सोमवार, 16 अगस्त 2010

कबीर

कबीर की ख्याति चारों ओर सिद्ध पुरुष की थी। दूर-दूर से जिज्ञासु आते, तब भी वे पहले की तरह कपड़ा बनाते और सत्संग चलाते। 

एक शिष्य ने पूछा-
‘‘आप जब साधारण थे तब कपड़ा बुनना ठीक था, पर अब आप एक सिद्ध पुरुष है और निर्वाह की भी कमी नहीं, फिर कपड़ा क्यों बुनते हैं ? 

’’ कबीर ने सरल भाव से कहा-
‘‘पहले मैं पेट पालने के लिए बुनना था, पर अब मैं जनसमाज में समाए भगवान का तन ढकने और अपना मनोयोग साधने के लिए बुनता हूँ। ’’कार्य वही हो, पर दृष्टिकोण भिन्न हो तो सकता है ! यह जानकर शिष्य का समाधान हो गया। 

ईश्वरचंद विद्यासागर

ईश्वरचंद विद्यासागर एक दिन अपने मित्र के साथ अनिवार्य कार्य से जा रहे थे। रास्तें में हैजे से पीड़ित एक दीन-हीन व्यक्ति मुर्छित अवस्था में पड़ा मिला। विद्यासागर उनकी सफाई करके पास के अस्पताल मे पहुँचाने का उपक्रम करने लगे। साथी मित्र ने कहा-‘‘हम लोग आवश्यक काम से जा रहे है, यह काम तो काई भी कर लेगा, हम लोग अपना कार्य क्यों छोडें ? 

विद्यासागर ने कहा-‘‘मानवता की सेवा से बढकर और कोई काम बड़ा हो ही नहीं सकता। निष्ठुर का कोई कार्य भला नहीं कहा जा सकता ।’’

महर्षि रमण

महर्षि रमण एक सिद्ध पुरुष थे । मौन ही उनकी भाषा थी । उनके सान्निध्य में सत्संग के माध्यम से सबको एक जैसे ही संदेश मिलते थे, मानों वे वाणी से प्रवचन देकर उठे हों। सत्संग के स्थान पर उस प्रदेश के निवासी कितने ही प्राणी नियत स्थान और नियत समय पर, उनका संदेश सुनने आया करते थे । बंदर, तोते, साँप, कौए सभी को ऐसा अभ्यास हो गया कि आगंतुको की भीड़ से बिना डरे-झिझके अपने नियत स्थान पर आ बेठते थै । मौन सत्संग समाप्त होते ही अपने घोंसलों व स्थानों को चल दिया करते थे । 


महापुरुष का सान्निध्य होता ही ऐसा विलक्षण है।

रविवार, 15 अगस्त 2010

घर-घर महावीर की पूजा हो

नरेंद्र न केवल एक अच्छे गायक थे, यंत्र संगीत के भी एक कुशल कलाकार थे । तत्कालीन धु्रपद गायकों से उनने शिक्षा ली थी, पर इसके बावजूद वे एक तैराक, कुशल अश्वारोही एवं मँजे हुए पहलवान भी थे। सभी भारतीय खेलो में सिद्धहस्त थे । वे हनुमान जी से प्रभावित थे। अपने एक भाषण में उनने कहा है-

‘‘सारे भारत में महावीर की पूजा चालू करा दो। दुर्बल जाति के सामने महावीर का आदर्श उपस्थित करो । 

शरीर में बल नही, हृदय में साहस नही तो क्या होगा इन जड़ पिंड़ो से ? 

मैं चाहता हूँ, घर-घर महावीर की पूजा हो’’

भावनात्मक वसीयत

धन-संपदा की वसीयतें तो आम बात हैं, पर भावनाओं की वसीयत के उदाहरण बिरले ही देखने को मिलते हैं। सरदार भगत सिंह के होश सँभालने से पहले ही उनके चाचा सरदार अजीत सिंह अँगरेजी सरकार से विद्रोह करने के सिलसिले में फरार हो चुके थे। भगत सिंह को उसके बाद उनके दर्शन न हो सके । भगत सिंह अपने प्रिय चाचा के चरणचिन्हों पर चलकर देश के लिए मर मिटे। मरते दम तक उनकी ख्वाहिश रही कि उनको अपने उन चाचा के दर्शन हो जाते, जिनने देशभक्ति की प्रबल उमंगे अनदेखे सूत्रो से उन्हे सौंप दी थीं - 

भावनात्मक वसीयत के रुप में । 

ठक्कर बापा

मुंबई कार्पोरेशन में एक इंजिनियर की नौकरी पाने के बाद वह युवा निरंतर भ्रमण करता। उसे स्वच्छता और प्रकाश की व्यवस्था सौंपी गई। उसे मेहतरों की बस्तियों में जाने के बाद, उनकी दुरवस्था देखने का अवसर मिला। बच्चे असहाय, अशिक्षित, गंदे थे। पुरुष शराब पीते-लड़ते व पत्निया दिन भर बच्चों से मार-पीट करतीं। जूए-शराब ने सभी को कर्जदार बना दिया था। इस प्रत्यक्ष नरक को देखकर उस इंजीनियर ने अपनी आधिकारिक स्थिति के मुताबिक कुछ प्रयास किए, पर कही से कोई सहयोग न मिलने पर नौकरी छोड़ दी और ‘भारत सेवक समाज’ का आजीवन सदस्य बन गया । उसने सारा जीवन गंदी बस्तियों में अछुतो के उद्धार, उन्हे शिक्षा देने, गंदी आदतें छुड़वाने, उन्हे साफ रखने के प्रयासों में लगा दिया। 

वही युवक ‘ठक्कर बापा’ के नाम से प्रसिद्ध हुआ।

आज के शहरीकृत भारत को, जो और भी गंदा है, हजारो ठक्कर बापा चाहिए।

राजा राममोहन राय

सती प्रथा के विरुद्ध मोरचा खड़ा करने वाले एवं विधवा विवाह के प्रचंड समर्थक राजा राममोहन राय को इस दिशा मे लाने वाली, एक महत्वपूर्ण घटना है। उनके बड़े भाई की मृत्यु हो गई। परिवार के लोगो ने उनकी भोली स्त्री को आवेश दिला के, नशीली चीजें खिला चिता पर बैठा दिया । कोई उनकी चीत्कार न सुन सके, इसलिए जोर-जोर से बाजे बजाने की व्यवस्था कर दी गई। 

धर्म के नाम पर चलने वाली इस नृशंसता को देख कर, राजाराम मोहन राय का दिल चीत्कार कर उठा। वे भाभी को बचा तो नही सके, पर उनने एक प्रचंड आंदोलन इसके विरुद्ध आरंभ किया। अँगरेजी सरकार ने कानून बनाकर सती प्रथा को रोक दिया। ‘विधवा विवाह मीमांसा’ नामक एक ग्रंथ उनने सारे पुरातन ग्रंथो का अध्ययन कर लिखा। उन्हे विचारशीलो का समर्थन मिलता चला गया। उनने एक हिंदू कॉलेज की भी स्थापना की। फैलती ईसाइयत से लड़ने मे इस विद्यालय ने बड़ी भूमिका निभाई। 

मित्र ! तुम भी .................

रोम की राज्यसभा के सभापति सीजर पर षड्यंत्रकारी ने आक्रमण किया । षड्यंत्रकारी उन पर आघात कर रहे थे । सीजर निशस्त्र थे, फिर भी किसी प्रकार वे अपना बचाव करने का प्रयत्न कर रहे थे । इसी समय उनके परम विश्वासी मित्र ब्रुअस की ओर देखकर कहा-‘‘मित्र ! तुम भी ..................’’। 

सीजर ने अपने बचाव का प्रयत्न छोड़ दिया और आहत होकर मृत्यु की गोद में गिर पड़े। 

खुदीराम को फाँसी

खुदीराम को फाँसी हो गई। थोड़ी आयु में, जो थोड़ा-सा समय था, वह भी संघर्ष में गुजरा कि देश, धर्म और समाज का पुनरुद्धार हो तो वे अंतिम समय में अपने अभीष्ट से कैसे हट जाते। फाँसी के समय वे वैसी ही सजावट के साथ गए, जैसा दुल्हा बरात में सजा होता है। दिन भर उनकी कोठरी राष्ट्रीय गीतों से गूजँती रही , पर वे सदैव गहरी नींद में सोए। जेल अवधि में इनका वजन भी आश्चर्यजनक रुप से बढ गया। नित्य वे दंड-बैठक भी लगाते। जिस दिन उन्हें फाँसी होनी थी , प्रातः काल जल्दी उठे। उपासना की, व्यायाम किया। शरीर सँवारा, जैसे वरयात्रा में जाना हो। हँसते हुए गए। 
वंदे मातरम् का जयघोष करते हुए, फाँसी के तख्ते पर झुल गए। 

धन्य है यह भूमि, जिसने ऐसे शहीदों को जन्म दिया। 

ज्ञानदेव

ऐसा कहा जाता है कि चांगदेव 1400 वर्षो से योग-साधना कर रहे थे। उन्हे भारत का महान योगी माना जाता था। ज्ञानेश्वर सहित तीनों अन्य भाई-बहनो की प्रशंसा सुन उनके मन में आया कि इनसे सत्यासत्य की जानकारी लूँ। प्रश्न रुप में एक सादा कागज भेज दिया। मुक्ताबाई के हाथ में पत्र आया तो वे हँस पड़ी। बोलीं-हमारे योगीराज वर्षो की तप-साधना के बावजूद कोरे ही रह गए। निवृतिनाथ ने इस व्यंग्य पर मुक्ताबाई को लताड़ा एवं पत्रवाहक से कहा- योगीराज को हमारी कुटिया पर आने का आमंत्रण दें। योग का प्रभाव देखने के लिए, हाथ मे सर्प का चाबुक लिए, सिंह पर सवार, सभी शिष्यो के साथ, वे मिलने गए। आलिंदी में विराजमान ज्ञानेश्वर, जिस दिवार पर भाई-बहन सहित बैठे थे, उसी को सक्रिय कर स्वागत हेतु चल पड़े। चांगदेव ने यह चमत्कार देखा और श्रद्धावनत् हो, ज्ञानदेव से दीक्षित हुए । 

यह दीवार आज भी आलिंदी (महाराष्ट्र) में देखी जा सकती है। 

लौहपुरुष

आज देश के सामने कोई समस्या आती है तो बरबस मुँह से निकल पड़ता है-‘काश ! आज सरदार पटेल जीवित होते। ’जर्मनी के एकीकरण में जो भूमिका बिस्मार्क ने और जापान के एकीकरण में जो कार्य मिकाडो ने किया, उनसे बढकर सरदार पटेल का कार्य कहा जायेगा, जिनने भारत जैसे उपमहाद्वीप को, विभाजन की आँधी में टुकड़े-टुकड़े हाने से रोका । किस प्रकार देशी राज्यों का एकीकरण संभव हो सका। इस पर विचार करते है तो आश्चर्य होता है। एक-दो नहीं, सैकड़ो राजा भारतवर्ष में विद्यमान थे। उनका एकीकरण सरदार पटेल जैसा कुशल नीतिज्ञ ही कर सकता था। इसी कारण उन्हें लौहपुरुष कहा जाता है। 

आज राष्ट्र वैसी ही परिस्थिति से गुजर रहा है। हमें फिर वैसी ही, उसी स्तर की जिजीविषा वाली शक्तियो की जरुरत है। 

गुरु-शिष्य


चैत्र शुक्ल नवमी, रविवार, संवत् 1530 को जन्मे नारायण बालक को भगवान श्री राम का दास होने के कारण रामदास नाम मिला । बाद मे उनके शिष्यो ने उनकी शक्ति को देख, उन्हें समर्थ की उपाधि दी । देश की दशा को ठीक करना, लोकमत को जगाना और परमात्मा के प्रति विश्वास पैदा करना ही, उनका लक्ष्य होता था।

शिवाजी को उनने अपने कार्य का निमित्त बनाया । वैशाख शुक्ल नवमी, संवत् 1571 को उनने अपने प्रिय शिष्य शिवा को शिष्य बनाया- गुरुमंत्र दिया और प्रसाद रुप में एक नारियल, मुट्ठी भर मिट्टी दो मुट्टी लीद और चार मुट्टी पत्थर दिये, जो क्रमशः दृढ़ता, पार्थिवता, ऐश्वर्य एवं दुर्ग विजय के प्रतीक थे । महाराज शिवाजी राव ने गुरु का पह प्रसाद ग्रहण किया और साधु जीवन बिताने की अनुमति माँगी । 

समर्थ ने उन्हे समझाया - 

‘‘पीड़ितो की रक्षा तथा धर्म का उद्धार तुम्हारा कर्तव्य है। साधु वही है, जो कि अपनी वासना-तृष्णा, संकीर्ण स्वार्थपरता को त्यागकर, निस्वार्थ भाव से देश-घर्म की रक्षा करे।’’ शिवाजी ने अपनी सैन्यशक्ति से हिंदू पद पादशाही के प्रवर्तक बनने, छत्रपति कहलाने का श्रेय प्राप्त किया । हजारो महावीर मठ, जो समर्थ द्वारा स्थापित किए गए, वे प्रेरणा एवं जनसहयोग के स्त्रोत बने । परिणामस्वरुप मुगल साम्रज्य की जड़े खोखली हो गई, वह गिरकर ढेर हो गया । सारा श्रेय गुरु-शिष्य की इस जोड़ी को जाता है ।

राजनीतिक विरोध

रफी अहमद किदवई साहब के एक मित्र की पुत्री का विवाह था। उनसे किदवई साहब का राजनीतिक विरोध था। बोल-चाल तक नही थी । यहाँ तक कि उनने किदवइ साहब को विवाह में आमंत्रित तक न किया , किन्तु वे स्वयं वहाँ पहुँचे ओर कन्या को आशीर्वाद दिया । 

उन सज्जन ने जब अपने प्रतिद्वंद्वी रफी साहब को वहाँ देखा तो पश्चाताप् , आत्मग्लानि और स्नेह का प्रवाह उमड़ा कि वे रफी साहब के गले लिपट गए और क्षमा-याचना करने लगे। रफी साहब विनम्र स्वर में , इतना ही बोले-‘‘आपका -हमारा राजनीतिक मतभेद हो सकता सदा के लिए , किंतु यह तो घर का मामला है । आपकी बेटी , मेरी बेटी है।’’

इस घटना से आपसी मनमुटाव समाप्त हो गया । 

शनिवार, 14 अगस्त 2010

आपके अंदर क्या हैं ?

एक अजनबी किसी गांव में पहुंचा। उसने उस गांव के बाहर बैठे एक बूढ़े आदमी से पूछा क्या इस गांव के लोग अच्छे व दोस्ती करने वाले हैं। उस बूढ़े आदमी ने सीधे उसके प्रश्न का उतर देने के बजाय उसी से पूछ लिया कि बेटा तुम जहां से आए हो वहां के लोग कैसे?

वह अजनबी गुस्से से बोला बहुत बुरे, पापी और अन्यायी। सारी परेशानियों के लिए वे ही जिम्मेदार हैं। बूढ़ा थोड़ी देर सोचता रहा और बोला यहां के लोग भी वैसे ही हैं, तुम इन्हें भी वैसा ही पाओगे।

वह व्यक्ति जा भी नहीं पाया था कि एक दूसरे व्यक्ति ने आकर वही प्रश्न दोहराया तो वृद्ध ने उससे भी वही प्रश्न किया कि बेटा तुम बताओ जहां से तुम आए हो वहां के लोग कैसे हैं? उस व्यक्ति की आंखें आंसुओं से भर गईं और वह बोला बहुत प्यार करने वाले, दयालु, मेरी सारी खुशी का कारण वे लोग ही थे।

वह वृद्ध बोला यहां के लोग भी ऐसे ही हैं, तुम यहां के लोगों को भी कम दयालु नहीं पाओगे।

मनुष्य-मनुष्य में भेद नहीं है। संसार दर्पण है जो हम दूसरो में देखते है वह अपनी ही प्रतिक्रिया है। जब तक सभी में शिव व सुन्दर दिखाई न देने लगे, तब तक यही सोचना चाहिये कि स्वयं में ही कोई खोट है।

जो खुद मे ही नहीं है उसे दूसरों में खोजना असंभव है। जो जैसा होता है उसे दूसरे भी वैसे ही नजर आते हैं। सुन्दर को खोजने के लिए सारी धरती भटक लें पर जो खुद के अंदर ही नहीं है, उसे कहीं भी पाना असंभव है।

शुक्रवार, 13 अगस्त 2010

महात्मा और कन्फ्यूशियस

कन्फ्यूशियस पदयात्रा पर निकले। मार्ग में एक महात्मा पेड़ की छाया में विश्राम कर रहे थे । उन्होंने उन महात्मा से पूछ- "महात्मन ! आप नगर छोड़ कर यहाँ एकांत में क्यों पड़े हैं ?"महात्मा ने उत्तर दिया- "इस राज्य का राजा अत्याचारी , कुटिल और दुष्ट है। प्रजा भी राजा को देख कर वैसी ही बनती जा रही है । ऐसे वातावरण में रहना कठिन हो गया था, इसलिए मैं यहाँ आ गया। यहाँ किसी तरह की चिंता नहीं है ।"

कन्फ्यूशियस ने मुस्करा कर कहा- 
"थोड़ी-सी बुराईयों या बुरे व्यक्तियों के कारण आप नगर छोड़ कर चले आए? 

क्या बुराई के आगे हार मान लेनी चाहिए ? 
यह तो आपका पलायनवाद है ।

"महात्मा ने कहा- 
"ठीक है, मगर इतने झंझटों की अपेक्षा स्वयं बुराई से हट जाना क्या बेहतर नहीं है? हम बुराई से हट कर अच्छाई का आनंद क्यों न लें ?

"इस पर कन्फ्यूशियस ने कहा- 
"आप भूल रहे हैं की झंझटों से भरा जीवन ही आपका आधार है । आपकी जो शान्ति आपके पास है वह छिनी नहीं जा सकती । फिर, यहाँ रह कर भी आप उसी समाज को आप बुरा कह रहे हैं । क्या यह कृतध्नता नहीं होगी की आप समाज को सुधारने की बजाय मुख मोड़ कर जंगल की ओर भाग आये ? आप भाग कर साबित कर रहे हैं की सद्गुण दुर्गुण से दुर्बल है । सत्य असत्य की अपेक्षा निर्बल है । ज्ञान पर अज्ञान ने अधिकार कर लिया है ।"

महात्मा ने उत्तर दिया - 
"मैं यहाँ सद्गुणों की ही रक्षा कर रहा हूँ , बुराईयों की ओर से आखें मूंद कर। आप ही बताईये , क्या मैं भलाई को बुराई का ग्रास होने से नहीं बचा रहा हूँ ?"

कन्फ्यूशियस ने कहा-
आप एकांत में साधना कर अपने को तों बचा लेंगे , लेकिन क्या एक साधक का इतना ही कर्तब्य है ? उसे केवल अपनी मुक्ति की ही बात नहीं सोचनी चाहिए । उसे समाज एवम व्यापक जनमानस की बात भी सोचनी चाहिए । इसी में उसकी साधना की सार्थकता है ।"

उनकी बातो का महात्मा पर बहुत असर हुआ ,और महात्माजी नगर की ओर लौट आये 

गुरुवार, 12 अगस्त 2010

इसको आगे से पकड़ो

एक चित्रकार ने एक चित्र बनाया ,यह थोडा अजीब था.इसमें उसने एक ऐसे व्यक्ति के सिर को दर्शाया था जिसके अगले भाग पर बहुत सारे बाल थे पर इसका पिछला हिस्सा बिलकुल सपाट और गंजा था.लोग इसके चित्र पर बहुत हँसे, कई लोगो ने कहा चित्रकार बलकुल पागल लगता है इसे नहीं मालुम कि किसी भी गंजे व्यक्ति के सिर के अगले हिस्से पर इतने बाल नहीं हो सकते .

एक पत्रकार ने उससे पूछ ही लिया कि आखिर ऐसी तस्वीर उसने क्यों बनायीं तो चित्रकार ने कहा -' मैंने यह अवसर का चित्र बनाया है .इस चित्र में मैंने बाल प्रतीकात्मक रूप से दिखाया है कि अवसर जब भी आये तो उसे सामने से पकडे तो उसे बहुत आसानी से पकड़ा जा सकता है अगर आपने देरी कर दी और यह आगे चला गया तो फिर यह पकड़ में नहीं आएगा क्योंकि इसका पिछला हिस्सा बिलकुल चिकना और सपाट होता है फिर आप चाह कर भी इसे नहीं पकड़ सकते क्योंकि जब भी पकड़ने की कोशिश करेगे आप फिसल जायेगे .'

बीता हुआ अवसर कभी लौट कर नहीं आता इसलिए इसे हमेशा सामने से पकड़िये अगर यह आपके लिए अच्छा रहा तो इसके साथ रहिये वरना अगले का इन्तजार करिये . 

बुधवार, 11 अगस्त 2010

ज्योतिषी का अनुमान

यूनान के प्रसिध्द दार्शनिक सुकरात एक बार अपने शिष्यों के साथ चर्चा में मग्न थे। उसी समय एक ज्योतिष घूमता-घामता पहुंचा, जो कि चेहरा देख कर व्यक्ति के चरित्र के बारे में बताने का दावा करता था। सुकरात व उनके शिष्यों के समक्ष यही दावा करने लगा। 

चूंकि सुकरात जितने अच्छे दार्शनिक थे उतने सुदर्शन नहीं थे, बल्कि वे बदसूरत ही थे। पर लोग उन्हें उनके सुन्दर विचारों की वजह से अधिक चाहते थे।ज्योतिषी सुकरात का चेहरा देखकर कहने लगा, इसके नथुनों की बनावट बता रही है कि इस व्यक्ति में क्रोध की भावना प्रबल है।यह सुन कर सुकरात के शिष्य नाराज होने लगे परन्तु सुकरात ने उन्हें रोक कर ज्योतिष को अपनी बात कहने का पूरा मौका दिया।''इसके माथे और सिर की आकृति के कारण यह निश्चित रूप से लालची होगा। इसकी ठोडी क़ी रचना कहती है कि यह बिलकुल सनकी है, इसके होंठों और दांतों की बनावट के अनुसार यह व्यक्ति सदैव देशद्रोह करने के लिये प्रेरित रहता है।

यह सब सुन कर सुकरात ने ज्योतिषी को इनाम देकर भेज दिया, इस पर सुकरात के शिष्य भौंचक्के रह गये।

सुकरात ने उनकी जिज्ञासा शांत करने के लिये कहा कि, सत्य को दबाना ठीक नहीं। ज्योतिषी ने जो कुछ बताया वे सब दुर्गुण मुझमें हैं, मैं उन्हें स्वीकारता हूँ। पर उस ज्योतिषी से एक भूल अवश्य हुई है, वह यह कि उसने मेरे विवेक की शक्ति पर जरा भी गौर नहीं किया। मैं अपने विवेक से इन सब दुर्गुणों पर अंकुश लगाये रखता हूँ। यह बात ज्योतिषी बताना भूल गया। शिष्य सुकरात की विलक्षणता से और प्रभावित हो गये। 

एक महान बालक

एक बालक नित्य विद्यालय पढ़ने जाता था। घर में उसकी माता थी। माँ अपने बेटे पर प्राण न्योछावर किए रहती थी, उसकी हर माँग पूरी करने में आनंद का अनुभव करती। पुत्र भी पढ़ने-लिखने में बड़ा तेज़ और परिश्रमी था। खेल के समय खेलता, लेकिन पढ़ने के समय का ध्यान रखता। एक दिन दरवाज़े पर किसी ने - 'माई! ओ माई!' पुकारते हुए आवाज़ लगाई तो बालक हाथ में पुस्तक पकड़े हुए द्वार पर गया, देखा कि एक फटेहाल बुढ़िया काँपते हाथ फैलाए खड़ी थी। उसने कहा, 'बेटा! कुछ भीख दे दे।'

बुढ़िया के मुँह से बेटा सुनकर वह भावुक हो गया और माँ से आकर कहने लगा, 'माँ! एक बेचारी गरीब माँ मुझे बेटा कहकर कुछ माँग रही है।' उस समय घर में कुछ खाने की चीज़ थी नहीं, इसलिए माँ ने कहा, 'बेटा! रोटी-भात तो कुछ बचा नहीं है, चाहे तो चावल दे दो।' पर बालक ने हठ करते हुए कहा - 'माँ! चावल से क्या होगा? तुम जो अपने हाथ में सोने का कंगन पहने हो, वही दे दो न उस बेचारी को। मैं जब बड़ा होकर कमाऊँगा तो तुम्हें दो कंगन बनवा दूँगा।' माँ ने बालक का मन रखने के लिए सच में ही सोने का अपना वह कंगन कलाई से उतारा और कहा, 'लो, दे दो।'

बालक खुशी-खुशी वह कंगन उस भिखारिन को दे आया। भिखारिन को तो मानो एक ख़ज़ाना ही मिल गया। कंगन बेचकर उसने परिवार के बच्चों के लिए अनाज, कपड़े आदि जुटा लिए। उसका पति अंधा था। उधर वह बालक पढ़-लिखकर बड़ा विद्वान हुआ, काफ़ी नाम कमाया। एक दिन वह माँ से बोला, 'माँ! तुम अपने हाथ का नाप दे दो, मैं कंगन बनवा दूँ।' उसे बचपन का अपना वचन याद था। पर माता ने कहा, 'उसकी चिंता छोड़। मैं इतनी बूढ़ी हो गई हूँ कि अब मुझे कंगन शोभा नहीं देंगे। हाँ, कलकत्ते के तमाम ग़रीब बालक विद्यालय और चिकित्सा के लिए मारे-मारे फिरते हैं, उनके लिए तू एक विद्यालय और एक चिकित्सालय खुलवा दे जहाँ निशुल्क पढ़ाई और चिकित्सा की व्यवस्था हो।'

माँ 
के
उस
पुत्र 
का 
नाम
ईश्वरचंद्र
विद्यासागर 
था ।

सिकंदर और नाला

विश्वविजेता होने का स्वप्न देखने वाले सिकन्दर और उनके गुरु अरस्तू एक बार घने जंगल में कहीं जा रहे थे। रास्ते में उफनता हुआ एक बरसाती नाला पडा। अरस्तू और सिकन्दर इस बात पर एकमत न हो सके कि पहले कौन नाला पार करे। उस पर वह रास्ता अनजान था, नाले की गहराई से दोनों नावाकिफ थे। कुछ देर विचार करने के बाद सिकन्दर इस बात पर ठान बैठे कि नाला तो पहले वह स्वयं ही पार करेंगे। कुछ देर के वाद विवाद के बाद अरस्तू ने सिकन्दर की बात मान ली। पर बाद में वे इस बात पर नाराज हो गये कि तुमने मेरी अवज्ञा की तो क्यों की।

इस पर सिकन्दर ने एक ही बात कही,

मेरे मान्यवर गुरु जी, मेरे कर्तव्य ने ही मुझे ऐसा करने को प्रेरित किया। क्योंकि अरस्तू रहेगा तो हजारों सिकन्दर तैयार कर लेगा। पर सिकन्दर तो एक भी अरस्तू नहीं बना सकता। गुरु शिष्य के इस उत्तर पर मुस्कुरा कर निरुत्तर हो गये।

मंगलवार, 10 अगस्त 2010

जीवेम शरदः शतम्

स्वस्थ रहना मनुष्य का अधिकार है, एक स्वाभाविक प्रक्रिया है । इसी आधार पर हमारे ऋषिगणों ने मनुष्य के लिए जीवेम शरदः शतम् व्यक्ति सौ वर्ष तक जिए, निरोग जीवन जीकर सौ वर्षों की आयुष्य का आनन्द ले, सूत्र दिया था । सौ वर्ष से भी अधिक जीने वाले, स्वास्थ्य के मौलिक सिद्धान्तों को जीवन में उतारने वाले अनेकानेक व्यक्ति कभी वसुधा पर थे एवं इसे एक सामान्य सी बात माना जाता था । स्वस्थ वृत्त को जीवन में उतारने वाला सौ वर्ष तक जीकर ही-अपना सारा जीवन व्यापार पूरा कर ही मोक्ष को प्राप्त होगा, यह हमारी संस्कृति का कभी जीवन दर्शन था । किन्तु आज यह सब एक विलक्षणता मानी जाती है जब सुनने में आता है कि किसी ने सौ वर्ष पार कर लिए व अभी भी नीरोग है । परमपूज्य गुरुदेव ने वाङ्मय के इस खण्ड में जहाँ बिना ओषधि के कायाकल्प की बात कही है, वहीं जड़ी-बूटियों द्वारा स्वास्थ्य संरक्षण, कल्प के विभन्न शरीर परक बार्धक्य कभी न लाने वाली सुगम प्रयोग भी दिए हैं जो आज भी परीक्षित करने पर कसौटी पर खरे सिद्ध हो सकते हैं । 

रोग क्यों होते हैं, उनका कारण क्या है व कौन-कौन से घटक इसके लिए जिम्मेदार होते हैं, यहाँ से यह खण्ड आरंभ होता है । रोगों की उत्पत्ति की जड़ हमारी जीवन शैली का त्रुटिपूर्ण होना है तथा कब्ज से लेकर आहार के असंयम रहन-सहन से लेकर मानसिक तनाव तथा दैवी प्रतिकूलताओं से लेकर बैक्टीरिया-वायरस के कारण होने की व्याख्या के पीछे पूज्यवर का मंतव्य एक ही है कि हमारी जीवनी शक्ति-प्राणशक्ति यदि अक्षुण्ण रहे व जीवन शैली सही रहे तो हमें कभी रोग-शोक सता नहीं सकते । पंचभूतों से बनी इस काया को जिसे अंत में मिट्टी में ही मिल जाना है क्या हम पंचतत्त्वों आकाश, वायु, जल, मिट्टी, अग्नि के माध्यम से स्वस्थ बना सकते हैं, इसका समग्र विवेचन इस खण्ड में विस्तार से हुआ हैं प्राकातिक चिकित्सा का यही सिद्धान्त है कि पंचतत्त्वों से ही रोगों को दूरकर अक्षुण स्वास्थ्य प्रदान किया जाय । पंचमहाभूतों को आकाश को ध्वनि से, वायु को स्पर्श से, अग्नि को रंग-रूप-ऊर्जा से, जल को रस-स्वाद से तथा पृथ्वी को गंध से जाना जाता है । यही गुण स्वास्थ्य संवर्धन में भी काम आते हैं । 

क्या कायाकल्प बिना किसी ओषधि के भी हो सकता है ? पूज्यवर कहते हैं, हाँ ! इस विषय पर उनने सुप्रसिद्ध छह आना सीरिज में आज से प्रायः चालीस वर्ष पूर्व एक पुस्तक लिख दी थी एवं इसके कई संस्करण प्रकाशित हुए । इसमें उनने लिखा है कि प्रगतिशील सभ्यता की दौड़ में अग्रणी मानव को पीछे की ओर लौटना होगा-प्रकृति के नियमों का पालन करना सीखना होगा । उत्तम स्वास्थ्य बिना ओषधि के बनाए रखने के लिए उनने चारसूत्र दिए हैं-खाद्य पदार्थों का सही चुनाव, सही खाने का तरीका, समुचित परिश्रम, अव्यवस्था से बचकर व्यवस्थित जीवनचर्या । उपवास, शरीर शुद्धि व कायाकल्प के सिद्धान्त को पूज्यवर ने यहाँ विस्तार से समझाया हैं । कब्ज मिटाकर कैसे मनुष्य स्वस्थ बना रह सकता है व स्फूर्ति से भरी दिनचर्या कैसे स्वयं बनायी जाती है, यह सारा विवेचन उसमें है । प्राकातिक चिकित्सा की सारी धुरी उसी पर केन्द्रित है । इस पर पूज्यवर ने कई प्रयोग स्वयं पर करके उसके निष्कर्ष दिए हैं एवं वस्तुतः व्यक्ति यदि इन सभी बातों का ध्यान रखकर नैसर्गिक जीवनचर्या को अंगीकार कर ले, वैसा ही आहार ले व चिंतन स्वस्थ, मन प्रफुल्लित रखे तो किसी तरह की कोई व्याधि होने का प्रश्न ही खड़ा नहीं होता । 

चूंकि आज का मनुष्य निर्भर तो कात्रिम साधनों पर ही है । हवा, पानी भी विषाक्त हो चुके हैं । ऐसे में यदि ओषधियों की आवश्यकता भी पड़े तो इसके लिए कौन सी ली जायँ । पूज्यवर कहते हैं कि जड़ी-बूटी स्वस्थ नीरोग जीवन प्रदान करती हैं । उनके कोई दुष्परिणाम नहीं होते व सही अनुपान के साथ सही वीर्य कालावधि में पकी ओषधि लेने पर लाभ ही लाभ पहुँचाती है । काष्ठ-ओषधि विज्ञान-वनौषधि विज्ञान का पूज्यवर ने वस्तुतः पुनर्जीवन किया व लुप्त हो रही वनौषधियों की गरिमा को पुनः स्थापित कर उनको स्थान-स्थान पर आरोपित कर वनौषधि उपवन लगाने की महत्ता पर बहुत जोर दिया । ब्रह्मवर्चस् शोध-संस्थान के वैज्ञानिक निष्कर्षों के आधार पर प्रायः 50 से अधिक वनौषधियाँ पर शोधस्तर का एक ग्रन्थ भी प्रकाशित किया गया है व इनके व्यापक अनुसंधान वहाँ संपन्न हुए हैं । एकोषघि प्रयोग के रूप में लिए जाने पर व एक जैसे गुणों वाली ओषधियों के सम्मिलित प्रयोग से क्या लाभ कैसे होता है, इसका पूरा वैज्ञानिक आधार पूज्यवर ने समझाया है । अब ढाई सौ से अधिक ओषधियाँ तैयार चूर्ण के रूप में, ताजी औषधियों के रूप में सदा गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में उपलब्ध रहती हैं । इन सबका वैज्ञानिक विश्लेषण, विवेचन, शरीर-मन आदि पर प्रभाव का पूरा विवरण इस वाङ्मय में परिजन पढ़ेंगे । 

आर्युवेद का गौरव है वनौषधियाँ जिनमें समग्रता होती है । यदि यह विज्ञान घर-घर फैल सके तो हमारी ऐलोपैथी पर-तेज असर कारक औषधियों पर निर्भरता समाप्त हो जायगी । यही पूज्यवर की सोच थी व इसी आधार पर केंद्र में भी व स्थान-स्थान पर हर्बल गार्डन बनते चले गए । पूज्यवर ने मसाला वाटिका से घरेलू उपचार पर भी जोर दिया । घर में ही पायी जाने वाली, आँगन में उगायी जा सकने वाली औषधियों से जिन्हें हम मसालों में प्रयोग करते हैं अनेकानेक रोगों का उपचार किया जा सकता है । राई, हल्दी, अदरक, सौंफ, मेथी, जीरा, मिर्च, पुदीना, गिलोय, तुलसी, अजवाइन, धनिया, टमाटर, लहसुन, ग्वारपाठा, प्याज, आँवला ऐसी औषधियाँ हैं जो घर-घर हो सकती हैं, सूखी स्थिति में कुछ रखी भी जा सकती हैं । सुहागा, हींग, काला नमक, लौंग, तेज पत्रक, दालचीनी, ऐसे हैं जिन्हें सुरक्षित अपने पास रखकर विभन्न रोगों में प्रयोग किया जा सकता है । अंत में कल्पचिकित्सा के विभन्न पक्षों पर पूज्यवर ने कलम-चलाई है । आर्युवेदोक्त पंचकर्म से लेकर कुटी प्रवेश तथा विभन्न कल्प प्रयोगों को पढ़कर हर किसी को लगेगा कि आज के युग में भी सौ वर्ष जीवित रहना कोई असंभव कार्य नहीं है॥

-युगऋषि वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पं. श्रीराम शर्मा आचार्य

LinkWithin

Blog Widget by LinkWithin