रविवार, 14 सितंबर 2008

ज्ञान की प्राप्ति

ज्ञान की चाहत बहुतों को होती हैं, पर ज्ञान की प्राप्ति विरले करते हैं। दरअसल ज्ञान और ज्ञान में भारी भेद हैं। एक ज्ञान हैं-केवल जानकारी इकट्ठी करना, यह बोद्धिक समझ तक सीमित हैं और दूसरी ज्ञान हैं-अनुभूति, जीवंत प्रतीति। एक मृत तथ्यों का संग्रह हैं; जबकि दूसरा जीवंत सत्य का बोध हैं। इन दोनो में बडा अन्तर हैं-पाताल और आकाश जितना। सच तो यह हैं कि बोद्धिक ज्ञान कोई ज्ञान नहीं हैं, यह तो बस, ज्ञान का झूठा अहसास भर हैं । भला अन्धे व्यक्ति को प्रकाश का ज्ञान कैसे हो सकता हैं ? बोद्धिक ज्ञान कुछ ऐसा ही हैं। 

सच्चा ज्ञान कहीं बाहर से नहीं आता, यह भीतर से जागता हैं। इसे सीखना नहीं उघाडना होता हैं। सीखा हुआ ज्ञान जानकारी हैं; जबकि उघाडा हुआ ज्ञान अनुभूति हैं। जिस ज्ञान को सीखा जाये, उसके अनुसार जीवन को जबरदस्ती ढालना पड़ता है, फ़िर भी वह कभी संपूर्णतया उसके अनुकूल नही बन पाता। उस ज्ञान और जीवन में हमेशा एक अंतर्द्वंद बना ही रहता हैं, पर जो ज्ञान उघाड़ा जाता हैं उसके आगमन से ही आचरण सहज उसके अनुकूल हो जाता हैं। सच्चे ज्ञान के विपरीत जीवन का होना एक असंभावना हैं, ऐसा कभी हो ही नहीं सकता।

श्री रामकृष्ण परमहंस अपने शिष्यों को एक कथा सुनाते थे। एक घने बीहड़ वन में दो मुनि जा रहे थे। सांसारिक संबंधो की दृष्टि से वे पिता-पुत्र थे। पुत्र आगे चल रहा था, पिता पीछे था। तभी वन में सिंह का गर्ज़न सुने दिया। ब्रह्मज्ञान की बातें करने वाले पिता को घबराहट हुई , उसने पुत्र को सचेत किया- “चलो ! कहीं पेड़ पर चढ़ जायें, आगे खतरा हैं।" पुत्र पिता की इन बातों पर हँसा । हँसते हुए बोला- ‘आप तो हमेशा यही कहते रहे हैं कि शरीर नश्वर हैं और आत्मा अमर, साक्षी और द्रष्टा हैं। फिर भला खतरा किसे हैं ! जो नश्वर हैं, वह तो मरेगा ही और जो अमर हैं, उसे कोई मार नहीं सकता,’’ पर पिता के मुख में भय की छाया गहरा चुकी थी। अब तक वह पेड़ पर जा चढ़ा था। इधर पुत्र पर सिंह का हमला भी हो गया, पर वह हँसता रहा। अपनी मृत्यु में भी वह दृष्टा था। उसे न दु:ख था और न पीड़ा, क्योंकि उसे ज्ञान की प्राप्ति हो चुकी थी ; जबकि उसके पिता के पास ब्रह्मज्ञान का झूठा एहसास भर था। इसीलिए कहा जाता हैं कि ज्ञान की प्राप्ति विरल हैं। 

अखंड ज्योति नवम्बर २००५

आओ ! हम भी युगज्योति का स्पर्श पाएँ

सब तरफ हाहाकार-चीत्कार-चारों ओर अंधकार-ही-अंधकार। साधन बहुत, शक्ति बहुत, किन्तु अन्धकार में उनका उपयोग कैसे हो ? जिन्हें कुछ चाहिये, कुछ-का-कुछ उठा ले रहे हैं। जिनके पास कुछ देने को हैं, उन्हे पता नहीं किसे देना हैं। हर कार्य और उसके लिये हर वस्तु, पर इससे क्या-सभी बेठिकाने-अनर्थ तो होगा ही-कारण अन्धकार। इस अन्धकार को दूर करो, इसे निकाल बाहर करो-चारों ओर यही चीख-पुकार। यही हमें सब ओर से घेरे हैं।

एक नन्हा सा दीपक मुसकराया-कहाँ हैं अंधकार ? हर तरफ से आवाजें उठीं-यहाँ-यहाँ। दीपक पहुँचा-पूछा, कहां ? उत्तर मिला-हर तरफ। दीपक ने कहा-पर अभी तो कहा जा रहा था ‘यहाँ’ ! पर यहाँ तो कहीं नहीं हैं। लोगों ने चारों ओर देखा, सारी स्थिति साफ-साफ दीख रही थी। अपनी बात सही न साबित होते देख सभी दीपक पर बिगड़ उठे-तुम हमें झूंठा साबित करने आये हो। हमारी चोटें देखो, हमारी हालत देखो, यह क्या बिना अन्धकार के सम्भव हैं ? दीपक शांत भाव से बोला-तुम्हें झूंठा सिद्ध करने का नहीं, अपना सत्य समझाने का विचार हैं, पर जो समझे उसी को तो समझाऊँ। तुमने अपनी चोटें देख लीं-उनमें मलहम लगाओ, मैं अन्य स्थान देखूँ।

दीपक हर आवाज पर गया, पर कहीं अन्धकार नहीं मिला। सब जगह वही क्रम दोहराया गया। लोगों ने देखा, अरे सचमुच अन्धकार तो दीपक के पहुँचते ही भाग जाता हैं। जहाँ दीपक होता हैं, वहाँ साफ-साफ दिखाई पड़ने लगता हैं। दीपक के चारों ओर भीड़ लग गयी। सब प्रसन्नचित्त अपना-अपना काम करने लगे।

एक ने पूछा-अन्धकार किसने भगाया ? उत्तर मिला-इस ज्योति ने। एक बोला-तो ज्योति हमें दे दो, अपने घर ले जायेंगे। दूसरा बोला-नहीं मुझे दो और मुझे-मुझे का शोर मच गया। दीपक ने कहा-ज्योति सभी के साथ जा सकती हैं, पर उसकी अपनी शर्त हैं, कीमत हैं। लोग हर्ष से पुकार उठे-हम कीमत देंगे, शर्त पूरी करेंगे, ज्योति लेंगे।

तो सुनो, ज्योति वर्तिका पर ठहरती हैं, पर उसे स्नेहसिक्त होना चाहिये और हाँ उसे धारण करने के लिये ऐसा पात्र जो सीधा रह सके और स्नेह को स्वयं ही न पी जाये। यह सब कर सको, तो फिर करो ज्योति पाने की तैयारी। कुछ ने सार्थक प्रयास किया, दीपक ने उन्हें स्पर्श किया, वे प्रकाशित हुऐ और चल पड़े। शेष शिकायत करते रहे।

आज भी हर व्यक्ति के लिये कुछ ऐसा ही अवसर हैं। युगज्योति हममें से हर एक का आह्वान कर रही हैं। पर हम हैं कि लाभ उठाने की कोशिश कम, शिकायतें अधिक कर रहे हैं। अच्छा हो, इसके लिये जीवन में साधन जुटायेँ युगज्योति के संपर्क में आने की साधना करें। फिर तो युगज्याति का स्पर्श पाते ही, जीवन में अन्धकार खोजने पर भी नहीं मिलेगा।

अखण्ड ज्योति नवम्बर १९९९

कर्मकांड

लोग उपासना का एक अंश ही सीखे हैं-कर्मकांड । जप, हवन, पूजन, स्तवन आदि शरीर एवं पदार्थों से सम्पन्न हो सकने वाली विधि-व्यवस्था तो कर लेते है, पर उस साधना को प्राणवान सजीव बनाने वाली भावना के समन्वय की बात सोचते तक नहीं। सोचे तो तब, जब भावना नाम की कोई चीज उनके पास हो। बडी मछली छोटी मछली को निगल जाती हैं और कामना-भावना को, कामनाओं की नदी में आमतोर से लोगो की भाव कोमलता जल-भुनकर खाक होती रहती हैं तथ्य यह हैं कि भावना पर श्रद्धा विश्वास पर आन्तरिक उत्कृष्टता पर ही अध्यात्म की, साधना की और सिद्धियों की आधारशिला रखी हुयी है। यह मूल तत्व ही न रहे तो साधनात्मक कर्मकांड, मात्र धार्मिक क्रिया-कलाप बन कर रह जाते हैं। उनका थोडा सा मनोवेज्ञानिक प्रभाव ही उत्पन्न होता हैं। साधना के चमत्कार श्रद्धा पर अवलम्बित है।

-आचार्य श्रीरामशर्मा

शिक्षा के साथ विद्या भी

मनुष्य को सुयोग्य बनाने के लिए उसके मस्तिष्क को दो प्रकार से उन्नत किया जाता है। 
(1) शिक्षा द्वारा 
(2) विद्या द्वारा
शिक्षा के अन्तर्गत वे सब बातें आती हैं जो स्कूलों में कालेजों में, ट्रेनिंग कैम्पों में, हाट बाजार मे घर में, दुकान में, समाज में सिखाई जाती है। गणित, भूगोल, इतिहास, भाषा, शिल्प, व्यायाम, रसायन, चिकित्सा, निर्माण व्यापार, कृषि, संगीत, कला आदि बातें सीखकर मनुष्य व्यवहार कुशल, चतुर, कमाउ, लोकप्रिय एवं शक्ति सम्पन्न बनता है। विद्या द्वारा मनोभूमि का निर्माण होता है।

मनुष्य की इच्छा आकांक्षा, भावना, श्रद्धा, मान्यता, रुचि एवं आदतों के अच्छे ढॉंचे में ढालना विद्या का काम है। चौरासी लाख योनियों में घूमते हुए आने के कारण पिछले पाशविक संस्कारों से मन भरा रहता है उनका संशोधन करना विद्या का काम है।

शिक्षा का अर्थ है- सांसारिक ज्ञान। विद्या का अर्थ है-मनोभूमि की सुव्यवस्था। शिक्षा आवश्यक है, पर विद्या उससे भी अधिक आवश्यक है। शिक्षा बढ़नी चाहिए , पर विद्या का विस्तार उससे भी अधिक होना चाहिए अन्यथा दूषित मनोभूमि रहते हुए यदि सांसारिक सामर्थ्य बढ़ी तो उसका परिणाम भयंकर होगा।

संयम-नियम

मात्र आहार पर ही शारीरिक स्वास्थ्य निर्भर नहीं रहता। जलवायु, मन:स्थिति और संयम-नियम पर भी बहुत हद तक अवलम्बित है। हिमालय का शीतप्रधान वातावरण, निरन्तर गंगा जल का उपयोग, हर काम में समय की नियमित व्यवस्था, भूख से कम खाने से पाचन सही होना, चित्त का दिव्य चिन्तन में निरत रहना, मानसिक विक्षोभ और उद्वेग का अवसर न आना यह ऐसे आधार हैं, जिनका मूल्य पौष्टिक आहार से हजार गुना ज्यादा है। तपस्वी लोग सुविधा-साधना का, आहार का अभाव रहने पर भी दीर्घजीवी, पुष्ट और सशक्त रहते हैं, उसका कारण उपर्युक्त हैं जिसका महत्त्व आमतौर से नहीं समझा जाता है।

-परमपूज्य गुरुदेव आचार्य श्रीराम शर्मा

क्या करें क्या न करें ?


त्यागने योग्य 
  • चोरी, बेईमानी, छल, मुनाफाखोरी, हराम की कमाई, मुफ्तखोरी आदि। अनीति से दूर रहना, अनीति से उपार्जित धन का उपयोग न करना। 
  • मांसाहार तथा मारे हुए पशुओं के चमडे का प्रयोग बन्द करना। 
  • पशुबलि अथवा दूसरों को कष्ट पहुंचाकर अपना भला करने की प्रवृति छोडना। 
  • विवाहों में वर पक्ष द्वारा दहेज लेने तथा कन्या पक्ष द्वारा जेवर चढाने का आग्रह न करना। 
  • विवाहों की धूम-धाम में धन की और समय की बर्बादी न करना। 
  • नशे (तम्बाकू, शराब, भॉग, गॉजा, अफीम आदि) का त्याग। 
  • गाली-गलौज एवं कटु भाषण का त्याग। 
  • जेवर और फैशनपरस्ती का त्याग। 
  • अन्न की बर्बादी, जूठन छोडने की आदत का त्याग। 
  • जाति-पॉति के आधार पर ऊंच-नीच, छूत-छात न मानना। 
  • पर्दाप्रथा का त्याग-किसी को पर्दा करने के लिए बाध्य न करना। स्वयं पर्दा न करना। 
  • महिलाओं एवं लड़कियों के साथ पुरुषों और लड़को की तुलना में भेद-भाव या पक्षपात न करना। 
अपनाने योग्य सत्प्रवृतियॉ।
  • कम से कम दस मिनट नित्य नियमित गायत्री उपासना। 
  • घर में अपने से बडो का नियमित अभिवादन करना। 
  • छोटों के सम्मान का ध्यान रखना, उनसे तू करके न बोलना। 
  • अपने कर्तव्यों के प्रति जागरुक रहना तथा उनका पालन करना। 
  • परिश्रम का अभ्यास बनाये रहना, किसी काम को छोटा न समझना। 
  • नियमित स्वाध्याय-जीवन को सही दिशा देने वाला सत्साहित्य कम से कम आधा घण्टे नित्य स्वयं पढना या सुनना। 
  • भारतीय संस्कृति की प्रतीक शिखा एवं यज्ञोपवीत का महत्त्व समझना, उन्हें निष्ठापूर्वक धारण करना-दूसरों को प्रेरणा देना। 
  • सादगी का जीवन जीना, औसत भारतीय स्तर के रहन-सहन के अनुरुप विचार एवं अभ्यास बनाना। उसमें गौरव अनुभव करना।
  •  ज्ञान-यज्ञ-सद्विचार प्रसार के लिये कम से कम 50 पैसा धन और एक घण्टा समय प्रतिदिन बचाकर सही ढंग से खर्च करना।
  •  परिवार में सामुहिक उपासना, आरती, आदि का क्रम चलाना। 
  • प्रतिवर्ष अपना जन्मदिन सामूहिकरुप से यज्ञीय वातावरण में मनाना तथा जीवन की सार्थकता के लिए व्रतशील जीवनक्रम बनाना। 
  • समाज के प्रति, अपने उत्तरदायित्वों के प्रति जागरुकता, समाज में सत्प्रवृतियॉं बढाने के लिए किये जाने वाले सामूहिक प्रयासों में उत्साह भरा योगदान देना। 

जिसने आज दिया वही कल देगा।

जिसने आज दिया वही कल देगा। जिसने आज दिया हैं , वह कल भी देगा। वह कल भी देगा- वह कौन है ? परमात्मा ? नहीं, तुम्हारा पुण्य है। इस संसार में जो भी सुख-सुविधा मिलती है वह सब पुण्य से ही मिलती है। पुण्य ही दिलाता हैं और पुण्य ही जिलाता हैं संसार में अगर कोई मॉं-बाप हैं तो पुण्य ही हैं। वही हमारा पालनहार है। इसलिए अपने जीवन में पुण्य का संचय करते रहो। जहॉ से भी मिले पुण्य लूटते रहो। पुण्य का खजाना खाली न होने पाये। इस बात का विशेष ख्याल रखना। पूरे दिन में कम से कम दो पुण्य काम जरुर करो। पाप तो दिनभर में सेकडो हो जाते हैं, पर पूरे दिन में कम से कम दो पुण्य जरुर करो। इससे हमारा ना सिर्फ यह जीवन सम्भलेगा अपितु इसके बाद का जीवन भी सम्भल जायेगा। यह जीवन का महत्त्वपूर्ण सूत्र हैं जिसे जीकर हम जीवन को सार्थकता दे सकते है।

आध्यात्मिक कैसे बना जा सकता है ?

पूजा अर्चा प्रतीक मात्र हैं, जो बताती है कि वास्तविक उपासक का स्वरुप क्या होना चाहिए और उसके साथ क्या उद्देश्य और क्या उपक्रम जुडा रहना चाहिए।

देवता के सम्मुख दीपक जलाने का तात्पर्य यहॉं हमें दीपक की तरह जलने और सर्वसाधारण के लिए प्रकाश प्रदान करने की अवधारणा हृदयंगम कराता है।

`पुष्प´ चढाने का तात्पर्य यह है कि जीवनक्रम को सर्वांग सुन्दर, कोमल, सुशोभित रहने में कोई कमी न रहने दी जाये।

`अक्षत´ चढाने का तात्पर्य हैं कि हमारे कार्य का एक नियमित अंशदान परमार्थ प्रयोजन के लिए लगता रहेगा।

`चंदन लेपन´ का तात्पर्य हैं कि सम्पर्क क्षेत्र में अपनी विशिष्टता सुगंध बनकर अधिक विकसित हो।

`नैवेद्य´ चढाने का तात्पर्य है-अपने स्वभाव और व्यवहार में मधुरता का अधिकाधिक समावेश करना।

`जप´ का उद्देश्य हैं अपने मन:क्षेत्र में निर्धारित लक्ष्य तक पहुंचने की निष्ठा का समावेष करने के लिए लिए उसकी रट लगाये रहना।

`ध्यान´ का अर्थ है अपनी मानसिकता को लक्ष्य विशेष पर अविचल भाव से केन्द्रीभूत किये रहना।

`प्राणायाम´ का प्रयोजन अपने आपको हर दृष्टि से प्राणवान, प्रखर, प्रतिभासम्पन्न बनाये रखना।

अक्षत, चन्दन, पुष्प, धूप-दीप तो पूजा के प्रतीक मात्र हैं, असली पूजा तो लोकमंगल के लिए किए गये उदार सत्प्रयत्नों से ही ऑकी जाती है। समूचे साधना विज्ञान का तत्वदर्शन इस बात पर केन्द्रीभूत है कि जीवनचर्या का बहिरंग और अंतरंग पक्ष निरन्तर मानवी गरिमा के उपयुक्त ढॉंचे में ढलता रहे। कषाय-कल्मषों के दोष-दुर्गुण जहॉं भी छिपे हुए हो उनका निराकरण होता चले।

मनन

मनन मन से मन-न होने की आध्यात्मिक यात्रा हैं। यह ऐसी अनोखी प्रक्रिया हैं, जिसमें संलग्न होने, समर्पित होने पर मन का संपूर्णत: विसर्जन और विलय हो जाता हैं। इस सच पर कितना ही कोई अचरज क्यों न करे, फिर भी सच तो सच ही हैं। हालॉंकि इस अनूठे रहस्य से कम ही लोग परिचित हैं जबकि मनन शब्द का प्रयोग बहुतायत में होता हैं। अनेकों, अनेक बार इसका प्रयोग करते हैं, फिर भी इसके आध्यात्मिक रहस्य का स्पर्श विरले ही कर पाते हैं।

सामान्य सोच तो एक विचार को बार-बार सोचते रहने को मनन मान लेती हैं जबकि अध्यात्मवेत्ता कहते हैं कि मन में उठती किसी विशेष विचार की गुनगुनाहट-गूँज अथवा ध्वनि-प्रतिध्वनि को मनन कहना ठीक नहीं हैं। यह तो एक गहरी आध्यात्मिक अनुभूति हैं, जो किसी सत्यान्वेषी साधक को तब होती हैं, जब वह किसी पवित्र विचार, पवित्र भाव अथवा पावन व्यक्तित्व या उसकी दिव्य छवि को अपने में धारण करता हैं।

यदि पवित्र तत्त्वों-सत्यों को ठीक से धारण कर लिया गया हैं तो मन में स्वत: ही धारणा घटित होने लगती हैं। मन कुछ उसी तरह मौन हो उसकी अनुभूति में डूबता हैं, जैसे कि कोई स्वादलोलुप व्यक्ति स्वादिष्ट भोजन करते समय मूक और मौन हो स्वाद के अनुभव में खो जाता हैं। जैसे-जैसे धारण किए गए पवित्र विचार, पवित्र भाव अथवा पावन व्यक्तित्व या उसकी दिव्य छवि की अनुभूति प्रगाढ़ होती हैं कि मन, उसमें संजोई सारी संस्कारराशि, कर्मबीजों का ढ़ेर, आदतें, प्रवृतियॉं सभी खो जाते हैं। यहॉं तक कि मन मन-न में परिवर्तित हो जाता हैं। मन का यह परिवर्तन और रुपांतरण ही तो मनन हैं, जिसके परिणाम में अंतस् मे उज्ज्वल आत्मप्रकाश की धाराएं फूट पड़ती हैं। यह ऐसा सच हैं, जिसे जो करे, सो जाने।

अखण्ड ज्योति नवंबर 2007

शनिवार, 13 सितंबर 2008

अनजान

आशीर्वाद

प्रज्ञावतार की पुण्यवेला

अन्धकार जब गहराता चला जाए, तो इसकी सघनतम स्थिति के अतिसमीप ही प्रभातकाल की ब्रह्मवेला भी जुड़ी रहती हैं। गर्मी की अतिशय तपन बढ़ चलने पर वर्षा की सम्भावना का अनुमान लगाया जा सकता हैं और सार्थक भी होता हैं। चारों ओर झुलस गयी धरती हरियाली के कवच से भर जाती हैं, मानो एक अप्रत्याशित चमत्कार-सा हुआ हो। दीपक जब बुझने को होता हैं, तो उसकी लौ जोर-जोर से चमकती हैं, लपलपाने लगती हैं। मरण की वेला अतिनिकट होने पर भी रोगी में हलकी-सी चेतना अवश्य लौट आती हैं और वह असामान्य रुप से लम्बी-लम्बी सॉंसे लेने लगता हैं। सभी जानते हैं कि मृत्यु की वेला समीप आ गयी। मरण के पूर्व कुछ ही पहले चींटी के पर निकलने लगते हैं।

उपर्युक्त उदाहरण आज की युगसंधि की वेला एवं प्रज्ञावतार के आगमन के पुण्य-प्रयोजन की व्याख्या हेतु दिए गए हैं। इन दिनो असुरता जीवन-मरण का संघर्ष कर रही हैं। उसे समाप्त होना ही हैं, मात्र उसका अंतिम चरण '' हताशा की स्थिति में एक उग्र रुप और '' - इस परिप्रेक्ष्य में ही देखा जाना चाहिए। अनीति की थोड़ी मात्रा नीतिवानो के सामने चुनौति बनकर पहुंचती और उन्हे अनौचित्य से लड़ पड़ने की उत्तेजना एवं पौरुष प्रदान करती है। जन-जन को दुष्टता का पराभव देखने का अवसर मिलता है। जागरुकता, आदर्शवादिता और साहसिकता का उभार होता ही तब हैं जब अनय के असुर की दुरभिसंधिया देवत्व में आक्रोश का आवेश भरती हैं। इस दृष्टि से अनय का अस्तित्व दुखदायी होते हुए भी अन्तत: उत्कृष्टता के प्रखर बने रहने की सम्भावनाएं प्रशस्त बनाए रखता है।

किन्तु यदा-कदा परिस्थितियॉं ऐसी भी आती हैं, जब संत, सुधारक और शहीद अपने प्रराक्रम प्रभाव का परिमाण भारी देखते हैं एवं विपन्नता से लड़ते-लड़ते भी सत्परिणाम की संभावना को धुमिल देखते हैं। ऐसे अवसरों पर अवतार का पराक्रम उभरता हैं और ऐसी परिस्थितियॉं विनिर्मित करता हैं, जिससे पासा पलटने, परिस्थिति उलटने का असंभाव्य भी संभव हो सके। विपित्त की विषम वेला में सदा यही होता रहा हैं। भविष्य में भी यही क्रम चलेगा। वर्तमान में इसके महातथ्य का प्रत्यक्ष स्पष्टीकरण सामने हैं। युगपरिवर्तन की इस पुण्यवेला में प्रज्ञावतार की प्रखर भूमिका संपादित होते हुए ज्ञानवानों की पैनी दृष्टि सरलतापूर्वक देख सकती है।

अखण्ड ज्योति अगस्त-1969

उपदेश की योग्यता

एक बालक मिठाई बहुत खाता था, उसकी यह आदत उसके स्वास्थ्य को बिगाड़ रही थी। बालक मानता नहीं था। निदान के लिए उसकी माता उसे रामकृष्ण परमहंस की शिक्षा का अधिक प्रभाव पड़ने की आशा से उनके पास ले गई और प्रार्थना की कि आप इसे उपदेश देकर मिठाई खाना छुड़ा दें। परमहंस ने उसे एक सप्ताह बाद आने को कहा। महिला चली गई। एक सप्ताह बाद आई, तब उन्होंने बालक को उपदेश दिया और उसने मिठाई छोड़ भी दी।

महिला ने एक सप्ताह विलंब लगाने का कारण पूछा, तो परमहंस ने कहा, तब तो मैं मिठाई स्वयं खाता था। जब बालक को उपदेश देना आवश्यक प्रतीत हुआ, तो पहले मैंने स्वयं मिठाई छोड़ी , तब बालक को कहा। जो करता है, उसी की शिक्षा का प्रभाव भी पड़ता है।

यह प्राथमिक आवश्यकता है कि व्यक्ति पहले अपने चिन्तन को देखे। लोकसेवी व सत्साहस हेतु संघर्ष करने के लिए आगे आने वाले के लिए तो यह एक अनिवार्य प्रक्रिया है।

गुरु की खोज

तुम्हारे सूत्र जीवन मे नही हमने उतारे,
रहे बस खोजते निशिदिन तुम्हारे ही सहारे |

कभी जब तेज धारो मे बहावों मे घिरे हम,
हुऐ अक्षम पकड़ने मे सभी सक्षम सिरे हम,
तुम्ही ने स्नेह-संरक्षण हमे उस क्षण दिया,
स्वयम् दायित्व शिष्यों का सदा तुमने लिया है,

कृपा से पा गए है हम सबल अविचल किनारे |
रहे बस खोजते निशिदिन तुम्हारे ही सहारे |

तनिक सोचे की हमने किस तरह जीवन जिया है,
किसी के अश्रु पोंछे क्या किसी का दुःख पिया है ?
कभी देवत्व का आलोक हममे दीख पाया है ?
हमारे आचरण ने क्या किसी का मन लुभाया है ?

हमारे प्यार ने कितने यहाँ जीवन सुधारे,
रहे बस खोजते निशिदिन तुम्हारे ही सहारे |

स्वयम् अपनी समीक्षा का रखा क्या ध्यान हमने ?
स्वयम परिवार का कितना किया निर्माण हमने ?
किया क्या अन्य का आदर, सहज सत्कार हमने ?
किया कितने सुझावों को यहाँ स्वीकार हमने ?

कभी यह प्रश्न जीवन मे नही हमने विचारे |
रहे बस खोजते निशिदिन तुम्हारे ही सहारे |

हमे है लोकसेवी बन सभी के मध्य जाना,
न छिप सकता कभी गुण-दोष का अपना खजाना,
तभी तो स्वच्छ रखना है हमे प्रत्येक कोना ,
कथन से पूर्व है हमको स्वयम् उत्कृष्ट होना,

जरुरी है की हर परिजन स्वयम् का मन बुहारे |
रहे बस खोजते निशिदिन तुम्हारे ही सहारे |

--शचीन्द्र भटनागर


परावाणी के निर्देश

तूफानी मोसम मे जो तूफानी चाल दिखायेगा,
युग उसके गुण जायेगा |

धीरे चलने वाला तेज हवाओ मे घिर जाता है,
अलग-थलग जो रहता है वह पथ मे ही गिर जाता है |
एक तरफ़ गहरी खाई है, उससे कदम बचाने है,
और दूसरी और फिसलने है, भरपूर ढलाने है,

सबके साथ संघटित होकर जो भी कदम बढ़ाएगा,
युग उसके गुण जायेगा |

इस पीढी को गीत सुनाओ मत केवल मादकता के,
बहकाओ मत उसे दिखाकर सपने तुम भावुकता के,
ऐसे गीत रचो जो जाग्रत कर दे दसो दिशाओ को,
झकझोरे युवको के पूरे चिंतन और क्रियाओ को,

जो प्रमाद को हटा, मनुज मे नूतन प्राण जगायेगा,
युग उसके गुण जायेगा |

कला न वह सच्ची होती जो दुर्भावना जगाती है,
जो हिंसा-अत्याचारों के लिए हमे उकसाती है,
कला तुम्हारी ऐसी हो जिससे पावनता झरती हो,
ह्रदयों मे जो सत्कर्मो के लिए प्रेरणा भरती हो,

जो सदभावों की सुपावनी धार बहायेगा,
युग उसके गुण जायेगा |

सावधान हो जाओ, मेरी कोटि-कोटि संतानों तुम,
महाकाल का चक्र चल रहा है, उसको पहचानो तुम,
उसकी प्रखर द्रष्टि से कोई व्यक्ति नही छिप सकता है,
कोई साथ चले न चले, पर कार्य न उसका रुकता है,

जो उसका सहयोगी होगा , श्रेय वही तो पायेगा,
युग उसके गुण जायेगा |

ओ मेरे आत्मीय परिजनों ! जिन्हें मनुजता प्यारी है,
बलिदानों के लिये उन्ही की यह दुनिया आभारी है,
तुमने त्याग-तितिक्षा-तप का जो आदर्श दिखाया है,
नई भोर का उसने ही नूतन इतिहास बनाया है,

हर सहयोग तुम्हारा युग का शिलालेख बन जायगा,
युग उसके गुण जायेगा |

- शचीन्द्र भटनागर अखंड ज्योति मई २००२

सुनो सुनो ए बहिन- भाइयो |

सुनो सुनो ए बहिन- भाइयो, एक बड़े पते की बात |
नए सृजन का समय आ गया, उठो बढाओ हाथ ||
यों तो करने वाले करते भारी पूजा-पाठ
लेकिन प्रभु का काम न करते , करते कोरी बात ||
बात ही बात, न देते साथ ||

भ्रम के भटकावे छोडो, कुछ काम प्रभु का कर लो रे |
लुटा रहा युग पुरूष सिद्धियाँ, चाहे झोली भर लो रे ||

सुनो सुनो युग दूत बुलाता, मत उसको झुठलाओ |
भीतर से सद्भाव जगाता, उस पर ध्यान लगाओ ||
अलग-अलग मत भटको भाई, मिलकर कदम बढाओ |
युग विचार, युग ऋषि से मिलकर, जन-जन तक पहुँचाओ ||
अवसर अनमोल पकड़ लो रे, अपना प्रयास तो कर लो रे |
थोडी हिम्मत तो कर लो रे | 

जप-तप का बस करो ना, सुनते हो कुछ काम करो ना |
मन की मनमानी छोडो, प्रज्ञा की राह पकड़ लो रे ||

लुटा रहा युग पुरूष सिद्धियाँ, चाहे झोली भर लो रे |
मत डरना यदि असुर शक्तियाँ, दिखें भयानक भारी ||
युग के एक थपेडे से, ढह जाते अत्याचारी |
समय-समय पर युग दूतों ने, बिगड़ी बात सँभारी ||
प्रज्ञा पुत्रों ! आगे आओ, आज तुम्हारी बारी |
मन को छोटा मत होने दो, साहस मत ओछा होने दो ||
प्रभु कि मर्जी भी होने दो |

प्रभु की लीला याद करो रे, गिद्ध-ग्वाल सा शौर्य भरो रे |
कल की कायरता छोडो, बासंती चोल रंग लो रे |
लुटा रहा युग पुरूष सिद्धियाँ, चाहे झोली भर लो रे ||
पढ़ते हैं इतिहास तो कहते काश ! कि हम भी होते |
हम भी कुछ करके दिखलाते, कभी न अवसर खोते ||
हम ना अवसर खोते भैया, सबसे आगे होते |
उनने केवल गीत न गाये - मेरा रंग दे बसंती चोला ||
उनने केवल गीत न गाये - जौहर दिखा शहीद कहाये |
वे गोली पर भी डटे रहे - तुम गाली से डर रहे अरे ||
कैसी गलती कर रहे अरे ||

अपनी गरिमा याद करो ना- काम करो बकवास करो ना |
ढुलमुल ढकोसले छोडो- वीरों की राह पकड़ लो रे ||
लुटा रहा युग पुरूष सिद्धियाँ, चाहे झोली भर लो रे ||

भले काम के लिए कहो तो - हमको समय कहाँ है ?
सच पूछो तो वक्त काटते फिरते जहाँ - तहाँ हैं ||
हम समय अकारण खोते- है समय नहीं यों रोते हैं |
हर जीवन कि यही व्यथायें- अजब समय की अजब कथाएं ||
यह अपनी अजब कमाई है, गत अपनी स्वयं बनायी है |
अब तो भूल सुधार करो रे - ख़ुद अपना उद्धार करो रे ||
यह रुढिवादिता- रास्ता विवेक का गह लो रे |
लुटा रहा युग पुरूष सिद्धियाँ, चाहे झोली भर लो रे ||

प्रज्ञा युग आने वाला है - युग ने ली अंगड़ाई |
युग निर्माण योजना लेकर - नया संदेशा लाई ||
हर मन में देवत्व जगाना, भू पर स्वर्ग बनाना है |
अपना कर सुधार इस जग को - फिर से श्रेष्ठ बनाना है |
युग ऋषि का संदेश ह्रदय में- सबके हमें बिठाना है |
अंशदान कर समयदान कर- घर-घर अलख जगाना है ||
युग वेला है - चूक न जाना- शंका में मत समय गँवाना |
शंका डायन को छोडो- उल्लास ह्रदय में भर लो रे ||
लुटा रहा युग पुरूष सिद्धियाँ, चाहे झोली भर लो रे ||

प्रज्ञा पुत्र कहाने वालों- जीवन धन्य बना लो |
जाग्रत आत्मा बनकर भाई- सोये भाग्य जगा लो ||
साझेदारी प्रभु से कर लो- जो चाहो सो पा लो |
ऐसा समय ना फिर-फिर आता-आओ लाभ उठा लो ||
समझदार कहलाने वालों- ना समझी से हाथ हटा लो |
अपना ओछापन छोडो- प्रभु की विशालता वर लो रे ||
नाव बाँधकर इस बेडे से, ख़ुद भवसागर तर लो रे |
लुटा रहा युग पुरूष सिद्धियाँ, चाहे झोली भर लो रे ||

बहुत बढ़ गए पाप धरा पर- उनको मार भगायें |
देव संस्कृति को हम फिर से- घर-घर में पहुंचायें ||
घोड़ा अश्वमेध का छूटा- विजयी उसे बनायें |
महाकाल की सुनें गर्जना- जागें और जगायें ||
कुछ बीज पुण्य के बोओ रे- यह स्वर्ण घड़ी मत खोओ रे |
जागो अब तो मत सोओ रे ||

अपना तेजस् भूल न जाना, इस जग में ओजस् फैलाना |
ओछापन मन का छोडो- छाती चौड़ी कर लो रे ||
लुटा रहा युग पुरूष सिद्धियाँ, चाहे झोली भर लो रे ||

आश्वासन ( गुरुदेव )


तुम न घबराओ न आंसू ही बहाओ, 
अबऔर कोई हो न हो, पर मैं तुम्हारा हूँ |
मैं खुशी के गीत गा-गा कर सुनाऊंगा,
तुम न घबराओ..............................||

मानता हूँ ठोकरें तुमने सदा खाईं,
जिंदगी के दांव में, हारें सदा पाईं |
बिजलियाँ दुःख की, निराशा की सदा टूटीँ,
मन गगन पर वेदना की बदलियाँ छाईं |
पोंछ दूँगा मैं तुम्हारे अश्रु गीतों से,
तुम सरीखे बे-सहारों का सहारा हूँ |
मैं तुम्हारे घाव धो मरहम लगाऊँगा,
मैं विजय के गीत गा-गा कर सुनाऊंगा |
तुम न घबराओ..............................||

खा गई इंसानियत को भूख यह भूखी,
स्नेह ममता को गई पी प्यास यह सूखी |
जानवर भी पेट का साधन जुटाते हैं,
जिंदगी का हक़ नही है रोटियां रूखी |
और कुछ माँगो हँसी माँगो खुशी माँगो,
खो गए हो, दे रहा तुमको इशारा हूँ |
आज जीने की कला तुमको सिखाऊंगा,
जिन्दगी के गीत गा-गा कर सुनाऊंगा |
तुम न घबराओ..............................||

कड़ी

कड़ी जो जोड़ती है-
कर्तव्य को अधिकार से,
वाणी को व्यवहार से,
सादगी को श्रृंगार से,
नफ़रत को प्यार से ।

कड़ी जो जोड़ती है -
अमीर को फ़कीर से,
आत्मा को शरीर से,
प्रसन्नता को पीर से,
जोशीलेपन को धीर से |

कड़ी जो जोड़ती है-
संस्कृति को सभ्यता से,
बड़प्पन को महानता से,
भौतिकता को नैतिकता से,
आदर्शवाद को व्यावहारिकता से ।

कड़ी जो जोड़ती है-
फ़ैशन को शालीनता से,
पुरातन को नवीनता से,
अहंकार को हीनता से,
सरलता को गंभीरता से ।

कड़ी जो जोड़ती है-
दिल को दिमाग से,
पानी को आग से,
मनोरंजन को वैराग से |

कड़ी जो जोड़ती है-
अध्यात्म को विज्ञान से,
श्वाँस को प्राण से,
अस्थिरता को विराम से ।

कड़ी जो जोड़ती है-
जवानी को बुढ़ापे से,
आँगन को अहाते से ।

कड़ी जो जोड़ती है-
पूरब को पश्चिम से,
आदि को अंतिम से ।

कड़ी जो जोड़ती है-
तुच्छ को महान से,
इंसान को भगवान से,
इंसान को इंसान से ।

वो कड़ी कहीं खो गयी है शायद ।
क्या हममें है वो लचक,
कि हम बन सकें वो कड़ी ?

अवसर न खोने की वेला

युगद्रष्टा ने हैं चिन्तन के मेघ बहुत बरसाए,
ऐसा हो पुरुषार्थ, न कोई बूंद व्यर्थ बह पाए |

लगता है, ज्यों कई जनम के भाग्य हमारे जागे,
आतुर है आकाश बरसने को आँखों के आगे,
करना है पुरुषार्थ, बादलो का जल हमें संजोना,
अनुपम अवसर मिला हमें जो, उसे न हमको खोना है,

भाग्यवान है हम कि भूमि पर इस वेला मे आए |
ऐसा हो पुरुषार्थ, न कोई बूंद व्यर्थ बह पाए |

ऋषि के शब्द-शब्द है ऐसे धधक रहे अंगारे,
दुश्चिन्तन-दुर्भाव दोष मिट जाते सभी हमारे,
आत्महीनता से जिनके मन है निस्तेज प्रकम्पित,
पाकर उनकी तपन, वही होंगे सक्रिय, उत्साहित,

हो प्रयास, जिससे वह ऊष्मा जन-जन को मिल पाए |
ऐसा हो पुरुषार्थ, न कोई बूंद व्यर्थ बह पाए |

दिन क्या, पल-पल का भी होता मूल्य बहुत खेती मे,
मेहनत से तैयार भूमि होती है धीमे-धीमे,
मोसम है उपयुक्त, व्यर्थ हम समय न बिल्कुल खोये,
गुरु के क्रांति-बीज मानव की मनोभूमि मे बोए,

सदाचार की जनहितकारी फसल यहाँ लहराए |
ऐसा हो पुरुषार्थ, न कोई बूंद व्यर्थ बह पाए |

गुरुवर की प्रेरणा भरी हैं सरल सहज वाणी मे,
भर सकती है प्रखर चेतना वह प्राणी-प्राणी मे,
परिवर्तन के सूत्र स्वयं समझे, सबको समझाए,
नई सुबह के लिए सभी मे दृढ विश्वाश जगाये,

शिथिल नही हो पांव, न कोई आँख कहीं अलसाये |
ऐसा हो पुरुषार्थ, न कोई बूंद व्यर्थ बह पाए |

_शचीन्द्र भटनागर
अखंड ज्योति जुलाई २००८

श्रीकृष्ण - अवतरण

कौरवी-षडयंत्र अब भी चल रहा,
पाण्डवी ऊर्जा कहाँ सोई हुई।
कौरवो की क्रूरता सक्रिय अभी,
पार्थ की पुरुषार्थ-गति निष्क्रिय हुई ॥

आज निर्वासित हुवा सद्भाव है,
स्नेह, श्रम, सहकर वृति अभाव है।
सदाशयता के लिया है स्थान कब,
धनान्धो-धृतराष्ट्र मति खोई हुई॥

द्रोपदी, अब भी सुरक्षित है कहाँ,
नारियो पर क्रूर द्रष्टि जहाँ-तहाँ।
दुःशासन-बाहुबली बदनियत है,
दर्प सत्ता-दुर्योधन का कम नही॥

आज भी लुटती स्वदेशी सम्पदा,
आ रही जनतंत्र-बृज पर आपदा॥
क्रूरता गोमांस के निर्यात की,
क्यों तुम्हे गोपाल ! खलती ही नही॥

विदेशी आयात कालियादेह है,
विषैला जनतंत्र-जमना गेह है।
नाथने वैश्वीकरण के नाग को,
कृष्ण ! क्या आई नही अब भी घड़ी॥

पार्थ के पुरुषार्थ को झकझोरने,
कौरवी दुष्चक्र को अब तोड़ने।
महाभारत हो गया अनिवार्य है,
फ़िर जरुरत ज्ञान-गीता की हुई।

होइए जनचेतना मे अवतरित,
प्रेरणा जनक्रांति की करने त्वरित।
भार पापो का बढ़ा है धारा पर,
अवतरण की आपके वेला हुई॥

- मंगलविजय ' विजयवर्गीय अखंड ज्योति अगस्त २००६

LinkWithin

Blog Widget by LinkWithin