रविवार, 5 जुलाई 2009

माता भगवती देवी शर्मा

स्नेह सलिला, परम वन्दनीया, शक्तिस्वरूपा, सजल श्रद्धा की प्रतिमूर्ति माता भगवती देवी शर्मा आश्विन कृष्ण चतुर्थी, संवत १९८२ को (तदनुसार २० सितम्बर १९२६) को प्रातः आठ बजे आगरा नगर के श्री जशवंत राव जी के घर चौथी संतान के रूप में जन्मीं ।

ऐश्वर्य सम्पन्न घराने में पली-बढ़ी माताजी का विवाह आगरा से २५ किमी.दूर आँवलखेड़ा में एक जमींदार परिवार पं.रूपकिशोर के सुपुत्र गायत्री साधक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्रीराम मत्त (आज के युगऋषि पं.श्रीराम शर्मा आचर्य) के साथ हुआ । सन् १९४३ में विवाह के बाद माता जी ससुराल पहुँची, जहाँ आचार्य जी ओढ़ी हुई गरीबी का जीवन जी रहे थे । जैसा पति का जीवन वैसा ही अपना जीवन, जहाँ उनका समर्पण उसी के प्रति अपना भी समर्पण, इसी संकल्प के साथ वे अपने धर्म निर्वाह में जुट गयीं ।

उन दिनों आचार्य जी के २४ महापुरश्चरणों की शृंखलाएँ चल रही थीं । वे जौ की रोटी और छाछ पर निर्वाह कर रहे थे । माता जी ने जौ की रोटी व छाछ तैयार करने से अपने पारिवारिक जीवन की शुरुआत की । कुछ ही वर्ष आँवलखेड़ा में बीते थे कि माताजी अपने जीवन सखा के साथ मथुरा आ गयीं । यहाँ पूज्य गुरुदेव अंतर्राष्ट्रीय पत्रिका अखण्ड ज्योति का सम्पादन करते, पाठकों की वैचारिक, पारिवारिक, आध्यात्मिक आदि समस्याओं का समाधान पत्र व्यवहार एवं पत्रिका के माध्यम से करते और माताजी आगन्तुकों का आतिथ्य कर घर में जो कुछ था, उसी से उनकी व्यवस्था जुटातीं ।

मात्र २०० रुपये की आय में दो बच्चे, एक माँ, स्वयं दोनों इस तरह कुल पाँच व्यक्तियों के साथ प्रत्येक माह अनेक आने-जाने वालों, अतिथियों का हँसी-खुशी से सेवा सत्कार करना, उनके सुख-दुःख को सुनना तथा सुघर गृहणी की भूमिका निभाना केवल माताजी केवश का था । जो भी आता उसे अपने घर जैसा लगता । आधी रात में दस्तक देने वाले को भी माताजी बिना भोजन किये सोने न देतीं । माताजी की संवेदना का एक स्पर्श पाकर व्यक्ति निहाल हो जाता ।

प्रारंभिक दिनों में अखण्ड ज्योति पत्रिका घर के बने कागज पर हैण्ड प्रेस से छपती थी । माताजी उसके लिए हाथ से कूटकर कागज तैयार करतीं उसे सुखातीं, फिर पैर से चलने वाली हैण्ड प्रेस द्वारा खुद पत्रिका छापतीं । उन पर पते लिखकर डिस्पैच करतीं । यह सभी कार्य माताजी की दिनचर्या का अभिन्न अंग बन गया था । बच्चों की देखभाल, पढ़ाई-लिखाई आदि की जिम्मेदारी थी ही । इसी श्रमपूर्ण जीवन ने माताजी को आगे चलकर परम वन्दनीया माताजी के भावभरे वात्सल्यपूर्ण संबोधन से नवाजा और वे जगन्माता बन गयीं ।

माताजी कहती-'हमारा अपना कुछ नहीं, सब कुछ हमारे आराध्य का है, समाज राष्ट्र के लिए समपत है ।' अवसर आने पर वे इसे सत्य कर दिखाती थीं । उन दिनों आचार्य श्री के मस्तिष्क में गायत्री तपोभूमि मथुरा की स्थापना का तानाबाना चल रहा था, परन्तु पैसे का अभाव था । ऐसे समय में माताजी ने अपनी ओर से पहल करके अपने पिता द्वारा प्रदत्त सारे जेवर बचकर निर्माण कार्य में लगाने के लिए सौंप दिये । जो आज असंख्य अनुदानों-वरदानों एवं करोड़ों परिजनों के रूप में फल-फूल रहा है ।

साधारण गृहणी एवं अपने पति के प्रति समपत श्रमशील महिला के रूप में देखने वाली माताजी का असाधारण स्वरूप अंदर ही अंदर पकता तो रहा, परन्तु उभर कर तब आया, जब आचार्यश्री सन् १९५९ में दो वर्ष के प्रवास पर हिमालय तप-साधना के लिए गये । माताजी के जीवन का यह अकेलापन कठिनाइयों भरा था, परन्तु उन्होंने हिम्मत नहीं हारी, अपितु अपने वर्तमान दायित्वों का निर्वाह करते हुए उन्होंने अखण्ड ज्योति पत्रिका का लेखन, सम्पादन एवं पाठकों का मार्गदर्शन आदि वे सभी कार्य बड़ी कुशलता से करना शुरु किया, जो आचार्यश्री छोड़कर गये थे । संपादन के प्रति उनके सूझबूझ भरे दृष्टिकोण ने दो ही वर्ष में अखण्ड ज्योति के पाठकों की संख्या कई गुना बढ़ा दी । अखण्ड ज्योति, युग निर्माण योजना, युग शक्ति गायत्री, महिला जागृति अभियान सहित कुल १३ पत्र-पत्रिकाओं के माध्यम से अपने जीवन के अंतिम क्षणों तक १४ लाख पाठकों का व्यक्तित्व निर्माण, परिवार निर्माण, समाज निर्माण एवं राष्ट्र-विश्व निर्माण संबंधी मार्गदर्शन करती रहीं ।

सन् १९७१ में युग तीर्थ शांतिकुंज हरिद्वार की स्थापना हो चुकी थी । गायत्री परिवार लाखों से करोड़ों की संख्या में पहुँच रहा था । माताजी ने जहाँ कुशल संगठक के रूप में इस परिवार की बागडोर सँभाला, वहीं उन्होंने नारी जागरण आन्दोलन द्वारा देश-विदेश में नारियों को पर्दाप्रथा, मूढ़मान्यताओं से निकालकर उन्हें न केवल घर, परिवार समाज में समुचित सम्मान दिलाया, अपितु धर्म-अध्यात्म से जोड़कर वैदिक कर्मकाण्ड परंपरा में दीक्षित एवं पारंगत करके उन्हें ब्रह्मवादिनी की भूमिका संचालित करने योग्य बनाया । आज उन्हीं के पुरुषार्थ से देश-विदेश की लाखों नारियाँ यज्ञ संस्कारों का सफल संचालन कर रही हैं ।

विकट से विकट परिस्थितियों में भी माताजी संघर्ष पथ पर डटी रहीं । जून १९९० में आचार्य श्री के महाप्रयाण के बाद की घड़ियाँ कुछ ऐसी ही कठिन थीं । विक्षोभ की व्याकुलता तो थी, परअसीम संतुलन को बनाये रखा । अपने करोड़ों परिजनों एवं हजारों आश्रमवासियों को ढाँढस बँधाया और संगठन की मजबूती एवं विस्तार के साथ उसके उद्देश्य को सम्पूर्ण मानवता तक पहुँचाने के लिए अक्टूबर ९० में ही शरद पूर्णिमा को नए शंखनाद की घोषणा की । १५ लाख लोगों के विराट् जन समूह को आश्वस्त करते हुए कहा- 'यह दैवी शक्ति द्वारा संचालित मिशन आगे ही बढ़ता जायेगा । कोई भी झंझावत इसे हिला नहीं सकेगा । देवसंस्कृति-भारतीय संस्कृति, विश्व संस्कृति बनेगी ।'

इसी के बाद माताजी अपने नवीन कार्यक्रम में जुट गयी । जहाँ एक ओर पूरे विश्व में सम्प्रदायवाद, जातिवाद दहाड़ रहा था, वहीं उन्होंने तथाकथित धर्माडम्बरियों को ललकारते हुए कुशल सूझबूझ से २६ अश्वमेध यज्ञों के माध्यम से गायत्री (सत्चिन्तन),यज्ञ (सत्कर्म) के निमित्त वातावरण बनाया, सभी मतों, धर्मों, जातियों के लोगों को एक मंच पर लाकर समाज के लिए सोचने हेतु संकल्पित कराया और सभी को छुआछूत के भेदभाव से ऊपर उठकर एक पंक्ति में बैठकर भोजन करने पर सहमत किया ।

माताजी ने अश्वमेघ शृंखला के क्रम में सन् १९९३ में ही तीन बार विविध देशों में जाकर भारतीय संस्कृति का शंखनाद किया । आज भी आदर्श और दहेज रहित विवाह, परिवारों में संस्कार, कुरीति उन्मूलन, पर्यावरण संरक्षण आदि आन्दोलनों से जुड़कर लाखों लोग राष्ट्र निर्माण में लगे हैं यह उनके विशाल मातृत्व का परिणाम है, इसीलिए गुरुदेव भी स्वयं उन्हें माताजी कहकर पुकारते थे ।


पं. श्रीराम शर्मा आचार्य

पण्डित श्रीराम शर्मा आचार्य भारत के एक युगदृष्टा मनीषी थे जिन्होने अखिल भारतीय गायत्री परिवार की स्थापना की। उनने अपना जीवन समाज की भलाई तथा सांस्कृतिक व चारित्रिक उत्थान के लिये समर्पित कर दिया। उन्होने आधुनिक व प्राचीन विज्ञान व धर्म का समन्वय करके आध्यात्मिक नवचेतना को जगाने का कार्य किया ताकि वर्तमान समय की चुनौतियों का सामना किया जा सके। उनका व्यक्तित्व एक साधु पुरुष, आध्यात्म विज्ञानी, योगी, दार्शनिक, मनोवैज्ञानिक, लेखक, सुधारक, मनीषी व दृष्टा का समन्वित रूप था।

पण्डित श्रीराम शर्मा आचार्य (२० सितम्बर १९११ - ०२ जून १९९०) का जन्म आश्विन कृष्ण त्रयोदशी विक्रमी संवत् १९६७ (२० सितम्बर, १९११) को उत्तर प्रदेश के आगरा जनपद के आँवलखेड़ा ग्राम में (जो लतेसर मार्ग पर आगरा से पन्द्रह मील की दूरी पर स्थित है) हुआ था। उनका बाल्यकाल व कैशोर्य काल ग्रामीण परिसर में ही बीता । वे जन्मे तो थे एक जमींदार घराने में, जहाँ उनके पिता श्री पं.रूपकिशोर जी शर्मा आस-पास के, दूर-दराज के राजघरानों के राजपुरोहित, उद्भट विद्वान, भगवत् कथाकार थे, किन्तु उनका अंतःकरण मानव मात्र की पीड़ा से सतत् विचलित रहता था । साधना के प्रति उनका झुकाव बचपन में ही दिखाई देने लगा, जब वे अपने सहपाठियों को, छोटे बच्चों को अमराइयों में बिठाकर स्कूली शिक्षा के साथ-साथ सुसंस्कारिता अपनाने वाली आत्मविद्या का शिक्षण दिया करते थे । छटपटाहट के कारण हिमालय की ओर भाग निकलने व पकड़े जाने पर उनने संबंधियों को बताया कि हिमालय ही उनका घर है एवं वहीं वे जा रहे थे । किसे मालूम था कि हिमालय की ऋषि चेतनाओं का समुच्चय बनकर आयी यह सत्ता वस्तुतः अगले दिनों अपना घर वहीं बनाएगी । जाति-पाँति का कोई भेद नहीं । जातिगत मूढ़ता भरी मान्यता से ग्रसित तत्कालीन भारत के ग्रामीण परिसर में अछूत वृद्ध महिला की जिसे कुष्ठ रोग हो गया था, उसी के टोले में जाकर सेवा कर उनने घरवालों का विरोध तो मोल ले लिया पर अपना व्रत नहीं छोड़ । उन्हें किशोरावस्था में ही समाज सुधार की रचनात्मक प्रवृत्तियाँ उनने चलाना आरंभ कर दी थीं । औपचारिक शिक्षा स्वल्प ही पायी थी । किन्तु, उन्हें इसके बाद आवश्यकता भी नहीं थी क्योंकि, जो जन्मजात प्रतिभा सम्पन्न हो वह औपचारिक पाठ्यक्रम तक सीमित कैसे रह सकता है । हाट-बाजारों में जाकर स्वास्थ्य-शिक्षा प्रधान परिपत्र बाँटना, पशुधन को कैसे सुरक्षित रखें तथा स्वावलम्बी कैसे बनें, इसके छोटे-छोटे पैम्पलेट्स लिखने, हाथ की प्रेस से छपवाने के लिए उन्हें किसी शिक्षा की आवश्यकता नहीं थी । वे चाहते थे, जनमानस आत्मावलम्बी बने, राष्ट्र के प्रति स्वाभिमान उसका जागे, इसलिए गाँव में जन्मे । इस लाल ने नारी शक्ति व बेरोजगार युवाओं के लिए गाँव में ही एक बुनताघर स्थापित किया व उसके द्वारा हाथ से कैसे कपड़ा बुना जाय, अपने पैरों पर कैसे खड़ा हुआ जाय-यह सिखाया ।

पंद्रह वर्ष की आयु में वसंत पंचमी की वेला में सन् १९२६ में उनके घर की पूजास्थली में, जो उनकी नियमित उपासना का तब से आधार थी, जबसे महामना पं.मदनमोहन मालवीय जी ने उन्हें काशी में गायत्री मंत्र की दीक्षा दी थी, उनकी गुरुसत्ता का आगमन हुआ । अदृश्य छायाधारी सूक्ष्म रूप में । उनने प्रज्ज्वलित दीपक की लौ में से स्वयं को प्रकट कर उन्हें उनके द्वारा विगत कई जन्मों में सम्पन्न क्रिया-कलापों का दिग्दर्शन कराया तथा उन्हें बताया कि वे दुर्गम हिमालय से आये हैं एवं उनसे अनेकानेक ऐसे क्रियाकलाप कराना चाहते हैं, जो अवतारी स्तर की ऋषिसत्ताएँ उनसे अपेक्षा रखती हैं । चार बार कुछ दिन से लेकर एक साल तक की अवधि तक हिमालय आकर रहने, कठोर तप करने का भी उनने संदेश दिया एवं उन्हे तीन संदेश दिए -

१. गायत्री महाशक्ति के चौबीस-चौबीस लक्ष्य के चौबीस महापुरश्चरण जिन्हें आहार के कठोर तप के साथ पूरा करना था ।

२. अखण्ड घृतदीप की स्थापना एवं जन-जन तक इसके प्रकाश को फैलाने के लिए समय अपने ज्ञानयज्ञ अभियान चलाना, जो बाद में अखण्ड ज्योति पत्रिका के १९३८ में प्रथम प्रकाशन से लेकर विचार-क्रान्ति अभियान के विश्वव्यापी होने के रूप में प्रकट हुआ ।

३. चौबीस महापुरश्चरणों के दौरान युगधर्म का निर्वाह करते हुए राष्ट्र के निमित्त भी स्वयं को खपाना, हिमालय यात्रा भी करना तथा उनके संपर्क से आगे का मार्गदर्शन लेना ।

यह कहा जा सकता है कि युग निर्माण मिशन, गायत्री परिवार, प्रज्ञा अभियान, पूज्य गुरुदेव जो सभी एक-दूसरे के पर्याय हैं, जीवन यात्रा का यह एक महत्त्वपूर्ण मोड़ था, जिसमें भावी रीति-नीति का निर्धारण कर दिया । पूज्य गुरुदेव अपनी पुस्तक हमारी वसीयत और विरासत में लिखते हैं कि प्रथम मिलन के दिन समर्पण सम्पन्न हुआ । दो बातें गुरुसत्ता द्वारा विशेष रूप से कही गई-संसारी लोग क्या करते हैं और क्या कहते हैं, उसकी ओर से मुँह मोड़कर निर्धारित लक्ष्य की ओर एकाकी साहस के बलबूते चलते रहना एवं दूसरा यह कि अपने को अधिक पवित्र और प्रखर बनाने की तपश्चर्या में जुट जाना- जौ की रोटी व छाछ पर निर्वाह कर आत्मानुशासन सीखना । इसी से वह सार्मथ्य विकसित होगी जो विशुद्धतः परमार्थ प्रयोजनों में नियोजित होगी । वसंत पर्व का यह दिन गुरु अनुशासन का अवधारण ही हमारे लिए नया जन्म बन गया । सद्गुरु की प्राप्ति हमारे जीवन का अनन्य एवं परम सौभाग्य रहा ।

राष्ट्र के परावलम्बी होने की पीड़ा भी उन्हे उतनी ही सताती थी जितनी कि गुरुसत्ता के आनेदशानुसार तपकर सिद्धियों के उपार्जन की ललक उनके मन में थी । उनके इस असमंजस को गुरुसत्ता ने ताड़कर परावाणी से उनका मार्गदर्शन किया कि युगधर्म की महत्ता व समय की पुकार देख-सुनकर तुम्हें अन्य आवश्यक कार्यों को छोड़कर अग्निकाण्ड में पानी लेकर दौड़ पड़ने की तरह आवश्यक कार्य भी करने पड़ सकते हैं । इसमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के नाते संघर्ष करने का भी संकेत था । १९२७ से १९३३ तक का समय उनका एक सक्रिय स्वयं सेवक- स्वतंत्रता सेनानी के रूप में बीता, जिसमें घरवालों के विरोध के बावजूद पैदल लम्बा रास्ता पार कर वे आगरा के उस शिविर में पहुँचे, जहाँ शिक्षण दिया जा रहा था, अनेकानेक मित्रों-सखाओं-मार्गदर्शकों के साथ भूमिगत हो कार्य करते रहे तथा समय आने पर जेल भी गये । छह-छह माह की उन्हें कई बार जेल हुई । जेल में भी जेल के निरक्षर साथियों को शिक्षण देकर व स्वयं अँग्रेजी सीखकर लौटै । आसनसोल जेल में वे पं.जवाहरलाल नेहरू की माता श्रीमती स्वरूपरानी नेहरू, श्री रफी अहमद किदवई, महामना मदनमोहन मालवीय जी, देवदास गाँधी जैसी हस्तियों के साथ रहे व वहाँ से एक मूलमंत्र सीखा जो मालवीय जी ने दिया था कि जन-जन की साझेदारी बढ़ाने के लिए हर व्यक्ति के अंशदान से, मुट्ठी फण्ड से रचनात्मक प्रवृत्तियाँ चलाना । यही मंत्र आगे चलकर एक घंटा समयदान, बीस पैसा नित्य या एक दिन की आय एक माह में तथा एक मुट्ठी अन्न रोज डालने के माध्यम से धर्म घट की स्थापना का स्वरूप लेकर लाखों-करोड़ों की भागीदारी वाला गायत्री परिवार बनता चला गया, जिसका आधार था - प्रत्येक व्यक्ति की यज्ञीय भावना का उसमें समावेश ।

स्वतंत्रता की लड़ाई के दौरान कुछ उग्र दौर भी आये, जिनमें शहीद भगतसिंह को फाँसी दिये जाने पर फैले जनआक्रोश के समय श्री अरविन्द के किशोर काल की क्रान्तिकारी स्थिति की तरह उनने भी वे कार्य किये, जिनसे आक्रान्ता शासकों प्रति असहयोग जाहिर होता था । नमक आन्दोलन के दौरान वे आततायी शासकों के समक्ष झुके नहीं, वे मारते रहे परन्तु, समाधि स्थिति को प्राप्त राष्ट्र देवता के पुजारी को बेहोश होना स्वीकृत था पर आन्दोलन के दौरान उनने झण्डा छोड़ा नहीं जबकि, फिरंगी उन्हें पीटते रहे, झण्डा छीनने का प्रयास करते रहे । उन्होंने मुँह से झण्डा पकड़ लिया, गिर पड़े, बेहोश हो गये पर झण्डे का टुकड़ा चिकित्सकों द्वारा दाँतों में भींचे गये टुकड़े के रूप में जब निकाला गया तक सब उनकी सहनशक्ति देखकर आश्चर्यचकित रह गये । उन्हें तब से ही आजादी के मतवाले उन्मत्त श्रीराम मत्त नाम मिला । अभी भी भी आगरा में उनके साथ रहे या उनसे कुछ सीख लिए अगणित व्यक्ति उन्हें मत्त जी नाम से ही जानते हैं । लगानबन्दी के आकड़े एकत्र करने के लिए उन्होंने पूरे आगरा जिले का दौरा किया व उनके द्वारा प्रस्तुत वे आँकड़े तत्कालीन संयुक्त प्रान्त के मुख्यमंत्री श्री गोविन्द वल्लभ पंत द्वार गाँधी जी के समक्ष पेश किये गये । बापू ने अपनी प्रशस्ति के साथ वे प्रामाणिक आँकड़े ब्रिटिश पार्लियामेन्ट भेजे, इसी आधार पर पूरे संयुक्त प्रान्त के लगान माफी के आदेश प्रसारित हुए । कभी जिनने अपनी इस लड़ाई के बदले कुछ न चाहा, उन्हें सरकार ने अपने प्रतिनिधि के साथ सारी सुविधाएँ व पेंशन दिया, जिसे उनने प्रधानमंत्री राहत फण्ड के नाम समपत कर दी । वैरागी जीवन का, सच्चे राष्ट्र संत होने का इससे बड़ा प्रमाण क्या हो सकता है?

१९३५ के बाद उनके जीवन का नया दौर शुरू हुआ, जब गुरुसत्ता की प्रेरणा से वे श्री अरविन्द से मिलने पाण्डिचेरी, गुरुदेव, ऋषिवर रवीन्द्रनाथ टैगौर से मिलने शांति निकेतन तथा बापू से मिलने साबरमती आश्रम, अहमदाबाद गये । सांस्कृतिक, आध्यात्मिक मंर्चों पर राष्ट्र को कैसे परतंत्रता की बेड़ियों से मुक्त किया जाय, यह र्निदेश लेकर अपना अनुष्ठान यथावत् चलाते हुए उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रवेश किया, जब आगरा में सैनिक समाचार पत्र के कार्यवाहक संपादक के रूप में श्रीकृष्णदत्त पालीवाल जी ने उन्हें अपना सहायक बनाया ।

बाबू गुलाब राय व पालीवाल जी से सीख लेते हुए सतत स्वाध्यायरत रहकर उनने अखण्ड ज्योति नामक पत्रिका का पहला अंक १९३८ की वसंत पंचमी पर प्रकाशित किया । प्रयास पहला था, जानकारियाँ कम थीं अतः पुनः सारी तैयारी के साथ विधिवत् १९४० की जनवरी से उनने परिजनों के नाम पाती के साथ अपने हाथ से बने कागज पर पैर से चलने वाली मशीन से छापकर अखण्ड ज्योति पत्रिका का शुभारंभ किया, जो पहले तो दो सौ पचास पत्रिका के रूप में निकली, किन्तु क्रमशः उनके अध्यवसाय, घर-घर पहुँचाने, मित्रों तक पहुँचाने वाले उनके हृदयस्पर्शी पत्रों द्वारा बढ़ती-बढ़ती नवयुग के मत्स्यावतार की तरह आज दस लाख से भी अधिक संख्या में विभिन्न भाषाओं में छपती व करोड़ से अधिक व्यक्तियों द्वारा पढ़ी जाती है ।

वो महाराणा प्रताप कठे ?

हळदीघाटी में समर में लड़यो, 
वो चेतक रो असवार कठे ?
मायड़ थारो वो पुत कठे ?, 
वो एकलिंग दीवान कठे ?
वो मेवाड़ी सिरमौर कठे ?, 
वो महाराणा प्रताप कठे ?

मैं बाचों है इतिहासां में, मायड़ थे एड़ा पुत जण्या,
अन-बान लजायो नी थारो, रणधीरा वी सरदार बण्या,
बेरीया रा वरसु बादिळा सारा पड ग्या ऊण रे आगे,
वो झुक्यो नही नर नाहरियो, हिन्दवा सुरज मेवाड़ रतन
वो महाराणा प्रताप कठे ? 

मायड़ थारो वो पुत कठे ?
वो एकलिंग दीवान कठे? 
वो मेवाड़ी सिरमौर कठे? 
वो महाराणा प्रताप कठे?

ये माटी हळदीघाटी री लागे केसर और चंदन है,
माथा पर तिलक करो इण रो इण माटी ने निज वंदन है.
या रणभूमि तीरथ भूमि, दर्शन करवा मन ललचावे.
उण वीर-सुरमा री यादा हिवड़ा में जोश जगा जावे.
उण स्वामी भक्त चेतक री टापा, टप-टप री आवाज कठे?

मायड़ थारो वो पुत कठे?
वो एकलिंग दीवान कठे? 
वो मेवाड़ी सिरमौर कठे? 
वो महाराणा प्रताप कठे?

संकट रा दन देख्या जतरा, वे आज कुण देख पावेला,
राणा रा बेटा-बेटी न, रोटी घास री खावेला
ले संकट ने वरदान समझ, वो आजादी को रखवारो,
मेवाड़ भौम री पति राखण ने, कदै भले झुकवारो,
चरणा में धन रो ढेर कियो, दानी भामाशाह आज कठे?

मायड़ थारो वो पुत कठे? 
वो एकलिंग दीवान कठे? 
वो मेवाड़ी सिरमौर कठे? 
वो महाराणा प्रताप कठे?

भाई शक्ति बेरिया सूं मिल, भाई सूं लड़वा ने आयो,
राणा रो भायड़ प्रेम देख, शक्ति सिंग भी हे शरमायों,
औ नीला घोड़ा रा असवार, थे रुक जावो-थे रुक जावो
चरणा में आई प़डियो शक्ति, बोल्यो मैं होकर पछतायो.
वो गळे मिल्या भाई-भाई, जूं राम-भरत रो मिलन अठे.
मायड़ थारो वो पुत कठे?
वो एकलिंग दीवान कठे? 

वो महाराणा प्रताप कठे?, 
वो मेवाड़ी सिरमौर कठे?

वट-वृक्ष पुराणॊं बोल्यो यो, सुण लो जावा वारा भाई
राणा रा किमज धरया तन पे, झाला मन्ना री नरवारी
भाळो राणा रो काहे चमक्यो, आँखां में बिजली कड़काई,
ई रगत-खळगता नाळा सूं, या धरती रगत री कहळाई
यो दरश देख अभिमानी रो जगती में अस्यों मनख कठे?
मायड़ थारो वो पुत कठे?
वो एकलिंग दीवान कठे? 
वो मेवाड़ी सिरमौर कठे? 
वो महाराणा प्रताप कठे?

हळदीघाटी रे किला सूं शिव-पार्वती रण देख रिया
मेवाड़ी वीरा री ताकत, अपनी निजरिया में तौल रिया.
बोल्या शिवजी-सुण पार्वती मेवाड़ भौम री बलिहारी
जो आछा करम करे जग में, वो अठे जनम ले नर-नारी.
मूं श्याम एकलिंग रूप धरी सदियां सूं बैठो भला अठे.
मायड़ थारो वो पुत कठे?
वो एकलिंग दीवान कठे? 
वो मेवाड़ी सिरमौर कठे? 
वो महाराणा प्रताप कठे?

मानवता रो धरम निभायो है, भैदभाव नी जाण्यो है
सेनानायक सूरी हकीम यू राणा रो...चुकायो हे
अरे जात-पात और ऊंच-नीच री बात अया ने नी भायी ही
अणी वास्ते राणा री प्रभुता जग ने दरशाई ही
वो सम्प्रदाय सदभाव री मिले है मिसाल आज अठे.
मायड़ थारो वो पुत कठे?
वो एकलिंग दीवान कठे? 
वो मेवाड़ी सिरमौर कठे? 
वो महाराणा प्रताप कठे?

कुम्भलगढ़, गोगुन्दा, चावण्ड, हळदीघाटी ओर कोल्यारी
मेवाड़ भौम रा तीरथ है, राणा प्रताप री बलिहारी,
हे हरिद्वार, काशी, मथुरा, पुष्कर, गलता में स्नान करा,
सब तीरथा रा फल मिल जावे मेवाड़ भौम में जद विचरां.
कवि “माधव" नमन करे शत-शत, मोती मगरी पर आज अठे.
मायड़ थारो वो पुत कठे?
वो एकलिंग दीवान कठे? 
वो मेवाड़ी सिरमौर कठे? 
वो महाराणा प्रताप कठे?

अरे आज देश री सीमा पर संकट रा बादळ मंडराया,
ये पाकिस्तानी घुसपेठीया, भारत सीमा में घुस आया,
भारत रा वीर जवाना थे, याने यो सबक सिखा दिजो,
थे हो प्रताप रा ही वंशज, याने यो आज बता दिजो,
यो काशमीर भारत रो है, कुण आज आंख दिखावे आज अठे.
मायड़ थारो वो पुत कठे?
वो एकलिंग दीवान कठे? 
वो मेवाड़ी सिरमौर कठे? 
वो महाराणा प्रताप कठे?

कवि माधव दरक, कुम्भलगढ़, राजस्थान

शनिवार, 4 जुलाई 2009

युग परिर्वतन के अग्रदूत

परमपूज्य गुरुदेव आचार्य श्रीराम शर्मा अपने प्रवचन में कहा करते थे-``मै धरती का भाग्य-भविष्य बदलने आया हूँ। मै आना नही चाहता था, पर मुझे धकेला गया है । और विशिष्ट कार्यो के लिए भेजा गया है । लोग मुझे मनोकामना पूरी करने की मशीन मानते है । मै उनकी थोड़ी मानकर उन्हें बदलने का प्रयास करता हूँ । जो बदल जाते हैं, वे ही मेरे सैनिक-युग परिर्वतन के अग्रदूत बन जाते है ।

अपनी और दृष्टि

योगेश्वर श्रीकृष्ण कहते हैं-``जैसे पानी में चलने वाली नाव को वायु हर लेती है, वैसे ही विषयों में विचरती हुई इंद्रियों में से मन जिस इंद्रिय के साथ रहता है, वह एक ही इंद्रिय इस अयुक्त पुरूष की बुद्धि को हर लेती है । इसका अर्थ यह हुआ कि मनुष्य को बहुत सावधान रहना चाहिए । एक ही इंद्रिय काफी है, जो मनुष्य को पतन की ओर ले जा सकती है । द्वापर में एक असुर था। शंबरासुर नाम था । उसने प्रद्युम्न (श्रीकृष्ण के बड़े पुत्र-कामदेव के अवतार) का हरण कर लिया था । रति भी उसी के यहाँ कैद थी । शंबरासुर पाककला मे निपुर्ण स्त्रियों का ही अधिकतर हरण करता था । उसकी पाकशाला सदैव सजी रहती थी । उसे खाने का बड़ा शौक था । वह चाहता था कि पाकशाला मे बढ़िया से बढ़िया खाना बने और उसे खिलाया जाए । वह किसी स्त्री की खूबसूरती को नही देखता था, न ही उन्हे हाथ लगाता था , मात्र उसका पाक कला में पारंगत होना जरुरी होता था प्रद्युम्न ने उस असुर को मार कर अगणित स्त्रियों को मुक्त किया । मात्र एक इंद्रिय ही उस असुर के पतन का कारण बनी- सुस्वादु आहार का सेवन । दिन-रात उसी का चिंतन । हम भी अपनी और दृष्टि डालकर देखें।
              आप भी जनमानस परिष्कार मंच के सदस्य बन कर युग निर्माण योजना को सफल बनायें।

जाग्रत लोकमानस

पत्रिका के प्रेस में जाते समय एक ऐसा घटनाक्रम घट गया है, जिसने सारे राष्ट्र की सुरक्षा पर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है। भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई पर पड़ोसी देश पाकिस्तान के दुर्दांत आतंकवादियो ने मानो युद्ध छेड़ दिया है। जिस तरह से यह सुनियोजित हमला 26 नवंबर की रात्रि को हुआ, सारा देश सकते मे आ गया है । लगभग 150 से अधिक व्यक्ति मुंबइ के विभिन्न इलाको मे आतंकवादियों के हाथों मारे गए हैं एवं अगणित घायल बताए गए है। पूरी मुबंई के नगरवासियो ने पूरे धैर्य के साथ संकट का मुकाबला किया है,

पर यह कब तक चलेगा ? क्यों इस युद्ध जैसी घटना पर राजनीति की जा रही है ?

सांप्रदायिक उन्माद के नाम पर इन हमलों से कब तक भारतवासी आतंक में जिएँगें ?

क्या हमारा पूरा देश इस समय एक नही हो सकता ?

ऐसे घटनाक्रम फिर न हों, इसका आश्वासन हमें कौन देगा ?

संभवत: जाग्रत लोकमानस
, जो उन सभी को कड़ा जवाब दे, जो क्षेत्रवाद, संप्रदायवाद , जातिवाद व वोट की राजनीति की रोटी खाते हे। `अखण्ड़ ज्योति´ एक आध्यात्मिक सामाजिक पत्रिका है, पर सबसे एक अपील करती हैं कि यह समय साहस रखने का है, सबकी एकजुटता का है । विश्वशांति के लिए हम सभी मिलकर प्रार्थना करे तो निश्चित ही भारतवासियों की पुकार भगवान सुनेंगें । हम राजनीति से परे चलें एवं एक अखंड राष्ट्र के लिए चिंतन करें । अधिक जागरुक बनें एवं महाकाल की सत्ता पर- दंड-विधान पर विश्वास रखे। सभी मृतात्माओ के लिए हम सभी की ओर से शांति की प्रार्थना ! सभी को शक्ति मिले , बल मिले , यही परमात्मा से प्रार्थना ।

           
आप भी जनमानस परिष्कार मंच के सदस्य बन कर युग निर्माण योजना को सफल बनायें।

संघर्ष का सत्पथ

वर्ष 2009 के नवीन सूर्योदय ने संघर्ष का नया सत्पथ प्रकाशित किया है। जिन्हें महात्मा ईसा की याद है, उन्हे बरबस यह भी स्मरण हो आएगा कि महात्मा यीशु ने अपनी संपूर्ण आध्यात्मिक जीवन यात्रा में पल-पल कठिन संघर्ष किए, क्षण-क्षण दारुण यातनाएँ सहीं । जीवन के अंतिम समय के अंतिम संघर्ष में उन्हाने शूली की महायातना को लोकहित मे स्वीकारा । उनकी उपस्थिति एवं उनके अस्तित्व को बीते हुए आज 2009 वाँ वर्ष आ चुका है , परंतु उनका आध्यात्मिक संदेश आज भी शाश्वत है। लोकहित से ही आत्महित सधता है और आत्महित से ही पवित्रता, सत्यता, व्यापकता एवं उदारता में ही लोकहित के समिन्वत आध्यात्मिक यात्रा के प्रत्येक शिखर पर आरोहण संघर्ष के नए सत्पथ पर चलकर ही किया जाता है ।

वर्ष 2009 के प्रथम सूर्योदय की नई किरण के नवीन उजास में इसी सत्य का प्रकाश है। इस नव वर्ष की सूर्य-किरणों में आत्महित व लोकहित के समिन्वत अध्यात्म मार्ग पर चल पड़ने की प्रेरणा है, संघर्ष के सत्पथ पर निकल पड़ने का आह्वान है । इस नव वर्ष का प्रत्येक मास, प्रत्येक दिवस ,यहाँ तक कि प्रत्येक घड़ी ,क्षण पल अपने कोष में अनेक बहुमूल्य उपहार लिए हैं, किंतु ये उपहार पाने के लिए हममें से हर एक को संपूर्ण वर्ष सचेत,सचेष्ट रहना होगा, संघर्षों की नई-नई चुनौतियाँ स्वीकारनी होगी( शारीरिक-मानसिक यातनाओ का सामना हँसते-खिलखिलाते -मुस्काराते करना होगा । जो भी ऐसा कर पायेगा , उसके लिए यह वर्ष नई सफलताओं, नवीन समृद्धि का वरदान देगा । उसके पावँ जहा भी पड़ेंगे, वही स्थान आध्यात्मिक प्रकाश से पूर्ण हो जायेगा ।

संघर्ष का सत्पथ ही हमारे लिए विजय का द्वार है। वह श्रेय मार्ग है, जिसकी चर्चा वेदवाणी करती है, जिसे ऋषियों ने अपने द्वारा उच्चरित मंत्रो मे गाया है। अतीत व वर्तमान के सभी महामानवों ने इसी की प्रेरणा दी है । यही इस वर्ष का और हमारे अपने जीवन का सदा आध्यात्मिक सत्य है।


महापुरुष की वाणी


दन्तिदन्तसमानं हि नि:सृतं महतां वच: ।
कूर्मग्रीवेण नीचानां पुनरायाति याति च ।।

महापुरुष की वाणी हाथी के दाँत के समान एक बार निकलती है । जबकि दुर्जनों की वाणी कछुए की गरदन की तरह बार-बार अंदर-बाहर आती-जाती रहती है। (अर्थात् सज्जन जो एक बार कह देते हैं, उस पर आरुढ़ रहते हैं और दुर्जन जो कहते हैं, उसे बार-बार बदलते रहते हैं) ।

पीरो से परदा ?

परदा प्रथा एक ऐसी सड़ी-गली परंपरा है, जो न्यूनाधिक रुप से समाज में चारों ओर व्याप्त है। इसके उन्मूलन हेतु इस सदी के प्रारंभ से ही प्रयास चलते आए हैं। महात्मा गांधी के जीवन की एक घटना है, जो बताती है इस प्रथा के प्रति आक्रोश महिलाओं की ओर से कैसे उभरकर आया ?


इलाहाबाद में एक सभा में मौलाना आजाद व गांधी जी दोनो को ही भाषण देना था। मुसलिम बहुल समाज था। महिलाओं के लिए अलग व्यवस्था की गई थी। उनके सामने चिक डाल दी गई , ताकि उनकी निगाह वक्ता व श्रोतागणों पर तथा श्रोताओं की निगाह उन पर न पड़े । बुरके और चिक के बाद भी सभा आयोजकों में असमंजस था कि कहीं महिलाओ का मुँह खुला न दीखे । वे बोले-``मौलाना आजाद व गांधी जी तब बोलें तो आँख पर पट्टी बाँध लें । इस हास्यास्पद सुझाव पर मौलाना ने कहा-``मैं महिलाओं की ओर पीठ कर लूँगा ´। गांधी जी बाले-``मैं नीचे निगाह करके बोलूँगा ।´´ मौलाना का भाषण तो समाप्त हुआ, पर जब गाँधी जी ने बोलना प्रारम्भ किया तो सारी मुसलिम महिलाएँ बुरका खोल, चिक हटाकर मंच के सामने बैठ गई । अग्रगामी स्त्रियों का कहना था-``पीरों से भी कोई परदा किया जाता है। ´´

यह अपने आप में एक क्रांतिकारी आरंभ था, जो बाद में आंदोलन रुप लेकर बड़ा बना । बाद में राजर्षि टंड़न ने कहा-`` यदि सभी महिलाएँ पुरुषों को पीर (महात्मा) व पुरूष स्त्रियों को देवी स्वरुप मानने लगे। तो इस प्रथा को आमूलचूल नष्ट हाने में काई देर न लगे।´´
                                                                                                                                                                आप भी जनमानस परिष्कार मंच के सदस्य बन कर युग निर्माण योजना को सफल बनायें।

त्रुटियों को समझने और सुधारने का क्रम

एक बाप ने बेटे को भी मूर्तिकला ही सिखाई । दोनों हाट में जाते और अपनी-अपनी मूर्तियाँ बेचकर आते। बाप की मूर्ति डेढ़-दो रुपये की बिकती, पर बेटे की मूर्तियों का मूल्य केवल आठ-दस आने से अधिक न मिलता । हाट से लौटने पर बेटे को पास बैठाकर बाप, उसकी मूर्तियों में रही त्रुटियों को समझाता और अगले दिन उन्हें सुधारने के लिए कहता । यह क्रम वर्षों चलता रहा । लड़का समझदार था। उसने पिता की बातें ध्यान से सुनीं और अपनी कला में सुधार करने का प्रयत्न करता रहा ।

कुछ समय बाद लड़के की मूर्तिया भी डेढ़ रुपये की बिकने लगीं । बाप भी उसी तरह समझाता और मूर्तियों में रहने वाले दोषों की ओर उसका ध्यान खींचता । बेटे ने और अधिक ध्यान दिया तो कला भी अधिक निखरी । मूर्तियाँ पाँच-पाँच रुपये की बिकने लगी। सुधार के लिए समझाने का क्रम बाप ने तब भी बंद न किया । एक दिन बेटे ने झुँझलाकर कहा - ``आप तो दोष निकालने की बात बंद ही नही करते। मेरी कला अब तो आप से भी अच्छी है, मुझे मूर्ति के पाँच रुपये मिलते है जबकि आप को दो ही रुपये।´´

बाप ने कहाँ-``पुत्र ! जब मै तुम्हारी उम्र का था, तब मुझे अपनी कला की पूर्णता का अहंकार हो गया और फिर सुधार की बात सोचना छोड़ दिया । तब से मेरी प्रगति रुक गई और दो रुपये से अधिक की मूर्तियाँ न बना सका । मैं चाहता हूँ वह भूल तुम न करो । अपनी त्रुटियों को समझने और सुधारने का क्रम सदा जारी रखो, ताकि बहुमुल्य मूर्तियाँ बनाने वाले श्रेष्ठ कलाकारों की श्रंणी में पहुँच सको।´´



श्रद्धापूर्वक

समुद्र से जल भरकर लौट रहे मरुत्गणों को विंध्याचल शिखर ने बीच में ही रोक दिया । मरुत् विंध्याचल के इस कृत्य पर बड़े कुपित हुए और युद्ध ठानने को तैयार हो गए।

विंध्याचल ने बडे़ सौम्य भाव से कहा-`` महाभाग ! हम आपसे युद्ध करना नहीं चाहते, हमारी तो एक ही अभिलाषा है कि आप यह जो जल लिए जा रहे हैं, वह आपको जिस उदारता के साथ दिया गया हैं। आप भी इसे उसी उदारता के साथ प्यासी धरती को पिलाते चलें तो कितना अच्छा हो ? ´´ मरुत्गणों को अपने अपमान की पड़ी थी, सो वे शिखर से भिड़ गए, पर जितना युद्ध उन्होनें किया , उतना ही उनका बल क्षीण होता गया और धरती को अपने आप जल मिल गया । मनुष्य न चाहे तो भी ईश्वर अपना काम करा ही लेता है , पर श्रद्धापूर्वक करने का तो आनंद ही कुछ और है।




कबीर

कबीर की ख्याति चारों ओर सिद्ध पुरूष की थी । दूर-दूर से जिज्ञासु आते, तब भी वे पहले की तरह कपड़ा बनाते और सत्संग चलाते । एक शिष्य ने पूछा-``आप जब साधारण थे तब कपड़ा बुनना ठीक था, पर अब आप एक सिद्ध पुरूष है और निर्वाह की भी कमी नहीं, फिर कपड़ा क्यों बुनते हैं ?

कबीर ने सरल भाव से कहा-``पहले मैं पेट पालने के लिए बुनता था, पर अब मैं जनसमाज में समाए भगवान का तन ढकने और अपना मनोयोग साधने के लिए बुनता हूँ । ´´ कार्य वही हो, पर दृष्टिकोण भिन्न हो तो सकता है ! यह जानकर शिष्य का समाधान हो गया ।
           आप भी जनमानस परिष्कार मंच के सदस्य बन कर युग निर्माण योजना को सफल बनायें।

विवेक रहित अंधानुकरण

विवेक रहित अंधानुकरण सदैव हानिकारक ही सिद्ध होता है। जनमानस अज्ञानवश सुधरना तो दूर, बहिरंगी स्वरुप को देखकर जो चला आ रहा है, उसे ही श्रेयस्कर मानता व तदनुसार चलता रहता है। यहाँ तक तीर्थ-स्नान आदि पुण्य प्रयोजनों का बाहृ आडम्बर वाला स्वरुप भी शाश्वत चला आ रहा है।

मणियार ईश्वरभक्त था, किंतु उनका वैयक्तिक जीवन कुविचार और बुरे आचरणों में ग्रस्त होने के कारण अशांत था। उनकी धर्मपत्नी अबुर्द ने कहा-``स्वामी दु:ख और अशांति का कारण अस्वच्छ मन है। आप ज्ञान के प्रकाश से पहले अंतरतम को धो लें, तभी शांति मिलेगी।´´ मणियार ने कहा-``नहीं ! हम लोग तीर्थ-स्नान करने चलेंगे । तीर्थ-स्नान से मन पवित्र हो जाता है।´´

अबुर्द स्त्री थी, झुकना पड़ा । तीर्थयात्रा पर चलने से पूर्व उसने एक पोटली में कुछ आलू बाँध लिए । जहाँ-जहाँ मणियार ने स्नान किया, उसने इन आलूओं को भी स्नान कराया । घर लौटते-लौटेत आलू सड़ गए । अबुर्द ने उस दिन भोजन की थाली में वह आलू भी रख दिए, उनकी दुर्गंध पाकर मणियार चिल्लाया - `` यह दुर्गंध कहा से आ रही है ? ´´ अबुर्द ने हँसकर कहा - `` ये आलू तो तीर्थ-स्नान करने आए हैं, फिर भी दुर्गंध है क्या ?´
      आप भी जनमानस परिष्कार मंच के सदस्य बन कर युग निर्माण योजना को सफल बनायें।

LinkWithin

Blog Widget by LinkWithin