ को पुरोहित की संज्ञा दी है, साथ ही यह भी कहा है कि वह होताओं को मणि-मुक्तकों की तरह बहुमूल्य बना देता है । अग्नि की ऊर्जा और तेजस्विता ऐसी है, जिसे हर किसी को धारण करना चाहिए । अग्नि अपने संपर्क में आने वालों को अपनी ऊर्जा प्रदान करती है, वही रीति-नीति हमारी भी होनी चाहिए । शांतिकुंज के ब्रह्मवर्चस शोध-संस्थान में जो शोध-कार्य उच्च वैज्ञानिक शिक्षण प्राप्त विशेषज्ञों द्वारा चल रहा है, उसमें गायत्री मंत्र के शब्दोंचारण और यज्ञ से उत्पन्न ऊर्जा की इस प्रयोजन के लिए खोज की जा रही है कि उनका प्रभाव अध्यात्म तक ही सीमित है या भौतिक क्षेत्र पर भी पड़ता है ? पाया गया है कि गायत्री मंत्र के साथ जुड़ी हुई यज्ञ-ऊर्जा पशु-पक्षियों, वृक्ष-वनस्पतियों तक के उत्कर्ष में सहायक होती है । उसमें मनुष्यों के शारीरिक एवं मानसिक रोगों के निवारण कर सकने की तो विशेष क्षमता है ही, प्रदूषण के निवारण और वातावरण का परिशोधन भी उसके माध्यम से सहज बन पड़ता है । जिनके आधार पर और भी व्यापक समस्याओं में से अनेकों का निराकरण बन सके । ब्रह्मवर्चस शोध-संस्थान के अतिरिक्त देश के हर कोने में यज्ञ-परंपरा को प्रोत्साहन देते हुए यह जाँच जा रहा है कि उस संभावित ऊर्जा के सहारे सत्प्रवृत्ति-संवर्द्घन और दुष्प्रवृत्ति-उन्मूलन में कहाँ, किस प्रकार और किस हद तक सहायता मिलती देखी गई है । गायत्री यज्ञों को एक स्वतंत्र आंदोलन के रूप में धर्मानुष्ठान का स्तर प्रदान किया गया है । उस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को यह भी समझाने का उपक्रम चलता है कि गायत्री यज्ञों में सन्निहित उत्कृष्टतावादी प्रतिपादनों के अवधारण से वैयक्तिक एवं सामूहिक अभ्युदय में कितनी महत्वपूर्ण सहायता मिलती है । पिछले दिनों आध्यात्मिक प्रभाव की व्यापक रूप से जाँच-पड़ताल हुई है और उसे हर दृष्टि से उपयोगी पाया गया है । 
-युगऋषि वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पं. श्रीराम शर्मा आचार्य 

शनिवार, 26 फ़रवरी 2011

मेरी कमियाँ

मेरा यह मानना हैं कि ईश्वर तथा प्रकृति ने मानव समाज को भरपूर दिया है।, किन्तु यह मेरी स्वयं की कमियाँ हैं जो मुझे इनका पूर्ण लाभ लेने से वन्चित रखती हैं। 
मैं अपने में निम्नांकित कमियाँ पाता हूँ।




1. मैं सिर्फ अपने सुखों/चाहतों के बारे में ही सोचता हूँ।
2. मैं अपना सुधार करने के बजाय दूसरों के सुधार में लगा रहता हूँ।
3. मैं जिन बातों को अच्छा मानता हूँ, उन पर भी अमल नहीं करता हूँ। 
4. यह अच्छी तरह जानते हुए भी कि मैं समाज के बिना नहीं रह सकता हूँ, मैं हर वो काम करता हूँ। जिससे मुझे व्यक्तिगत लाभ किन्तु समाज को हानि होती हैं।
5. मेरा अहम् एवम् स्वार्थ मेरे आगे-आगे चलता हैं। 
6. मैं हर व्यक्ति में अविश्वास रखता हूँ तथा उसके गुणों में भी दोष देखता हूँ। 
7. मैं शिक्षित होने के बावजूद नम्रता एवं नैतिकता के गुणों से दूर हूँ। 
8. मैं प्रकृति के अनमोल किन्तु निःशुल्क वरदान-भूमि, जल, वायु, आकाश, सूर्य, वन पर आश्रित होने के बाद भी उनको समाप्त कर रहा हूँ। ये मेरे स्वयं के समाप्त होने की पूर्व सूचना हैं। 

मुझे विश्वास हैं कि मेरे प्रयत्न तथा ईश्वर की कृपा ही मेरी इन कमियों को दूर कर सकती हैं।

-अंतरभावना सहित-

जनहित में गोयल चेरिटीज एसोसिएशन, इन्दौर द्वारा प्रचारित पेम्पलेट की अनुकृति

‘समाज संगठन’ श्री माहेश्वरी समाज इन्दोर के मुख पत्र से साभार।

पहचान

‘‘मैं अपना काम ठीक-ठाक करूंगा और उसका पूरा-पूरा फल पाऊँगा।‘‘ यह एक ने कहा।

‘‘मैं अपना काम ठीक-ठीक करूंगा और निश्चय ही भगवान उसका पूरा फल मुझे देंगे।’’ यह दूसरे ने कहा। 

‘‘मैं अपना काम ठीक करूंगा। फल के बारे में सोचना मेरा काम नहीं।’’ यह तीसरे ने कहा।

‘‘मैं काम-काज और फल, दोनों के झमेले में नहीं पड़ता, जो होता हैं सब ठीक है, जो होगा सब ठीक हैं।’’ यह चैथे ने कहा।

आकाश सब की सुन रहा था। 
उसने कहा-‘‘पहला गृहस्थ हैं, 
दूसरा भक्त हैं, 
तीसरा ज्ञानी हैं, 
पर चैथा परमहंस हैं या अकर्मण्य, 
यह में नहीं कह सकता।’’

‘समाज संगठन’ श्री माहेश्वरी समाज इन्दोर के मुख पत्र से साभार।

LinkWithin

Blog Widget by LinkWithin