रविवार, 25 जुलाई 2010

समय का सदुपयोग

राजा भतृहरि ने कहा था कि भोग नहीं भोगे जाते, हम ही भोगे जाते हैं। तप नहीं तपता, हम ही तप्त होते हैं। काल व्यतीत नहीं होता, हम ही व्यतीत होते जाते हैं। अर्थात हम सांसारिक विषय भोगों का उपभोग नहीं कर पाए, अपितु उन भोगों को प्राप्त करने की चिंता ने हम को भोग लिया। भोगों को भोगते-भोगते हम काल को नहीं काट पाए, बल्कि काल ने हमें ही नष्ट कर दिया। समय अपनी गति से चल रहा है। समय के साथ कदम मिलाकर चलने में मानव जीवन की सार्थकता है। जब ऎसा नहीं कर पाते तो सफलता से दूर हटते जाते हैं। हर श्वास के साथ जीवन की एक अमूल्य निधि यानी समय की एक इकाई कम होती जाती है, तब एक दिन यमदूत लेने आ जाते हैं। 
जब मुड़कर देखते हैं तो मालूम होता है कि हमने कितनी बेदर्दी से समय गंवाया है, उसका सदुपयोग नहीं कर सके। समय जैसी मूल्यवान संपदा का भंडार होते हुए भी हम विनिमय का धन, ज्ञान तथा लोकहित को नहीं पा सके। समय का सदुपयोग करने में समर्थ न होने पर समय हमें ही खर्च कर देता है। हम में से बहुत से लोग अपनी इस प्राकृतिक धरोहर-समय का समुचित उपयोग नहीं करते। बचपन में इतना ज्ञान नहीं होता कि समय का मूल्य समझें। एक दिन यौवन आ खड़ा होता है। वह यौवन समय के बहुमूल्य वरदान के रूप में मिलता है। इस यौवन काल में हम बहुत से काम कर सकते हैं। पर इसे निर्दयता से खर्च कर देने पर बुढ़ापा अपनी कमजोर टांगों व धुंधली आंखों से हमारा स्वागत करता है। तब हम चौंक पड़ते हैं, निराश हो जाते हैं और सिर पर हाथ रखकर चिंताओं के सागर में डूब जाते हैं। समय का किस प्रकार, किस प्रयोजन से उपभोग किया गया, इसी का लेखा-जोखा जीवन का मूल्यांकन प्रस्तुत करता है। जो समय का महत्व समझेऔर उसके सदुपयोग के लिए जागरूकता के साथ तत्पर हो जाए, समझो उसे जिंदगी मिल गई।

कोई टिप्पणी नहीं:

LinkWithin

Blog Widget by LinkWithin