सोमवार, 26 अप्रैल 2010

अंत तक सत्य का साथ नहीं छोड़ा सुकरात ने

सुकरात को जहर दिए जाने के एक दिन पहले उनके मित्र व शिष्य उनसे मिलने पहुंचे। उनके शिष्य क्रेटो ने कहा कि हम आपको यहां से भगाने आए हैं। पर सुकरात किसी कीमत पर भी भागने को तैयार नहीं हुए।

सुकरात को मृत्युदंड दिया जाना था। उन्हें जहर दिए जाने के एक दिन पूर्व उनके कुछ मित्र व शिष्य उनसे मिलने जेल पहुंचे। उनके परम शिष्य क्रेटो ने उनसे कहा- गुरुवर! हमने आपके यहां से भाग निकलने का पूरा प्रबंध कर लिया है। आप तैयार हो जाइए। सुकरात हंसकर बोले- केट्रो! आज तक मैंने तुम्हें सत्य का पाठ पढ़ाया है और आज तुम मेरे शिष्य होकर मुझे असत्य, भय और अनास्था का पाठ पढ़ा रहे हो! क्यों? क्रेटो ने समझाते हुए कहा- यह समय तर्क करने का नहीं है गुरुदेव! अभी प्रश्न सत्य-असत्य का नहीं, प्राणरक्षा का है।

सुकरात ने उसी दृढ़ता से कहा- मेरे प्राणों के मोह में तुम यह भी भूल गए कि सत्य मुझे प्राणों से भी प्यारा है। मुझे मृत्युदंड सुनाया गया है और अब मैं उससे भागकर सत्य से मुंह कैसे मोड़ लूं! क्रेटो ने तर्क दिया-आपको दिया जाने वाला मृत्युदंड भी तो असत्य है। उसका कोई कारण नहीं है। सुकरात ने भी वितर्क किया- तो मृत्युदंड देने वालों के असत्य को काटने के लिए मैं भी सत्य का मार्ग छोड़ दूं? नहीं क्रेटो, मेरे भाग निकलने पर भगवान भले ही मुझे क्षमा कर दें पर इतिहास मुझे क्षमा नहीं करेगा और देश का इतिहास ही मेरा भगवान है।

तुम जाओ। क्रेटो ने बहुत प्रयत्न किया, तर्क दिए, लेकिन सुकरात नहीं माने और अंत में बोले- क्रेटो, तुम पागल हो। मैं सत्य हूं और सत्य कभी मर नहीं सकता। तुम मर जाओगे, लेकिन मैं कभी नहीं मरूंगा। वर्षो बीत गए, लोग सुकरात को जानते हैं किंतु क्रेटो को नहीं के बराबर जानते हैं।

वस्तुत: सत्य को अपने आचरण में जीने वाले लोग धरती पर न सही, किंतु इतिहास में अंत तक जीवित रहते हैं।

नेहरू बिजली का महत्व समझते थे


पंडित नेहरू को कई दशक पहले से ही बिजली के महत्व का अंदाजा हो गया था और यही कारण था कि उन्हें न केवल बिजली बल्कि किसी भी चीज का दुरूपयोग कतई पसंद नहीं था। हर रोज रात में खाना खाने के बाद डायनिंग हाल से निकलते हुए वह कर्मचारियों को बत्तियां बुझाने को कहते थे।

देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के नौ साल तक निजी सुरक्षाकर्मी रहे और दिल्ली पुलिस से बतौर वरिष्ठ सब इंस्पेक्टर सेवानिवृत 80 वर्षीय बलबीर सिंह ने पंडित जी के साथ बिताए दिनों की याद ताजा करते हुए यह जानकारी दी।

बलबीर सिंह ने बातचीत में अपने संस्मरणों को इस प्रकार बांटा 'पंडित जी कार्यालय से लौटने के बाद तीन मूर्ति स्थित आवास के अपने कार्यालय में रात दो बजे तक काम करते थे और बिना मतलब लाइट जलाना या पंखा चलाना उन्हें सख्त नापसंद था।' उन्होंने एक रोचक किस्सा सुनाया 'एक बार विजयलक्ष्मी पंडित और पद्मजा नायडू के साथ वह तीन मूर्ति के बगीचे में टहल रहे थे। मैं उनके पीछे था। एक पेड़ को लेकर तीनों में बहस हो गई। पंडित जी ने कहा, आम का पेड़ है। पद्मजा नायडू ने कहा कि आम का नहीं है, आखिर में वह बोले कि मेरे आदमी बता देंगे कि यह किस चीज का पेड़ है।

बलबीर सिंह बोले 'इस बहस में मुझे अंदाजा हो गया था कि पेड़ के बारे में मुझसे पूछा जा सकता है और यही हुआ भी। जब उन्होंने मुझसे पूछा तो मैंने कहा कि यह आम का पेड़ नहीं है क्योंकि आम के पेड़ की शाख पर नीचे तक पत्ते नहीं होते। इसकी नमेड़ [छोटा फल] देखने से पता चलता है कि यह लीची का पेड़ है। पंडित जी इस पर बहुत हंसे।

26 जनवरी के संबंध में उन्होंने बताया कि हर बार गणतंत्र दिवस परेड समारोह के बाद पंडित जी तीन मूर्ति निवास पर एनसीसी कैडेटों से मिलते थे और टोपी पहन कर उनके साथ नाचते थे। बलबीर सिंह 15 अगस्त का एक वाक्या सुनाया कि पंडित जी लालकिले की प्राचीर से भाषण दे रहे थे कि उसी समय बारिश शुरू हो गई। अपने शीर्ष अधिकारियों के आदेश पर वह छतरी लेकर पंडित जी के पास खड़े हो गए। पंडित जी ने अपना भाषण बीच में ही रोक कर धीरे से कहा 'इतने लोग बैठे हैं, इनके ऊपर भी छतरी क्यों नहीं लगा देते।' उनका इतना कहना ही डांटने के बराबर था लेकिन इससे यह पता चलता है कि आम आदमी के प्रति उनके दिल में कितनी मुहब्बत थी।

एक बार बलबीर सिंह का तबादला हौजकाजी पुलिस स्टेशन में हो गया। वह जाने से पहले पंडित जी से मिलने आए और उन्हें उनका प्रिय गुलाब का फूल भेंटकर अभिवादन करते हुए इसकी जानकारी दी। उस दिन पंडित जी लंदन यात्रा पर जाने से पहले जनता से मिलने बाहर आए थे।

इस पर नेहरूजी ने छूटते ही कहा 'यहां अच्छा नहीं है क्या।' इसके बाद पता नहीं क्या हुआ कि बलबीर सिंह का तबादला रद्द हो गया और उन्होंने पंडित जी के साथ नौ साल बिताए उनके निधन के बाद ही बलबीर सिंह की भी तीन मूर्ति से विदाई हो गई।

1964 में पंडित जी के निधन के बाद सुरक्षा अधिकारियों ने बलबीर सिंह को भी अंतिम समय का ब्यौरा देने को कहा था जिस पर उन्होंने करीब पांच छह पन्नों में अपनी बात लिखकर अधिकारियों को सौंपी थी।

'पुरुष बली नहि होता है, समय होत बलवान'


जीवन में समय का महत्व स्थान होता है. बीता समय कभी लौट कर नहीं आता. अतः मनुष्य को चाहिए कि जो समय उसे मिलता है उसका सदुपयोग करे. समय ही सबसे बडा बलवान है.

'पुरुष बली नहि होता है, समय होत बलवान'

जो व्यक्ति समय का सदुपयोग नही करता उसका जीवन नष्ट हो जाता है. मानव की उन्नति में समय सहयोग महत्वपूर्ण होता है. अपने लक्ष्य की प्राप्ती के लिए मनुष्य को समय के महत्व को जानकर उसका सदुपयोग करना चाहिए. समय अपनी गति से बड़ता जाता है. वह किसी के लिए रुकता नही. उसे रोकने की शक्ति भी किसी में नही है. वास्तव में समयानुसार आवश्यक तथा उचित कार्यों को संपन्न करना ही समय का सदुपयोग है.

विद्यार्थी जीवन में ही मनुष्य अपने भावी जीवन की तैयारी करता है. मानसिक तथा शारीरिक पुष्टता से अपने को सक्षम बनाता है. जो व्यक्ति इस काल का सदुपयोग न करके अन्य कार्यों में व्यस्त होता है वह अपने गृहस्थ जीवन में असफल हो जाता है. उसका भावी जीवन कठिनाइयों का शिकार हो जाता है. वह शारीरिक दृष्टि से कमजोर पड़ जाता है. जो व्यक्ति इस काल में समय का सदुपयोग करता है, उसका भावी जीवन संटक हीन बनाता है. वह उन्नति के मार्ग पर निरंतर बड़ते जाता है. विजय उसके चरण चूमने लगती है.

समय के सदुपयोग से कई लाभ है. जीवन उन्नत मार्ग पर अग्रसर होता है. जीवन में उन्नति की कुंजी समय का सदुपयोग ही है. वे ही लोग जीवन में सफल बनते है जो समय का ठीक उपयोग करते है. इनके जीवन में समन्वय होता है. उनका पारिवारिक जीवन सुख-शान्ति से विकसित होता है. उन्हें जीवन में शान्ति मिलती है. समाज में उनका आदर होता है. जो व्यक्ति विद्यार्थी जीवन में पढाई-लिखाई में मन नही लगाता, यौवन में धन न कमाता, वह बुदापे में कर ही क्या सकता है? 

समय के सदुपयोग न करने से मन चंचल हो जाता है. ऐसा व्यक्ति कोई भी काम ठीक प्रकार नही कर सकता. उससे सफलता दूर भागेगी. ऐसा व्यक्ति बर्बर और उद्दंड होगा. उसमे उचित कार्य क्षमता की भावना का अभाव होता है. वह न ज्ञानार्जन कर सकेगा न धनार्जन. वह केवल अशांति का शिकारी बनकर रह जाएगा. उसका जीवन अभावों से भरा रहता है. वह निंदा का पात्र बनेगा और जीवन के अंतिम क्षणों में उसे पछ्लता पडेगा, पछताने से भी उसके हाथ कुछ नही आयेगा. मनुष्य को चाहिए कि वह अपने समय का सदुपयोग करके जीवन को मार्ग पर ले चले. वह अपने भावी जीवन को भी सुखमय बनावे.

सोमवार, 19 अप्रैल 2010

सफलता के मंत्र


किसी कार्य मे असफल होने पर भाग्य को दोषी न मानकर पूरा शक्ति व निष्ठा के साथ अपने लक्ष्य की प्राप्ति मे जुट जाइये। अपनी आंख अर्जुन   की भांति सिर्फ अपने लक्ष्य की ओर केन्द्रित रखिये।

सफलता प्राप्त करने के लिए एकाकीपन, भय, संकोच, भावुकता तथा हीनभावना जैसे अवगुणो को अपने पास फटकने भी ना दे। 
अपनी लगन , इच्छा व परिश्रम पर निराशा व आलस्य की छाया ना पडने दे। सफलता पाने के लिये समय का महत्व समझे । उसका एक.एक पल उपयोग मे लाये।

हर इंसान के जीवन मे एक बार सुअवसर दस्तक देता है उस क्षण को पहचान कर पकडने का प्रयत्न करे।  यदि एक बार सफल न हो पाए तो पछताकर या रो कर समय बर्बाद न करे। नये अवसर आपकी राह मे रहेगे। बस आपकी मेहनत, लगन व एकाग्रता आवश्यक होगी।

अपना लक्ष्य निर्धारित करके ही उस सफलता की ओर बढे । ऐसा न हो कि आपकी नीति के ढुल-मुल हो जाने से असफलता ही हाथ लगे।

एक से अधिक लक्ष्य होने पर उनको प्राथमिकता के अनुसार निश्चित करे और निष्ठा व लग्न पूर्वक हर लक्ष्य की ओर बढे ताकि सफलता मिले।

कुछ पाने के लिये कुछ खोना पडता है। वह भी किसी सीमा तक ही, जैसे एक गुहणी जब लेखिका बनती है तो उसे अपनी नींद और गप्पबाजी को त्यागना पडता है। नींद, आलस्य को त्यागकर ही अपने लक्ष्य की ओर कदम बढाये।

जीवन मे हर काम सोच समझकर अपनी शक्ति अनुसार और योग्यता के अनुसार चुने और उसे पूर्ण कर के ही दम ले। चाहे वह कितना ही मुश्किल क्यो न हो।

लक्ष्य निर्धारण मे दिग्भ्रमित न हो, जीवन मे सफलता तभी मिलती है जब कार्य योजना बद्ध तरीके से हो।

बहाने बाजी या टालते रहने की प्रवृति मनुष्य को अकर्मण्य बना देती है।समस्या का समाधान करे। घबराये नही। असफलता ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करती है। निरंतर प्रयास करते रहे।

सदैव सकारात्मक विचार अपनाये, आशावादी बने, क्योकि निराशावादी विचारधारा ही व्यक्ति को कुंठित कर असफलता का ओर धकेलती जाती है।

मनोवैज्ञानिक ने सिद्ध किया है कि अपनी किसी भी प्रिय हॉबी को निखारकर सफलता प्राप्त करने के साथ साथ जीवन की उबकाई , नीरसता व असंतुष्टि से बचा जा सकता है।

मूड नही बना है , इस बीमारी से बचे अच्छा समय मूड के कारण रूकता नही है। इस प्रकार अच्छा अवसर हाथ से निकल जाता है और पीछे रह जाता है केवल पछतावा।

अपनी सफलता को भाग्य, भ्रष्टाचार व धन की कमी जैसे कुंठित विचार लाकर अवसर को मत टालिये जुट जाये सफलता पाने की चेष्टा मे। इस प्रकार आप आत्मसम्मान से इस समाज मे जी सकते है। 

जुट जाइये सपूंर्ण शक्ति के साथ और पहनाये अपनी मेहनत को सफलता का जामा।

शुक्रवार, 19 फ़रवरी 2010

समस्या-उपवास काल में एवं लम्बे उपवास को तोड़ते समय क्या-क्या सावधानी बरतनी चाहिए ?



समाधान 
उपवास प्रारम्भ होने पर नित्य के नियमानुसार भोजन से शरीर को शक्ति प्राप्त नहीं होती, अतएव इसके लिये अन्य उपाय कामें लाने चाहिए, यथा-शुद्ध वायु और शुद्ध जल का उपयोग। शुद्ध वायु में गहरी सांस लेने से प्राणवायु के स्पर्श से रक्त में पहले से उपस्थित विषेले तत्व दूर होते हैं। उपवास काल में कोई अप्राकृतिक खाद्य शरीर में नही जाता, अतएव विजातीय द्रव्य रक्त में नहीं मिलते तथा उसकी शुद्धि होती है। धूप-स्नान से शरीर को अनेक विटामीन मिलते हैं तथा रोगों के कीटाणु नष्ट होते हैं। उपवास काल में अधिक पानी पीना चाहिये, जिससे कि अधिक मूत्र विसर्जन के माध्यम से शरीर से अधिक गन्दगी बाहर हो। मूत्र गुर्दो में रक्त छनकर बनता हैं, अतएव रक्त में जल की अधिकता होने से अधिक गन्दगी साफ होती है। उपवास शारीरिक स्थिति एवं रोग के अनुसार 2-3 दिन से लेकर निरन्तर दो मास तक किया जा सकता हैं। एक सप्ताह से अधिक का उपवास लम्बे उपवास की श्रेणी में आता हैं। लम्बा उपवास अत्यन्त सावधानी पूर्वक विधिवत किया जाना चाहिए, अन्यथा लाभ के स्थान पर हानि का भय रहता हैं। लम्बे उपवास तोड़ने में काफी सावधानी बरतनी चाहिए। नींबू के पानी या सन्तरे-मौसमी आदि के रस से तोड़ना चाहिए। फिर एक दिन तक मौसम के फल लेने चाहिए। जितने दिन तक उपवास किया गया हो, उसके चौथाई समय तक फल लेने चाहिए,

तदुपरान्त अन्न खाना चाहिए। पर यह ध्यान रखना चाहिए कि उपवास के बाद पुन: गलत भोजन न ले। ऐसा करने पर उपवास का लाभ भी जाता रहेगा तथा शरीर शुद्ध हो जाने पर यदि विजातीय द्रव्य शरीर में जाएगा तो पूरी मात्रा में वह शरीर के लिए हानिकारक होगा। 

-स्वास्थ्य रक्षा प्रकृति के अनुसरण से ही सम्भव, पृष्ठ-47, 48)

बच्चों के लिये क्या-क्या करें।

1. दादा-दादी और नाना-नानी एक ऐसे सघन वृक्ष की तरह होते हैं जिसकी छांव तले बच्चे आनिन्दत, संस्कारशील और आशावादी होते हैं।
--------------------------------
2. दादा अनुभवों का खजाना हैं जिनके साथ रोज रजाई में बैठकर रोज नई-नई कहानियां सुनने को मिलती हैं। दादी बच्चों को सबसे ज्यादा लाड-प्यार करती हैं। नानी बच्चों की सबसे प्रिय मित्र होती हैं जो कि उसकी हर बात सुनती हैं। जबकि नाना वे हैं जो कहा करते हैं, आजकल दुबला होता जा रहा हैं। चल, जूस पी ले।

--------------------------------
3. बच्चे तो प्यार, हँसी, समय, कहानी और खेल के भूखे होते हैं और बुजुर्गो के पास इन चीजों का भण्डार हैं। वे बच्चे किस्मत वाले हैं जिन्हें दादा-दादी और नाना-नानी से यह खजाना मिलता हैं। 

--------------------------------
4. बच्चों का घर बच्चों के लिये सबसे प्रिय मंदिर होता हैं। घर का स्वरूप ऐसा बनाएं जिससे उन्हें प्रकृति, परमात्मा और अच्छे संस्कारों की सहज प्रेरणा मिल सके।

--------------------------------
5. घर की दीवारों पर हमेशा प्रेरक और प्रभावी चित्र टांगिए, क्योंकि बच्चे नकलची बन्दरों की तरह होते हैं। अगर वे घर में विवेकानन्द का चित्र देखेंगे तो वैसा बनने की कोशिश करेंगे, वहीं यदि चार्ली चेपलिन का चित्र देखेंगे तो वैसी नकल करना शुरू कर देंगे। 

--------------------------------
6. बच्चों को खेलने का अवसर दीजिए। जो खतरों से नहीं खेलेगा, वह जीवन में आगे कैसे बढ़ेगा ?

--------------------------------
7. बच्चों पर समय का निवेश भी कीजिए। आप उन्हें 20 साल तक संस्कार दीजिए, वे आपको 80 साल तक सुख देंगे. 

--------------------------------
8. बच्चों को धर्म का ज्ञान कराएं ताकि वे गलत राहों पर जाने से बच सकें। हर सुबह घर के बुजुर्गो व अभिभावकों के पांव छूने के लिए प्रेरित करें ताकि मेहमानों को प्रणाम करने के लिए बार-बार टोकने की जरूरत न रहे। पत्नी, बहु और घर के सेवकों से भी प्यार से बोले, `जी लगाकर पुकारे´, बच्चे अपने आप अदब की भाषा सीख जायेंगे।

--------------------------------
9. बच्चों को घर का बना भोजन करने के लिए उत्साहित करते रहें। खाने की चीजों के बच्चों के मनपसन्द नाम रखें जैसे- मूंग की दाल को सुपर हॉरलिक्स कह सकते हैं और मिस्सी रोटी को पॉवर पराठा। बच्चों से कहे कि सुपर हॉरलिक्स और पॉवर पराठा खाकर तुम सुपर मैन और हैरी पॉटर बन सकते हो।

--------------------------------
10. बच्चों को मिठाइयां, चाकलेट, चिप्स, शीतल पेय विशेष अवसरों पर दे। इनका रोजाना सेवन करने से बच्चों की भूख मर जायेगी और दांत खराब होंगे, बच्चों को फल, जूस और सलाद की ओर खींचे। उन्हें बतायें कि फल खाने से तुम `शक्तिमान´ बनोगे और दूध पीने से `हनुमान´।

--------------------------------
11. खाना खाते समय टी.वी. बन्द रखिये। टी.वी. चलाने के लिये शाम का एक समय निर्धारित कर लीजिये। दिनभर टी.वी. देखने से बच्चों की आंखे कमजोर होती हैं और भी कम हो पाती हैं।

--------------------------------
12. बच्चों के लिये चित्र कथायें जरूर खरीदते रहिये। कहानियां और चित्र दोनो ही बच्चों को पसन्द होते हैं। जो प्रेरणा एक छोटी सी कहानी से मिलती हैं, वह बड़े-बड़े उपदेशों से भी नहीं मिल पाती।

--------------------------------
13. बच्चों पर प्यार भरा अनुशासन रखे। उन्हें एक स्वतन्त्र मुक्त पौधे की तरह बढ़ने दे। ज्यादा टोका-टोकी करके यदि हम पौधे की टहनिया काटने की कोशिश करेंगे तो वे एक स्वस्थ पौधे की बजाय बौना पौधा बनकर रह जायेंगे।

--------------------------------
14. बच्चों को लाड करें, पर इतना नहीं कि वे बिगड़ेल और जिद्दी बन जायें। बच्चों को गुस्सा आ जाए, तो बुरा न माने। वे बाल-बुद्धि हैं, उन्हें बतायें कि गुस्सा करने से दिमाग कमजोर हो जाता हैं। प्यार से समझाये, वे समझ जायेंगे।

--------------------------------
15. बच्चों की प्रतिभा आपके जीवन में सबसे बड़ी दौलत हैं। आप अपने बैजू बावरा की प्रतिभा पहचानें और उस प्रतिभा को निखारने में उसे पूरा-पूरा सहयोग और आशीर्वाद दें। 

शनिवार, 13 फ़रवरी 2010

वंदन करते हैं हॄदय से


वंदन करते हैं हॄदय से,
याचक हैं हम ज्नानोदय के,
वीणापाणी शारदा मां !
कब बरसाओगी विद्या मां?
कर दो बस कल्याण हे मां।
हे करुणामयी पद्मासनी
हे कल्याणी धवलवस्त्रणी!
हर लो अंधकार हे मां,
कब बरसाओगी विद्या मां ?
कर दो बस कल्याण हे मां।
जीवन सबका करो प्रकाशित,
वाणी भी हो जाए सुभाषित,
बहे प्रेम करुणा हॄदय में,
ना रहे कोई अज्ञान किसी में,
ऎसा दे दो वरदान हे मां,
कर दो बस कल्याण हे मां।
ज्ञानदीप से दीप जले,
विद्या धन का रुप रहे,
सौंदर्य ज्ञान का बढ़ जाए,
बुद्धी ना कुत्सित हो पाए,
ऎसा देदो वरदान हे मां!
कर दो बस कल्याण हे मां!
कर दो बस कल्याण हे मां॥

--प्रेमलता

तिरंगा


ये तिरंगा ये तिरंगा ये हमारी शान है
विश्व भर में भारती की ये अमिट पहचान है।
ये तिरंगा हाथ में ले पग निरंतर ही बढ़े
ये तिरंगा हाथ में ले दुश्मनों से हम लड़े
ये तिरंगा दिल की धड़कन ये हमारी जान है

ये तिरंगा विश्व का सबसे बड़ा जनतंत्र है
ये तिरंगा वीरता का गूँजता इक मंत्र है
ये तिरंगा वंदना है भारती का मान है

ये तिरंगा विश्व जन को सत्य का संदेश है
ये तिरंगा कह रहा है अमर भारत देश है
ये तिरंगा इस धरा पर शांति का संधान है

इसके रेषों में बुना बलिदानियों का नाम है
ये बनारस की सुबह है, ये अवध की शाम है
ये तिरंगा ही हमारे भाग्य का भगवान है

ये कभी मंदिर कभी ये गुरुओं का द्वारा लगे
चर्च का गुंबद कभी मस्जिद का मिनारा लगे
ये तिरंगा धर्म की हर राह का सम्मान है

ये तिरंगा बाईबल है भागवत का श्लोक है
ये तिरंगा आयत-ए-कुरआन का आलोक है
ये तिरंगा वेद की पावन ऋचा का ज्ञान है

ये तिरंगा स्वर्ग से सुंदर धरा कश्मीर है
ये तिरंगा झूमता कन्याकुमारी नीर है
ये तिरंगा माँ के होठों की मधुर मुस्कान है

ये तिरंगा देव नदियों का त्रिवेणी रूप है
ये तिरंगा सूर्य की पहली किरण की धूप है
ये तिरंगा भव्य हिमगिरि का अमर वरदान है

शीत की ठंडी हवा, ये ग्रीष्म का अंगार है
सावनी मौसम में मेघों का छलकता प्यार है
झंझावातों में लहरता ये गुणों की खान है

ये तिरंगा लता की इक कुहुकती आवाज़ है
ये रवि शंकर के हाथों में थिरकता साज़ है
टैगोर के जनगीत जन गण मन का ये गुणगान है

ये तिंरगा गांधी जी की शांति वाली खोज है
ये तिरंगा नेता जी के दिल से निकला ओज है
ये विवेकानंद जी का जगजयी अभियान है

रंग होली के हैं इसमें ईद जैसा प्यार है
चमक क्रिसमस की लिए यह दीप-सा त्यौहार है
ये तिरंगा कह रहा- ये संस्कृति महान है

ये तिरंगा अंदमानी काला पानी जेल है
ये तिरंगा शांति औ' क्रांति का अनुपम मेल है
वीर सावरकर का ये इक साधना संगान है

ये तिरंगा शहीदों का जलियाँवाला बाग़ है
ये तिरंगा क्रांति वाली पुण्य पावन आग है
क्रांतिकारी चंद्रशेखर का ये स्वाभिमान है

कृष्ण की ये नीति जैसा राम का वनवास है
आद्य शंकर के जतन-सा बुद्ध का सन्यास है
महावीर स्वरूप ध्वज ये अहिंसा का गान है

रंग केसरिया बताता वीरता ही कर्म है
श्वेत रंग यह कह रहा है, शांति ही धर्म है
हरे रंग के स्नेह से ये मिट्टी ही धनवान है

ऋषि दयानंद के ये सत्य का प्रकाश है
महाकवि तुलसी के पूज्य राम का विश्वास है
ये तिरंगा वीर अर्जुन और ये हनुमान है

- राजेश चेतन

वनवासी राम


मात-पिता की आज्ञा का तो केवल एक बहाना था।
मातृभूमि की रक्षा करने प्रभु को वन में जाना था॥
पिता आपके राजा दशरथ मॉं कौशल्या रानी थी
कैकई और मंथरा की भी अपनी अलग कहानी थी
भरत शत्रुध्न रहे बिलखते लखन ने दी कुरबानी थी
नई कथा लिखने की प्रभु ने अपने मन में ठानी थी
सिंहासन है गौण प्रभु ने हमको पाठ पढाना था
अवधपुरी थी सुनी सुनी टूटी जन जन की आशा
वन में हम भी साथ चलेगें ये थी सब की अभिलाषा
अवधपुरी के सब लोगो ने प्रभु से नाता जोड लिया
चुपके से प्रभु वन को निकले मोह प्रजा का छोड दिया
अपने अवतारी जीवन का उनको धर्म निभाना था
सिंहासन पर चरण पादुका नव इतिहास रचाया था
सन्यासी का वेश भरत ने महलों बीच बनाया था
अग्रज और अनुज का रिश्ता कितना पावन होता है
राम प्रेम में भरत देखिये रात रात भर रोता है
भाई भाई सम्बन्धों का हमको मर्म बताना था
किसने गंगा तट पर जाकर केवट का सम्मान किया
औ” निषाद को किसने अपनी मैत्री का वरदान दिया
गिद्धराज को प्रेम प्यार से किसने गले लगया था
भिलनी के बेरों को किसने भक्तिभाव से खाया था
वनवासी और दलित जनों पर अपना प्यार लुटाना था
नारी मर्यादा क्या होती प्रभु ने हमें बताया था
गौतम पत्नी को समाज में सम्मानित करवाया था
सुर्पंखा ने स्त्री जाती को अपमानित करवाया जब
नाक कान लक्ष्मण ने काटे उसको सबक सिखाया तब
नारी महिमा को भारत में प्रभु ने पुनः बढ़ाना था
अगर प्यार करना है तुमको राम सिया सा प्यार करो
वनवासी हो गई पिया संग सीता सा व्यवहार करो
जंगल जंगल राम पूछते सीता को किसने देखा
अश्रुधार नयनों से झरती विधि का ये कैसा लेखा
राम सिया का जीवन समझो प्यार भरा नजराना था
स्वर्णिम मृग ने पंचवटी में सीता जी को ललचाया
भ्रमित हुई सीता की बुद्धि लक्ष्मण को भी धमकाया
मर्यादा की रेखा का जब सीता ने अपमान किया
हरण किया रावण ने सिय का लंका को प्रस्थान किया
माया के भ्रम कभी ना पडना हमको ध्यान कराना था
बलशाली वानर जाति तो पर्वत पर ही रह जाती
बाली के अत्याचारों को शायद चुप ही सह जाती
प्रभु ने मित्र बनाये वानर जंगल पर्वत जोड दिये
जाति और भाषा के बन्धन पल भर में ही तोड दिये
जन-जन भारत का जुड जाये प्रभु ने मन मे ठाना था
मैत्री की महिमा का प्रभु ने हमको पाठ पढाया था
सुग्रीव-राम की मैत्री ने बाली को सबक सिखाया था
शरणागत विभीषण को भी प्रभु ने मित्र बनाया था
लंका का सिंहासन देकर मैत्री धर्म निभाया था
मित्र धर्म की पावनता का हमको ज्ञान कराना था
भक्त बिना भगवान की महिमा रहती सदा अधूरी है
हनुमान बिना ये कथा राम की हो सकती क्या पूरी है
सिया खोज कर लंक जलाई जिसने सागर पार किया
राम भक्ति में जिसने अपना सारा जीवन वार दिया
भक्ति मे शक्ति है कितनी दुनिया को दिखलाना था
अलग-अलग था उत्तर-दक्षिण बीच खडी थी दीवारें
जाति वर्ग के नाम पे हरदम चलती रहती तलवारें
अवधपुरी से जाकर प्रभु ने दक्षिण सेतुबन्ध किया
उत्तर-दक्षिण से जुड जाये प्रभु ने ये प्रबन्ध किया
सारा भारत एक रहेगा जग को ये बतलाना था
राक्षस राज हुआ धरती पर ऋषि-मुनि सब घबराते थे
दानव उनके शीश काटकर मन ही मन हर्षाते थे
हवन यज्ञ ना पूर्ण होते गुरूकुल बन्द हुये सारे
धनुष उठाकर श्री राम ने चुन चुन कर राक्षस मारे
देव शक्तियों को भारत में फिर सम्मान दिलाना था
गिलहरी, वानर, भालू और गीध भील को अपनाया
शक्ति बडी है संगठना में मंत्र सभी को समझाया
अगर सभी हम एक रहे तो देश बने गौरवशाली
दानव भय से थर्रायेगें रोज रहेगी दीवाली
संघ शक्ति के दिव्य मंत्र को जन-जन तक पहुंचाना था
मर्यादा पुरुषोतम प्रभु ने सागर को समझाया था
धर्म काज है सेतुबन्ध ये उसको ये बतलाया था
अहंकार में ऐंठा सागर सम्मुख भी ना आया था
क्रोध से प्रभु ने धनुष उठाया सागर फिर घबराया था
भय बिन होये प्रीत ना जगत में ये संदेश गुंजाना था
रावण के अत्याचारों से सारा जगत थर्राता था
ऋषि मुनियों का रक्त बहाकर पापी खुशी मनाता था
शिव शंकर के वरदानों का रावण ने उपहास किया
शीश काटकर प्रभु ने अरि का सबको नव विश्वास दिया
रावण के अत्याचारों से जग को मुक्त कराना था
लंका का सुख वैभव जिनको तनिक नही मन से भाया
अपनी प्यारी अवधपुरी का प्यार जिन्हें खींचे लाया
मातृभूमि और प्रजा जनों की जो आवाज समझते थे
प्रजा हेतु निज पत्नी के भी नही त्याग से डरते थे
मातृभूमि को स्वर्ग धाम से जिसने बढकर माना था
बाल्मिकी रत्नाकर होते रामायण ना कह पाते
तुलसी पत्नी भक्ति में ही जीवन यापन कर जाते
रामानन्द ना सागर होते राम कथा ना दिखलाते
कलियुग में त्रेता झांकी के दर्शन कभी ना हो पाते
कवियों की वाणी को प्रभु ने धरती पर गुंजाना था
जन-जन मन में ”चेतन” है जो राम कथा है कल्याणी
साधु सन्त सदियों से गाते राम कथा पावन वाणी
पुरखों ने उस राम राज्य का हमको पाठ पढाया था
राम राज्य के आदर्शों को हम सबने अपनाया था
भरत भूमि के राजाओं को उनका धर्म बताना था

साबरमती के सन्त



दे दी हमें आज़ादी बिना खड्‌ग बिना ढाल
साबरमती के सन्त तूने कर दिया कमाल
आँधी में भी जलती रही गाँधी तेरी मशाल
साबरमती के सन्त तूने कर दिया कमाल
दे दी हमें आज़ादी बिना खड्‌ग बिना ढाल
रघुपति राघव राजा राम

धरती पे लड़ी तूने अजब ढंग की लड़ाई
दागी न कहीं तोप न बंदूक चलाई
दुश्मन के किले पर भी न की तूने चढ़ाई
वाह रे फ़कीर खूब करामात दिखाई
चुटकी में दुश्मनों को दिया देश से निकाल
साबरमती के सन्त तूने कर दिया कमाल
दे दी हमें आज़ादी बिना खड्‌ग बिना ढाल
रघुपति राघव राजा राम

शतरंज बिछा कर यहाँ बैठा था ज़माना
लगता था मुश्किल है फ़िरंगी को हराना
टक्कर थी बड़े ज़ोर की दुश्मन भी था ताना
पर तू भी था बापू बड़ा उस्ताद पुराना
मारा वो कस के दांव के उलटी सभी की चाल
साबरमती के सन्त तूने कर दिया कमाल
दे दी हमें आज़ादी बिना खड्‌ग बिना ढाल
रघुपति राघव राजा राम

जब जब तेरा बिगुल बजा जवान चल पड़े
मज़दूर चल पड़े थे और किसान चल पड़े
हिंदू और मुसलमान, सिख पठान चल पड़े
कदमों में तेरी कोटि कोटि प्राण चल पड़े
फूलों की सेज छोड़ के दौड़े जवाहरलाल
साबरमती के सन्त तूने कर दिया कमाल
दे दी हमें आज़ादी बिना खड्‌ग बिना ढाल
रघुपति राघव राजा राम

मन में थी अहिंसा की लगन तन पे लंगोटी
लाखों में घूमता था लिये सत्य की सोंटी
वैसे तो देखने में थी हस्ती तेरी छोटी
लेकिन तुझे झुकती थी हिमालय की भी चोटी
दुनिया में भी बापू तू था इन्सान बेमिसाल
साबरमती के सन्त तूने कर दिया कमाल
दे दी हमें आज़ादी बिना खड्‌ग बिना ढाल
रघुपति राघव राजा राम

जग में जिया है कोई तो बापू तू ही जिया
तूने वतन की राह में सब कुछ लुटा दिया
माँगा न कोई तख्त न कोई ताज भी लिया
अमृत दिया तो ठीक मगर खुद ज़हर पिया
जिस दिन तेरी चिता जली, रोया था महाकाल
साबरमती के सन्त तूने कर दिया कमाल
दे दी हमें आज़ादी बिना खड्ग बिना ढाल
साबरमती के सन्त तूने कर दिया कमाल
रघुपति राघव राजा राम

गरिमामयी वेला

एक-एक क्षण का महत्त्व हैं, हम सक्रिय हो जायें।
गुरु की जन्म शताब्दी को हम गरिमापूर्ण बनाये।

पहले स्वयं आत्मबल अर्जित करें साधनाओं से,
करना हैं संघर्ष धैर्य से हमको बाधाओं से,
गुरु के आदर्शों के हम हो अति उत्कृष्ट नमूना,
रहे न कोई कोना अपना, गुरु प्रभाव से सूना,

ब्रम्हवाक्य जैसे सूत्रों को जीवन में अपनायें।
गुरु की जन्म शताब्दी को हम गरिमापूर्ण बनाये।

प्रामाणिक बन नगर-गाँव , घर-घर हमको जाना हैं,
जन-जन तक सन्देश युगपुरुष का फिर पहुँचाना हैं,
जनसाधारण या विशिष्ट जन हो, सब तक जायेंगे,
गुरु के तप का निज वाणी में हम प्रभाव पाएंगे,

तम के हर घेरे तक पहुँचें उनकी दिव्य प्रभाएँ।
गुरु की जन्म शताब्दी को हम गरिमापूर्ण बनाये।

परिचित होंगे तो आकर्षण उनके प्रति जागेगा,
प्रश्न-तर्क होंगे, प्रबुद्धजन फिर प्रमाण माँगेगा,
जन-जन को समझाने की सरलीकृत पद्धति होगी,
किन्तु मनीषी जन के लिए पृथक ही प्रस्तुति होगी,

इसके लिए निरन्तर अपनी हम पात्रता बढा़एँ।
गुरु की जन्म शताब्दी को हम गरिमापूर्ण बनाये।

समय बहुत थोड़ा हैं लेकिन काम बहुत भारी हैं,
ध्वंस हो रहा किंतु सृजन-अभियान सतत जारी हैं,
यदि संकल्पित होंगे हम, विश्वास न डिग पायेगा,
गुरु से साहस तथा शक्ति फिर हर परिजन पाएगा,

परिवर्तन की इस वेला में मिलकर कदम बढा़एँ।
गुरु की जन्म शताब्दी को हम गरिमापूर्ण बनाये।

-शचीन्द्र भटनागर अखण्ड ज्योति अगस्त 2008 

"धन्य हैं वे"



धन्य हैं वे धडकने, सतनाम गुरु का जो जपें।
धन्य हैं वे लेखनी, गुणगान गुरु का जो लिखें।।

प्राण में गुरुतत्त्व की, गुरुता मचलती ही रहे।
कर्म में सदगुरु की, गरिमा उछलती ही रहें।।
आचरण वे धन्य, गुरु आदर्श जो धारण करें।
धन्य हैं वे धडकने, सतनाम गुरु का जो जपें।

ज्ञान के हैं सिन्धु सदगुरु, ज्ञान के हम बिन्दु हों।
चंद्र से हैं सौम्य सद्गुरु, शान्ति के हम इंदु हों।।
ज्ञान का आलोक बांटे , हम सुधा जैसा झरें।
धन्य हैं वे धडकने, सतनाम गुरु का जो जपें।

छलछलाता भाव-संवेदन, भरे हैं सदगुरु।
दुखी जन पर, द्रवित करुणा-सा झरे हैं सदगुरु।।
भाव-मरहम लगा, रिसते घाव दुखियों के भरे।
धन्य हैं वे धडकने, सतनाम गुरु का जो जपें।

मनुजता पीड़ित हुई हैं, मनुज के व्यवहार से।
सतत उठती जा रही संवेदना, संसार से।।
मानवीय संवेदना का, स्वर्ग हम सर्जित करें।
धन्य हैं वे धडकने, सतनाम गुरु का जो जपें।

मंगलविजय ‘विजयवर्गीय’
अखण्ड ज्योति नवम्बर २००५

उम्मीदों के दीप जला

दूर अँधेरा-मन का कर दे,
आशाओं के-दीप-जला।
उल्लासों से जीवन भर दे,
जिज्ञासा के-दीप-जला।
दिल की दुनियाँ रोशन होगी,
उम्मीदों के-दीप-जला।।

अंधयारे की घडी न स्थिर,
पल पल जाने वाली है।
कहाँ अँधेरा अमां रात का,
चहुँ देख उजियाली है।
छोड हताशा और निराशा,
विश्वासों के दीप-जला।
दिल की दुनियाँ रोशन होगी,
उम्मीदों के दीप-जला।।

मन के जीते-जीत उसी का,
नाम भला है खुशहाली।
समृद्धि की शाम उसी का,
नाम भला है दीवाली।
समृद्धि -पैगाम-समझ के-
आभासों के दीप जला।
दिल की दुनियाँ रोशन होगी,
उम्मीदों के दीप-जला।।

विश्वासों की ऊर्जा मन में,
हृदय दीप प्रज्वलित कर।
मुस्कानों को मीत बना ले,
हुलसित हृदय प्रफुल्लित कर।
उजालों के धनी-प्रणेता,
आभाओं के दीप-जला।
दिल की दुनियाँ रोशन होगी,
उम्मीदों के दीप-जला।।

घर-आँगन मुंडेर द्वार पे,
हो आलोक-उजालों का।
मन के सूने गलियारों में,
भर दे रंग-उजालों का।
आत्मा ज्ञान-प्रज्ञा के मन में
प्रभाओं के दीप-जला।
दिल की दुनियाँ रोशन होगी
उम्मीदों के दीप-जला।।

खुद दीपक बन-जला नहीं-
उसको जीवन मिला नहीं।
बिना जले जो करे उजाला,
ऐसा दीपक-जला नहीं।
हृदयाकाश-आलोकित हो,
ताराओं से दीप-जला।
दिल की दुनियाँ रोशन होगी,
उम्मीदों के दीप-जला।।

--रामगोपाल राही

युगानुरुप परिवार


विश्व भर में हैं हमारा पारिवारिक संगठन,
हो उसी अनुरुप घर-परिवार का वातावरण।

हो गया अब तों मिशन का व्योम-सा विस्तार हैं,
विश्व के हर छोर को छूता विषद परिवार हैं,
यत्न हो अपना कि घर में भी जटिल शैली न हो,
दृष्टि सबकी स्वच्छ हो, दिग्भ्रांत मटमैली न हो,

धैर्यपूर्वक हम करें हर प्रश्न -शंका का शमन।
हो उसी अनुरुप घर-परिवार का वातावरण।

विश्व-मन में आस्था फिर आज अंकुराने लगी ,
अब विधेयात्मक पुन: होने लगी हैं जिंदगी,
उस सुखद वातावरण की सृष्टि घर में भी करें,
भावना संवेदना-सहकार की, सबमें भरें ,

हो घरों में भी उसी निर्दिष्ट पथ का अनुसरण।
हो उसी अनुरुप घर-परिवार का वातावरण।

विश्व के परिवार का लघु रुप घर परिवार हो,
हो सहज सामीप्य सब में, आत्मवत् व्यवहार हो,
हो नहीं संकीर्णता, सबकी सुविस्तृत सोच हो,
दोष-स्वीकृति में किसी को भी नहीं संकोच हो,

हो सरल, विश्वास -आधारित परस्पर आचरण।
हो उसी अनुरुप घर-परिवार का वातावरण।

हर सुखद परिवार हो ऐसा, कि ज्यों उद्यान हो,
वृक्षवत् सुंदर सुगढ़ व्यिक्तत्व का निर्माण हो,
हर विटप को संस्कृति से यूँ सतत पोषण मिले,
वह न झंझावात के आघात से तिल भर हिले,

हो न पाए फिर वहां कोई विषेला संक्रमण।
हो उसी अनुरुप घर-परिवार का वातावरण।

उस विषद परिवार का प्रत्येक घर आदर्श हो,
कुप्रथाओं से सभी का संगठित संघर्ष हो,
शान्ति हो, संतोष हो, मन हो न कोई क्लेश में,
हो सहज शालीनता व्यवहार, वाणी, वेश में,

आधुनिकता हो वहां , पर हो न कृत्रिम आवरण।
हो उसी अनुरुप घर-परिवार का वातावरण।

अखण्ड ज्योति दिसम्बर २००७

LinkWithin

Blog Widget by LinkWithin