मंगलवार, 27 जुलाई 2010

सुकरात की पत्नी

सुकरात की पत्नी जेंथीप बहुत झगड़ालू और कर्कशा थी। एक दिन सुकरात अपने शिष्यों के साथ किसी विषय पर चर्चा कर रहे थे। वे घर के बाहर बैठे हुए थे। भीतर से जेंथीप ने उन्हें कुछ कहने के लिए आवाज़ लगाई। सुकरात ज्ञानचर्चा में इतने खोये हुए थे कि जेंथीप के बुलाने पर उनका ध्यान नहीं गया। दो-तीन बार आवाज़ लगाने पर भी जब सुकरात घर में नहीं आए तो जेंथीप भीतर से एक घड़ा भर पानी लाई और सुकरात पर उड़ेल दिया। वहां स्थित हर कोई स्तब्ध रह गया लेकिन सुकरात पानी से तरबतर बैठे मुस्कुरा रहे थे। 

वे बोले“मेरी पत्नी मुझसे इतना प्रेम करती है कि उसने इतनी गर्मी से मुझे राहत देने के लिए मुझपर पानी डाल दिया है।”

सुकरात का एक शिष्य इस पशोपेश में था कि उसे विवाह करना चाहिए या नहीं करना चाहिए। वह सुकरात से इस विषय पर सलाह लेने के लिए आया। सुकरात ने उससे कहा कि उसे विवाह कर लेना चाहिए।

शिष्य यह सुनकर हैरान था। वह बोला – “आपकी पत्नी तो इतनी झगड़ालू है कि उसने आपका जीना दूभर किया हुआ है, फ़िर भी आप मुझे विवाह कर लेने की सलाह दे रहे हैं?”

सुकरात ने कहा – “यदि विवाह के बाद तुम्हें बहुत अच्छी पत्नी मिलती है तो तुम्हारा जीवन संवर जाएगा क्योंकि वह तुम्हारे जीवन में खुशियाँ लाएगी। तुम खुश रहोगे तो जीवन में उन्नति करोगे और रचनाशील बनोगे। यदि तुम्हें जेंथीप की तरह पत्नी मिली तो तुम भी मेरी तरह दार्शनिक तो बन ही जाओगे! किसी भी परिस्तिथि में विवाह करना तुम्हारे लिए घाटे का सौदा नहीं होगा।”

अनावश्यक भार

गुरु ने शिष्य को हाथ में एक तेल से भरा कटोरा पकड़ा दिया और कहा 'यह तुम्हरी परीक्षा है इसे पकड़ कर पुरे उपवन में घुमो, और फिर मुझे बताओ वहा खिला हुआ सबसे सुन्दर फूल कौन सा है? ध्यान रखना इस कटोरे से एक बूँद भी तेल गिरने नहीं पाए' .

शिष्य ने पुरे उपवन के कई चक्कर लगाये जब वह वापस आया तो गुरु ने पूछा 'अब बताओ सुन्दर फूल का रंग क्या है?'

शिष्य ने कहा'मैं सच कहता हूँ ,उपवन के फूलों को तो मैं ठीक से देख ही नहीं सका मेरा पूरा ध्यान इसी में लगा रहा की तेल की एक भी बूँद कही जमीं पर गिर ना जाये .

तब गुरु ने कहा -'यह तुम्हरी परीक्षा नहीं थी यह तुम्हारी दीक्षा थी.' 

जो अपने साथ अनावश्यक भार ले कर चलता है वह कुछ भी सीख -समझ नहीं पाता . 

अक्लमंद नौकर

सम्राट जहांगीर अपने इन्साफ के लिए बहुत मशहूर थे । एक बार उनका नौकर उनके निकट खड़ा होकर गिलास में शराब डाल रहा था कि एक बूंद शराब की जहांगीर पर गिर गई । जहांगीर को बहुत गुस्सा आया । उसी आवेश में उसने नौकर का सिर काटने का आदेश दे दिया ।

नौकर ने यह आदेश सुनकर पूरा ग्लास जहांगीर पर उड़ेल दिया । अब तो वह और भी क्रोधित हो गया और बोला,'' तुमने इतनी हिम्मत कैसे की?''

नौकर ने शांत स्वर में कहा, जहांपनाहा, आप अपने इंसाफ के लिए बहुत मशहूर हैं । मैं नहीं चाहता कि लोग आरोप लगाएं कि एक बूंद शराब के लिए बादशाह ने सिर काटने का हुक्म दे दिया । मैं आपके इन्साफ पर दाग नहीं लगने देना चाहता । इसलिए मैंने यह गुस्ताखी की।'' 

जहांगीर नौकर की अक्लमंदी पर दंग रह गया । उसने उसे इनाम दिया और अपने विश्वासपात्रों में शमिल कर लिया ।

बदूकें बो रहा हूं

एक बार सरदार किशन सिंह ने अपने खेत में आम के कुछ पौधे लगाए थे। एक दिन वह अपने 3-4 साल के लड़के को साथ लेकर खेत पर गए और पौधों का मुआयना कर रहे थे । लड़का वहीं खेलने लगा । खेलते-खेलते उसने मिट्टी में कुछ गाड़ा और 3-4 पौधे खड़े कर दिए । 

यह देख कर सरदार किशन सिंह ने ने पूछा, ''यह क्या कर रहे हो ?

'' बेटे ने जवाब दिया,'' बदूकें बो रहा हूं, जब ये आप के आमों की तरह बड़ी हो जाएंगी तो इनसे अंग्रेंजो को मारूंगा ।''

यह बालक बाद में सरदार भगत सिंह बना, जिसने अपने जीते जी कभी अंग्रेंजो को चैन से नहीं सोने दिया.

आप अपना पता दीजिये

एक व्यक्ति स्वामी विवेकानंद के प्रवचनों से बहुत प्रभावित हुआ .जब सभी लोग चले गए तो वह स्वामी जी के पास गया और बोला -' लगता है आपकी ईश्वर तक पहुँच है, क्या आप मुझे ईश्वर तक पहुंचा सकते है या उनका पता बता सकते है ?'

इस पर विवेकानंद ने कहा -'आप अपना पता लिखकर दे दीजिये जब भी ईश्वर को फुरसत होगी तो आपके घर भेज दूंगा.'

उसने तुरंत एक कागज पर अपने घर का पता लिख डाला और स्वामी जी को थमाते हुए बोला-'जरा जल्दी ही भेजिएगा.'

स्वामी जी ने उसे ध्यान से पूरा पढ़ा, पढने के बाद बोले- 'ये तो आप अपने ईंट-पत्थर से बने मकान का पता दे रहे है, आप अपना पता दीजिये की आप कौन है ? कहाँ है ? किस काम के लिए आपको भेजा गया है और आप क्या कर रहे है ? '

उस व्यक्ति को अपनी गलती का अहसास हुआ स्वामी जी के उत्त्कृष्ट दार्शनिकता को अब वह समझ गया था . वह अब जान गया था कि मनुष्य का असली पता, जिसे वो कभी जानने या खोजने का प्रयास नहीं करता वो तो उसके अन्दर ही है जिसे खोज ले, पता कर ले तो ईश्वर से हर पल मुलाकात होती रहे . 

बाहर की चमड़ी

एक बार अष्टावक्र राजा जनक के सभा में गए . उनके हाथ पांव टेढ़े-मेढ़े थे और वो झुक कर भी चलते थे .उनका कूबड़ निकला हुआ था . उन्हें देखते ही राजा के सभी सभासद हंसने लगे . उन्हें हँसता देखकर अष्टावक्र ने राजा से कहा -"क्यों रे राजा ?तुने अपनी सभा में केवल चमारों को ही भर्ती कर रखा है?"

राजा ने तुरंत उत्तर दिया कि ये चमार थोड़ी है इनमें कोई ब्राह्मण है तो कोई ठाकुर है कुछ बनिये भी है.

अष्टावक्र ने बोला नहीं, सब के सब चमार है क्योंकि इन्हें सिर्फ चमड़ा ही नजर आता है इन्हें चमड़े का ही ज्ञान है.हमारे बाहर की चमड़ी को देखा पर हमारे अन्दर जो देखने लायक है इन्होने हमारे ज्ञान को नहीं देखा .इन्होने सिर्फ चमड़े को देखा और चमड़े को देखने परखने वाला तो चमार ही होता है. 

महानता की झांकी

बंगाल के एक छोटे से स्टेशन पर जब रेल रुकी तो एक युवक अपने छोटे से बक्से के लिए कुली को जोर-जोर से आवाज लगाया पर इतने छोटे स्टेशन पर कुली कैसे मिलता ? तभी एक अधेड़ उम्र का आदमी जो ये सब देख रहा था वह उसके पास चला आया. उस युवक ने उसको कुली समझकर पहले डांटा -'तुम लोग बहुत सुस्त हो जी मैं कब से चिल्ला रहा हूँ ,चलो जल्दी से इस बक्से को उठाओ . '

उस आदमी ने बिना कुछ कहे सुने बक्सा उठाकर उस युवक के पोछे चल पड़ा . घर पहुचने पर जब युवक ने पैसे देने चाहे तो तो वह आदमी बोला -'धन्यवाद मुझे पैसे नहीं चाहिए '

तभी घर में से उस युवक का बड़ा भाई निकला और उस आदमी को देखते ही आदर के साथ बोला -'नमस्कार विद्यासागर जी !'

उस युवक के तो होश उड़ गए तुरंत उसने उनके चरणों में लोटकर ईश्वरचंद विद्यासागर जी से माफ़ी माँगा. उसे उठाकर गले लगते हुए बोले-'भाई ! मेरे देशवासी अभिमान त्याग कर अपने हाथो से अपना काम स्वयं करे मेरी यही इच्छा है ,आगे से स्वावलंबी बनो ,यही मेरा मेहनताना है . '

ऐसे प्रसंग व्यक्ति को आत्मावलंबन हेतु प्रेरणा तो देते ही है, बड़ो की उस विनम्रता -निरहंकारिता को भी दर्शाते है जिसके कारण वे महान कहलाते है . 

आत्मविश्वास की डोर

जब बीमारी का पता चला तब वह शख्स 21 वर्ष का था, डॉक्टर ने कह दिया था कि वह 25 वर्ष से अधिक नहीं जी सकेगा यानी वह 4 वर्ष और जी सकता था। लेकिन आज 30 वर्ष से भी ज्यादा समय गुजर गये, वह सिर्फ न अपना कार्य कर रहे है बल्कि चलने और बोलने में नाकाम होने के बावजूद उन्होंने ऐसे कामों को अंजाम दिया जिसका लोहा पूरी दुनिया मानती है। उस व्यक्ति का नाम है " डॉक्टर स्टीफन हॉकिंग ."

ब्रह्मांड के कई रहस्यों को उजागर करने वाले ब्रिटेन के मशहूर वैज्ञानिक डा0 स्टीफन हॉकिंग विश्व प्रसिद्ध वैज्ञानिक पेशेवर हैं. स्टीफन हॉकिंग सालों से ALS यानी Amyotrophic Lateral Sclerosis नाम की बीमारी से जूझ रहे हैं। जिसे मोटरन्यूरान भी कहते हैं। 

हॉकिंग विगत 40 वर्षों से व्हील चेयर में कैद हैं। चलने-फिरने में असमर्थ हैं। हाथ-पांव हिलना-डुलना तक बन्द कर चुके हैं। वे 26 वर्षों से बोल नहीं सकते हैं। आज वे स्पीच सिन्थेसाइजर की मदद से बोलते हैं। जिसको उनके लिये एक कम्पनी ने विशेष रूप से तैयार किया है। उनकी व्हील चेयर से एक लैपटॉप से जुड़ा हुआ है।महज कुछ बटन दबाकर वो अपनी बात लोगों तक पहुंचाते हैं।

आत्मविश्वास एवं इच्छाशक्ति के बदौलत कोई भी कार्य किया जा सकता है. ईश्वर डोर नहीं खींचता, आपकी डोर आपके हांथो में है, यह है आत्मविश्वास. 

कुछ भी स्थायी नहीं होता

एक नगर में एक साधू महात्मा पधारे थे। उस नगर के राजा ने जब ये बात सुनी तब उनहोंने साधू महात्मा को राजमहल पधारने के लिए निमंत्रण भेजा साधू जी ने राजा का निमंत्रण स्वीकार किया और राजमहल गए .

राजा ने उनके स्वागत में कोई कसार नहीं छोड़ा, महात्मा जी जब वहां से जाने लगे तब राजा ने उनसे विनती की और कहा - "महात्मन !कुछ सिख देते जाएँ"

तब साधू महात्मा ने उनके हाथों में दो कागज़ की बंद पर्ची देते हुए कहा - " पहला तब खोलना जब आप बहुत सुखी रहो आपके जीवन में खुशियाँ ही खुशियाँ हो, और दूसरा तब खोलना जब आप पर बहुत भारी संकट या मुश्किल आन पड़े". इतना कह कर साधू ने राजा से विदा ली.

राजा का सब कुछ अच्छा चल रहा था चारो तरफ सुख और वैभव से उसका राज्य जगमगा रहा था ,बस उसे अपने उतराधिकारी की चिंता खाई जा रही थी ,वो होता तो उससे सुखी इंसान और भला कौन होता ? कुछ महीनों बाद उसके यहाँ पुत्र ने जनम लिया. अब राजा के जीवन में बस खुशियाँ ही खुशियाँ थी .उसे उस महत्मा की बात याद आयी.उसने पहली पर्ची खोला ,

उसमे लिखा था -"ऐसा नहीं रहेगा". 

कुछ ही सालों बाद राजा के नगर पर दुसरे राजा ने आक्रमण कर दिया ,इस युद्ध के दौरान सारी सम्पति और शाही खजाना खर्च हो गया,राजा पर भारी संकट आ पड़ा .तब राजा को वो साधू महात्मा की दी हुई दूसरी पर्ची याद आयी.उनहोंने पलभर की भी देर किए बगैर उस पर्ची को खोला. 

इस बार उस में लिखा था - " यह भी नहीं रहेगा" 

राजा सब समझ गए. अभी उनका बुरा वक्त चल रहा है. यह ज्यादा दिन नहीं रहेगा. 

सुख हो या दुःख कुछ भी स्थायी नहीं होता इसलिए सुख में इतराना नहीं चाहिए और दुःख में घबराना नहीं चाहिए.

मन की पीड़ा

एक बार राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन जब सीनेट की बैठक में भाग लेने जा रहे थे तो रस्ते में उन्हें कीचड़ में फंसा एक सूअर दिखा जो बाहर निकलने के लिए छटपटा रहा था. 

राष्ट्रपति ने गाड़ी रुकवाई और सूअर को बाहर खींचकर निकाल दिया. इस प्रयास में उनके कपड़ों पर कीचड़ के छीटें पड़ गए. विलम्ब न हो इसलिए वे उन्ही कपड़ों में सीनेट पहुँच गए.

सदस्यों ने जब उनके कीचड़ सने कपड़े देखे तो उन्हें बड़ा आश्चर्य हुआ. पूरी घटना पता चलने पर उन्होंने राष्ट्रपति की बड़ी प्रशंसा की. 

अपनी प्रशंसा से सकुचाये लिंकन ने कहा, 'मित्रों, मैंने सूअर को पीड़ा से मुक्त किया या नहीं यह तो भगवान जाने लकिन दुःख देखकर मेरे मन में जो पीड़ा हुई थी उसे दूर करने के लिए ही मैंने उसे कीचड़ से बाहर निकाला था.'

कर्म को सौभाग्य मानो

एक व्यक्ति बन रहे मंदिर के पास से गुजर रहा था ,वहा कुछ मजदूर काम करते हुए दिख रहे थे .उसने एक मजदूर से पूछा ,'क्या कर रहे हो ?' मजदूर ने खीझते हुए ऊँचे स्वर में बोला ,' भाग्य में पत्थर तोडना ही तो लिखा हुआ है सो पत्थर तोड़ रहा हूँ '.

थोड़ी दूर पर एक और मजदूर था उसने उसके नजदीक जाकर उसी प्रश्न को पूछा ,तो दुसरे मजदूर ने बहुत उदासी और निराश भाव से बोला ,' अपना रोजी रोटी कमा रहा हूँ '.

अभी भी उस व्यक्ति असमंजस में था कि यहाँ क्या हो रहा है इसलिए उसने फिर वही काम कर रहे तीसरे मजदूर से पूछा कि 'क्या कर रहे हो ?'

तीसरा मजदूर बड़ा ही उत्साहित और उर्जावान लग रहा था ,उसने बड़े ही आनंदित मुद्राभाव में बोला, ' प्रभु का मंदिर बना रहा हूँ इसी बहाने मेरे श्रम की चार बुँदे प्रभु के काम आ जाएगी. ' 

जीवन में कुछ लोग पहले मजदूर की तरह है जो सिर्फ पत्थर तोड़ते है -मजबूरीवश काम करते है ,कुछ दुसरे मजदूर की तरह है जो रोजी रोटी कमा रहे है -वे लाचार मशीन की तरह काम कर रहे है और कुछ इस तरह के लोग भी मिलते है जो तीसरे मजदूर की तरह अपने कर्म को अपना सौभाग्य और पूजा मान कर पुरे समर्पण से अपना कार्य करते है और तब यही काम उनके कामयाबी का द्वार खोलता है . 

सोमवार, 26 जुलाई 2010

खुद को पेंसिल जैसा बनाओ

एक लड़का अपने पिता को कागज पर कुछ लिखते हुए देखकर पूछा, -
क्या आप मेरे लिए कहानी लिख रहे है ?

पिता ने कहा,- 'कहानी तो लिख रहा हूँ पर उससे महत्वपूर्ण यह पेंसिल है जिससे मैं लिख रहा हूँ और उम्मीद करता हूँ तुम भी बड़े होकर पेंसिल कि तरह ही बनोगे . '

लड़के ने कहा -'इसमें क्या बात है ये तो बाकी पेन्सिल जैसा ही तो है.'

पिता ने कहा -'ये तो तुम्हारे नजरिये पर निर्भर करता है ,तुम्हे पेंसिल में कुछ नजर नहीं आ रहा है पर मुझे इसके पांच खास गुण नजर आ रहे है जिसे अपना लो तो तुम महान बन जाओगे.'

पहला : 
आप महान कामों को अंजाम दे सकते है लेकिन पेंसिल की तरह यह न भूले कि आपके भी पीछे एक हाथ होता है जो आपको मार्गदर्शन देता और उस हाथ को हम ईश्वर कहते है.

दूसरा: 
शार्पनर पेंसिल को थोड़ी देर के लिए बहुत तकलीफ पहुचाता है पर इसके बाद वो नुकीली होकर और भी ज्यादा अच्छा लिखती है. इसलिए तुम्हे भी दुःख और तकलीफों को सहना सीखना चाहिए क्योकि वो तुम्हे अच्छा व्यक्तित्व प्रदान करती है .

तीसरा: 
पेंसिल इरेजर द्वारा गलतियों को मिटाने का मौका देती है यानी गलतिया हो तो उसको सुधारना भी जरुरी है यह हमें न्याय और सज्जनता के रास्ते पर चलने में मदद करती है .

चौथा: 
पेंसिल में उसकी लकड़ी से ज्यादा उसके अन्दर कि ग्रेफिट महत्वपूर्ण है,जिसके कारण उसका वजूद है. इसलिए तुम हमेशा धयान दो कि तुम्हारे अन्दर क्या भरा है?

पांचवां: 
पेंसिल हमेशा निशान छोड़ जाती है, तुम भी जीवन में जो कुछ करते हो वह निशान छोड़ जाते हो, इसलिए कोई भी काम चाहे वो कितना भी छोटा क्यों न हो बुद्धिमानी और एकाग्रता से करो. 

सफलता को अपनी जरूरत बनाइये

"सफलता को अपनी जरूरत बना लीजिए.जिस प्रकार पानी में डूबते हुए व्यक्ति के लिए सांस सबसे जरूरी होती है, ठीक उसी तरह सफलता को अपनी जरूरत बनाइये . 
नामुमकिन कुछ भी नहीं होता समय से पहले और भाग्य से ज्यादा पाने की ख्वाहिश है तो मजबूत इरादों के साथ लक्ष्य की ओर कदम बढ़ाइये, सफलता आपसे दूर नहीं रह सकती. 
काम को सही ढंग से करने की कला को आदत बना लीजिये.सफलता के लिए वक्त और समय का इतंजार करने वाले कभी सफलता का मुंह नहीं देख पाते. 
सफल होने की इच्छा को इरादे में बदलो क्योंकि परिस्थितियां इच्छा को कमजोर और इरादों को और मजबूत बनाती हैं. 
सफल व्यक्ति समस्या के समाधान का हिस्सा होते हैं, जबकि असफल व्यक्ति हर समाधान के लिए एक समस्या खड़ी कर देते हैं। नजरिये को बदलिये, नजारे अपने आप बदल जाएंगे। 
" जो लोग जिम्मेदारी उठाते हैं, वही सफल होते हैं "

संकल्प की शक्ति

भूदान आंदोलन के प्रणेता विनोबा भावे के पास एक मदिरा प्रेमी युवक आया और हाथ जोड़कर प्रार्थना करने लगा मैं बहुत परेशान हूं महात्मन। यह मदिरा मेरा पीछा ही नहीं छोड़ती। आप कुछ उपाए बताइए जिससे मुझे पीने की इस लत से मुक्ति मिल सके।

विनोबाजी ने कुछ देर तक सोचा और फिर बोले- अच्छा बेटा। तुम कल मेरे पास आना, किंतु मुझे बाहर से ही आवाज देकर बुलाना, मैं आ जाऊंगा।

युवक खुश होकर चला गया। अगले दिन वह फिर आया और विनोबाजी के कहे अनुसार उसने बाहर से ही उन्हें आवाज लगाई। तभी भीतर से विनोबाजी बोले- बेटा। मैं बाहर नहीं आ सकता। 

युवक ने इसका कारण पूछा, तो विनोबाजी ने कहा- यह खंबा मुझे पकड़े हुए है, मैं बाहर कैसे आऊं। ऐसी अजीब सी बात सुनकर युवक ने भीतर झांका, तो विनोबाजी स्वयं ही खंबे को पकड़े हुए थे। 

वह बोला- गुरुजी। खंबे को तो आप खुद ही पकड़े हुए हैं। जब आप इसे छोडेंगे, तभी तो खंबे से अलग होंगे न।

युवक की बात सुनकर विनोबाजी ने कहा- यही तो मैं तुम्हें समझाना चाहता था कि मदिरा छूट सकती है, किंतु तुम ही उसे छोडऩा नहीं चाहते। जब तुम मदिरा छोड़ दोगे तो मदिरा भी तुम्हें छोड़ देगी।उस दिन के बाद से उस युवक ने मदिरा को हाथ भी नहीं लगाया।

दृढ़ निश्चय या इच्छाशक्ति, संकल्प से बुरी आदत को भी छोड़ा जा सकता है। यदि व्यक्ति खुद अपनी अनुचित आदतों से मुक्ति पाना चाहे और इसके लिए मन मजबूत कर संकल्प हो जाए, तो दुनिया की कोई ताकत उसे अच्छा बनने से नहीं रोक सकती. 

साभार: दैनिक भास्कर 

पुरस्कार की पीड़ा

एक बार राजा ने राजशिल्पी को हुक्म दिया 'ऐसा भवन का निर्माण करो ,जो खूबसूरती और सहूलियत के हिसाब से राज्य भर में बेनजीर हो .'

भवन-निर्माण में अंदाजन खर्च हो सकने वाली राशि राजशिल्पी को दे दी गयी . इतनी दौलत अपने कब्जे में देख शिल्पी की नियत बिगड़ गयी और उसे लोभ ने जकड लिया .उसने सोचा क्यों न घटिया और नकली सामग्री से भवन बना दूं .

कुछ समय में भवन तैयार हो गया, महाराज बहुत खुश हुए. भवन का उदघाटन समारोह धूम-धाम से मनाया गया .समारोह में महाराज ने एलान किया -'आज मेरी एक पुरानी अभिलाषा पूर्ण हुई है ,अपने राजशिल्पी के योग्यता और राजभक्ति को पुरस्कृत करना चाहता हूँ .पुरस्कार तैयार है मैं इस राज्य की सबसे खुबसूरत ईमारत को ही राजशिल्पी को पुरस्कार में देना चाहता हूँ .'

इतने बड़े पुरस्कार की घोषणा पर वहां उपस्थित सारे लोग राजशिल्पी को बधाई दे रहे थे ,पर लोगों के बीच खड़ा राजशिल्पी पुरस्कार पाकर भी उस पर खुश नहीं हो पा रहा था .

किसी को नुकसान पहुंचाकर हासिल किया हुआ लाभ स्वयं को भी नुकसान पहुंचता है .

साभार : लक्ष्य पत्रिका 

काम तो पेड़ जैसा होता है

वह महज बारह साल का एक लड़का था और उसे उसके पिता ने उसे एक आठ एम एम का कैमरा बतौर उपहार के रूप में दिया . पर इस बच्चे ने अपनी कल्पनाशक्ति के बदौलत मात्र सोलह साल की उम्र में ही पंद्रह लघु फिल्मे बना डाली थी .इसी आठ एम एम के कैमरे से मात्र 500 डॉलर की बजट वाली अपनी पहली विज्ञान फिल्म बनाई - 'फायर लाइट' . इस महान निर्देशक का नाम है स्टीवन स्पीलबर्ग (Steven Speilberg) .

स्पीलबर्ग का जीवन इस बात की प्रेरणा देता है कि प्रतिभा उम्र की न तो मोहताज होती है और न ही किसी बात का इन्तजार करती है.

सिर्फ सत्रह साल की उम्र में ही स्पीलबर्ग ने स्टूडियो के चक्कर लगाने शुरू कर दिया ,सामने बहुत लम्बा और संघर्षपूर्ण रास्ता था .पर इस दौरान वे सभी चीजे सिखने में व्यस्त रहे और जो भी काम मिला उसे बेहतर तरीके से करने की कोशिश करते गए ,कई बार असफलता का मुंह देखना पड़ा पर इन सब चीजो ने ही उन्हें एक बेहतर फ़िल्मकार बनाया और लम्बे संघर्ष के बाद वह घडी भी आयी जिसका स्पीलबर्ग को इन्तजार था . वह थी उनकी फिल्म " जॉ '(jaws) की अभूतपूर्व सफलता . जिसने पूरी दुनिया में अपने झंडे गाड़ दिए .

तीन बिलियन डॉलर से भी जयादा सम्पति के इस मालिक को टाईम्स मैगजीन ने उन्हें इस शताब्दी के सौ सबसे महत्वपूर्ण व्यक्तियों में शामिल किया है.

कोई भी काम एक दिन में सफल नहीं होता दरअसल यह तो एक पेड़ जैसा होता है पहले इसके बीज आपके आत्मा में बोना पड़ता है ,हिम्मत की खाद से इसे पोषित करना पड़ता है और मेहनत के पानी से इसे सींचना पड़ता है तब जाकर वह सालों बाद फल देने लायक होता है . सफलता के लिए इन्तजार करना आना चाहिए तुरंत फल की उम्मीद करना कोरी मुर्खता से अधिक कुछ भी नहीं है.

रविवार, 25 जुलाई 2010

मनसा-वाचा-कर्मणा


एक आदमी कथा कर रहा था उसने कहा बैगन का नाम इसलिए बैगन पड़ा क्योकि उस में गुण नहीं होता इसलिए बेगुन हो जाता है जिसे लोग बैगन कह देते है , उसको नहीं खाना चाहिए

उसकी पत्नी भी कथा सुन रही थी वह घर आई उसने बैगन को बाहर फ़ेंक दिया , जब वह आदमी घर आया बोला आज क्या बनाया है ?

पत्नी बोली दाल बनाया है, उसने कहा सुबह जो बैगन ला कर दिए थे वह मैंने फैक दी क्योकि आपने ही तो कथा में कहा था बेगुन में कोई गुन नहीं होता उसे नहीं खाना चाहिए . इसलिए मैंने फैक दी.

मनसा-वाचा-कर्मणा तीन बातें हमारे शास्त्र बताते हैं । मन से, वचन से, कर्म से तीनो एक जैसा होना चाहिए। जो मन में हो वह ही जुबान पर हो, जो कहो वह ही करो .

समय बहुत मूल्यवान

यह साबरमती आश्रम में गांधी जी के प्रवास के दिनों की बात है। एक दिन एक गाँव के कुछ लोग बापू के पास आए और उनसे कहने लगे, "बापू कल हमारे गाँव में एकसभा हो रही है, यदि आप समय निकाल कर जनता को देश की स्थिति व स्वाधीनता के प्रति कुछ शब्द कहें तो आपकी कृपा होगी।"

गांधी जी ने अपना कल का कार्यक्रम देखा और गाँव के लोगों के मुखिया से पूछा, "सभा के कार्यक्रम का समय कब है?"मुखिया ने कहा, "हमने चार बजे निश्चित कर रखा है।"गांधी जी ने आने की अपनी अनुमति दे दी।मुखिया बोला, "बापू मैं गाड़ी से एक व्यक्ति को भेज दूँगा, जो आपको ले आएगा। आपको अधिक कष्ट नहीं होगा।गांधी जी मुस्कराते हुए बोले, "अच्छी बात है, कल निश्चित समय मैं तैयार रहूँगा।"अगले दिन जब पौने चार बजे तक मुखिया का आदमी नहीं पहुँचा तो गांधी जी चिंतित हो गए। उन्होंने सोचा अगर मैं समय से नहीं पहुँचा तो लोग क्या कहेंगे। उनका समय व्यर्थ नष्ट होगा।

गांधी जी ने एक तरीक़ा सोचा और उसी के अनुसार अमल किया। कुछ समय पश्चात मुखिया गांधी जी को लेने आश्रम पहुँचा तो गांधी जी को वहाँ नहीं पाकर उन्हें बहुत आश्चर्य हुआ। लेकिन वह क्या कर सकते थे। मुखिया सभा स्थल पर पहुँचा तो उन्हें यह देख कर और अधिक आश्चर्य हुआ कि गांधी जी भाषण दे रहे हैं और सभी लोग तन्मयता से उन्हें सुन रहे हैं।भाषण के उपरांत मुखिया गांधी जी से मिला और उनसे पूछने लगा, "मैं आपको लेने आश्रम गया था लेकिन आप वहाँ नहीं मिले फिर आप यहाँ तक कैसे पहुँचे?" 

गांधी जी ने कहा, "जब आप पौने चार बजे तक नहीं पहुँचे तो मुझे चिंता हुई कि मेरे कारण इतने लोगों का समय नष्ट हो सकता है इसलिए मैंने साइकिल उठाई और तेज़ी से चलाते हुए यहाँ पहुँचा।"

मुखिया बहुत शर्मिंदा हुआ। गांधी जी ने कहा, "समय बहुत मूल्यवान होता है। हमें प्रतिदिन समय का सदुपयोग करना चाहिए। किसी भी प्रगति में समय महत्वपूर्ण होता है।" अब उस युवक की समझ में मर्म आ चुका था।

समय का मूल्य



महान वैज्ञानिक फ्रेंकलिन की एक किताब की दुकान थी. एक ग्राहक आया और एक किताब की ओर इशारा करते हुए काउंटर पर बैठे व्यक्ति से पूछा कि इसका मूल्य क्या है? उसने जबाब दिया दो डॉलर ! कुछ देर वो चुप रहा फिर उसने पूछा कि इस दुकान के मालिक कहा है? काउंटर वाला व्यक्ति बोला -अभी वो आधे घंटे बाद यहाँ आयेगे .

ग्राहक बोला - ठीक है मैं आधे घंटे बाद ही आता हूँ. मालिक के आने के बाद फिर उसने पूछा कि इसका मूल्य क्या है? मालिक ने कहा -'सवा दो डॉलर '. ग्राहक ने कहा- 'अभी तो आपका स्टाफ दो डॉलर बता रहा था .' थोड़ी देर वो चुप रहा और सोचने विचारने के बाद उसने फिर पूछा- 'अच्छा बताइए मैं आपको इसका क्या उचित मूल्य दूं ?'

फ्रेंकलिन ने इस बार कहा -'ढाई डॉलर'! इस बार ग्राहक सकते में आ गया और शिकायत के लहजे में कहा- 'पर अभी-अभी तो आपने सवा दो डॉलर बताया था !'

तब फ्रेंकलिन ने उसे शांतिपूर्वक समझाया कि ' युवक शायद तुमको समय की कीमत का ज्ञान नहीं है इतने देर से तुम मेरा और मेरे स्टाफ का समय खर्च करवा रहे हो उसका मूल्य भी तो इसमें सम्मिलित है . ' यह सुनते ही ग्राहक को समय का ज्ञान हुआ और वो पैसे देकर किताब ले गया. 

समय का तकाजा है की समय के मूल्य को समझे .

चौपाई में समाई मंत्र शक्ति


रोजगार
बिस्व भरण-पोषण कर जोई।
ताकर नाम भरत अस होई।।
गई बहोर गरीब नेवाजू।
सरल सबल साहिब रघुराजू।।

विपत्ति निवारण
जपहि नामु जन आरत भारी।
मिटाई कुसंकट होहि सुखारी।।

परीक्षा में सफलता
जेहि पर कृपा करहि जनु जानी।
कवि उर अजिर नचावहि बानी।।
मोरि सुधारिहि सा सब भांती।
जासु कृपा नहि कृपा अघाती।।

विद्या प्राप्ति
गुरू गृह गए पढन रघुराई।
अलप काल विद्या सब आई।।

यात्रा में सफलता
प्रबिसि नगर कीजे सब काजा।
ह्वदय राखि कौसलपुर राजा।।

परिवार सुख
जबते राम ब्याहि घर आए।
नित नव मंगल मोद बढ़ाए।।

नवग्रह शांति
मोहि अनुचर कर केतिक बाता।
तेहि महं कुसमउ बाम विधाता।।

कुमार्ग से बचाव
रघुवसिन कर सुभाऊ।
मन कुपंथ पग धरहि न काऊ।।

प्रेत बाधा निवारण
प्रनवऊं पवन कुमार खल वन पावक ज्ञान धन।
जासु ह्वदय आगार बसहि राम सर चापि धर।।

पुत्र प्राप्ति
प्रेम मग्न कौसल्या निसिदिन जात न जान।
सुत सनेह बस माता बालचरित कर गान।।

सुयोग्य वर
सुन सिय सत्य अशीश हमारी।
पूजहि मन कामना तिहारी।।

दाम्पत्य जीवन में प्रेम
रामहि चितव माप जिहि सिया।
सो सनेहु सुख नहि कथानिया।।

सर्व सिद्धि
भाव कुभाव अनख आलसहु।
नाम जपत मंगल दिशि दसहू।।

अनिष्ट भंजन
राजिव नैन धरै धनु सायक।
भगत विपत्ति भंजन सुखदायक।।

भ्रम निवारण
राम कथा सुन्दर करतारी।
संशय विहग उडावन हारी।।

नजर दूर करने के लिए
स्याम गांर सुन्दर दोउ जोरी।
निरखहिं छबि जननी तृन तोरी।।

- पं. महेशनन्द शर्मा

LinkWithin

Blog Widget by LinkWithin